चेन्नई में 14 स्थानों पर गूंजा अणुव्रत गीत महासंगान, 3000 से अधिक छात्र व प्रबुद्धजन हुए शामिल
चेन्नई में 14 स्थानों पर गूंजा अणुव्रत गीत महासंगान, 3000 से अधिक छात्र व प्रबुद्धजन हुए शामिल



- अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह का शुभारंभ
चेन्नई, 01 अक्टूबर । अणुव्रत विश्व भारती सोसायटी के तत्वावधान में अणुव्रत समिति, चेन्नई द्वारा ‘अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह’ का गरिमामय शुभारंभ किया गया। इसके प्रथम दिवस गुरुवार (1 अक्टूबर) को अणुव्रत प्रेरणा दिवस एवं अणुव्रत गीत महासंगान का भव्य आयोजन चेन्नई महानगर के 14 विभिन्न स्थानों पर एक साथ किया गया।


मुनिश्री पुलकितकुमारजी व साध्वी उदितयशाजी का मिला पावन सान्निध्य


मुख्य मंचीय कार्यक्रम ट्रिप्लिकेन स्थित तेरापंथ भवन में आचार्य श्री महाश्रमण जी के सुशिष्य मुनिश्री डॉ. पुलकितकुमारजी ठाणा-2 तथा किलपॉक डोसी हाउस में साध्वीश्री उदितयशाजी ठाणा-4 के पावन सान्निध्य में आयोजित हुए।
मुनिश्री डॉ. पुलकितकुमारजी ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में कहा कि अणुव्रत जन-जन में चरित्र का निर्माण करता है। पूज्य गुरुदेव आचार्य तुलसी द्वारा 78 वर्ष पूर्व प्रवर्तित यह आंदोलन गरीब की झोपड़ी से लेकर राष्ट्रपति भवन तक हर वर्ग को संयम और नैतिकता से जोड़ता है। साध्वीश्री उदितयशाजी ने कहा कि अणुव्रत आचार संहिता को जीवन में अपनाने वाले व्यक्ति का वर्तमान और भविष्य दोनों ही सुंदर व सुव्यवस्थित बनते हैं।
12 विद्यालयों में सामूहिक गीत महासंगान, 3000 से अधिक सहभागिता
ट्रिप्लिकेन और किलपॉक के अलावा महानगर के 12 प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों—तेरापंथ जैन विद्यालय पट्टालम, तेरापंथ जैन विद्यालय साहूकारपेट, आचार्य महाश्रमण जैन तेरापंथ पब्लिक स्कूल माधावरम, मोतीलाल फोमरा बॉयज स्कूल, बाल निकेतन, सनातन धर्म स्कूल, मांगी कंवर स्कूल, मुंगीबाई विद्यालय, सुराणा स्कूल, जेटीसी विद्यालय, गणेशीबाई स्कूल एवं श्री राम विद्या मंदिर में अणुव्रत गीत महासंगान का सामूहिक गान हुआ। इसमें 3000 से अधिक छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, विद्यालय प्रबंधकों व श्रावक समाज ने अपनी सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के प्रारंभ में अध्यक्षा सुभद्रा लुणावत ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए अणुव्रत की महत्ता बताई। मंत्री कुशल बांठिया ने आचार संहिता का वाचन किया तथा उपाध्यक्ष स्वरूप चंद दांती ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर सहमंत्री कमल सामसुखा, परामर्शक गौतमचंद सेठिया, महेंद्र मांडोत, संतोष धारीवाल, अशोक खतंग, मंगलचंद डुंगरवाल, मनोज डुंगरवाल, हेमंत माल, मंजू गेलड़ा सहित बड़ी संख्या में समिति सदस्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
