सोफिया स्कूल तिराहे पर हादसा, तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार को रौंदा, युवक की मौके पर ही मौत
सोफिया स्कूल तिराहे पर हादसा


बीकानेर, 26 अगस्त । बीकानेर के जय नारायण व्यास (जेएनवी) कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित सोफिया स्कूल तिराहे पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नापासर से बीकानेर आ रही एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित बस ने तिराहे पर खड़े एक बाइक सवार को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।


गोस्वामी चौक निवासी श्रेयांश के रूप में हुई पहचान


सूचना मिलते ही जेएनवी कॉलोनी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मृतक की पहचान गोस्वामी चौक (कोतवाली थाना क्षेत्र) निवासी श्रेयांश गोस्वामी (पुत्र श्री रामकृष्ण) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, श्रेयांश सोफिया तिराहे के पास अपनी मोटरसाइकिल के साथ खड़ा था, तभी नापासर रूट की बस ने उसे कुचल दिया।
पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू की
घटना के बाद चौराहे पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कराया और दुर्घटनाकारित बस को जब्त कर थाने पहुंचाया।
पुलिस ने बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक के परिजनों को सूचित किया गया, जिसके बाद गोस्वामी चौक इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
