बीकानेर के सरकारी समाचार

बीकानेर के सरकारी समाचार
STBA 5 JUNE 2026
quicjZaps 15 sept 2025
खमत खामणा
  • प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के लिए 7 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित

बीकानेर,1 अक्टूबर। राजस्थान अनुसूचित जाति, जनजाति वित्त एवं विकास सहकारी निगम लिमिटेड (अनुजा निगम) द्वारा प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत 7 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

अनुजा निगम के परियोजना प्रबंधक श्री एल.डी. पंवार ने बताया कि नगरीय निकाय संस्थानों के माध्यम से नगर निगम तथा नगर पालिका देशनोक, नोखा, श्रीडूंगरगढ़, खाजूवाला, नापासर एवं लूणकरणसर में योजना के आवेदन पत्र भरवाए जाएंगे। योजना के तहत अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र व्यक्तियों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे।

pop ronak

उन्होंने बताया कि समाज कल्याण सप्ताह के तहत 7 अक्टूबर तक प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के आवेदन-पत्र आवश्यक दस्तावेजों सहित पूर्ण करवाए जाएंगे। प्राप्त आवेदन पत्रों को स्वीकृति के लिए संबंधित बैंकों को भिजवाए जाएंगे।

योजना के तहत आवेदन करने वाला व्यक्ति राजस्थान का मूल निवासी एवं अनुसूचित जाति वर्ग का सदस्य होना आवश्यक है। आवेदक की आयु 18 से 60 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। आवेदक पर किसी बैंक अथवा सरकार का ऋण बकाया नहीं होना चाहिए। योजना के तहत अधिकतम 50 हजार रुपए तक की अनुदान राशि स्वीकृत की जाएगी। योजना के लिए वार्षिक आय की कोई सीमा निर्धारित नहीं है।

उन्होंने बताया कि जिला कार्यालय में भी 7 अक्टूबर तक आवेदन पत्र भरवाए जाएंगे। इच्छुक पात्र आवेदक आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यालय में संपर्क कर योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
====
आयुर्वेद चल चिकित्सा शिविर 22 अक्टूबर से

बीकानेर,1 अक्टूबर। राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान द्वारा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में अनुसूचित जाति बाहुल्य क्षेत्रों के लोगों को निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से 22, 23 एवं 24 अक्टूबर को एससी आयुर्वेद चल चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे।

शिविरों में जरूरतमंद लोगों को चिकित्सकीय परामर्श के साथ आवश्यक आयुर्वेदिक औषधियां निःशुल्क उपलब्ध करवाई जाएंगी।

कार्यक्रम के अनुसार 22 अक्टूबर को भरुपावा, 23 अक्टूबर को गीगासर तथा 24 अक्टूबर को पेमासर में शिविर आयोजित होगा। शिविर में आने वाले मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यकतानुसार आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के माध्यम से उपचार एवं औषधियां उपलब्ध करवाई जाएंगी।

शिविर के सुचारू संचालन के लिए संविदा चिकित्सक डॉ. पवन कुमार शर्मा को शिविर प्रभारी नियुक्त किया गया है। शल्य तंत्र विभाग के डॉ. सुनील एवं डॉ. वैशाख तथा श्री तिलक राज शर्मा भी शिविर में सेवाएं प्रदान करेंगे। शिविर स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए सुरक्षा प्रहरी की तैनाती भी रहेगी।

इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करने वाले अनुसूचित जाति के लोगों को उनके नजदीकी क्षेत्र में ही आयुर्वेद चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। साथ ही जरूरतमंद लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक औषधियों का लाभ भी मिलेगा।
====
राजस्थान संपर्क पोर्टल की समीक्षा बैठक 5 अक्टूबर को

बीकानेर, 01 अक्टूबर। राजस्थान संपर्क पोर्टल पर लंबित एवं निस्तारित प्रकरणों की समीक्षा को लेकर जिला कलेक्टर श्री निशान्त जैन की अध्यक्षता में 5 अक्टूबर को प्रात : 11 बजे जिला कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की जाएगी।

लोक सेवाएं, प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग की सहायक निदेशक श्रीमती सुमन शर्मा ने बताया कि बैठक में जिले के समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों, उपखंड स्तरीय अधिकारियों, तहसीलदारों, विकास अधिकारियों एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि बैठक में राजस्थान संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उनका निर्धारित समयावधि में निस्तारण सुनिश्चित करने पर चर्चा होगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रकरणों के निस्तारण की प्रगति रिपोर्ट के साथ बैठक में उपस्थित हों।
निर्देशों के अनुसार कोई भी प्रकरण सात दिवस से अधिक समय तक लंबित नहीं रखा जाए। निर्धारित समय पर प्रकरणों का निस्तारण नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की जाएगी।
====
समाज कल्याण सप्ताह के दूसरे दिन सर्वधर्म प्रार्थना एवं अन्य गतिविधियों का होगा आयोजन
बीकानेर, 1 अक्टूबर। जिले में 1 से 7 अक्टूबर तक समाज कल्याण सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान समाज के वंचित, गरीब, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग, वयोवृद्ध, महिलाओं, बच्चों तथा विशेष योग्यजनों को कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करना और सामाजिक कुरीतियों-बाल विवाह, दहेज प्रथा, मृत्यु भोज और नशाखोरी के विरुद्ध जनचेतना जागृत करना है।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक श्री मनोज कुमार ने बताया कि इस कड़ी में दूसरे ​2 अक्टूबर को अनुसूचित जातियों के कल्याण दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन गांधी पार्क में प्रातः 8 बजे महात्मा गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया जाएगा और स्वच्छ भारत अभियान के तहत छात्रावासों में स्वच्छता अभियान, अस्पृश्यता निवारण पर गोष्ठी तथा बस्तियों में बिजली-पानी की समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा।
====

मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव शुक्रवार को

जिला स्तरीय उत्सव में जिले के नवचयनित 235 कार्मिकों को मिलेंगे नियुक्ति पत्र

बीकानेर,1 अक्टूबर। मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव का जिला स्तरीय कार्यक्रम शुक्रवार को प्रातः 11 बजे से रवींद्र रंगमंच पर आयोजित होगा।

उत्सव के राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा विभिन्न विभागों में नवचयनित कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे। मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से रवींद्र रंगमंच पर किया जाएगा।

जिला कलेक्टर श्री निशान्त जैन ने समारोह के सफल आयोजन के लिए विभिन्न अधिकारियों को निर्देशित किया है। जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे को नोडल अधिकारी तथा अतिरिक्त जिला कलेक्टर (नगर) श्रीमती रीना छींपा एवं पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक श्री बिरमाराम को सहायक नोडल आधिकारिक नियुक्त किया गया है। रोजगार उत्सव के लिए नोडल विभाग पशुपालन विभाग को बनाया गया है। जिला कलेक्टर ने सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
====
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर शतायु मतदाता रामप्यारी का सम्मान

98 वर्षीय सरजु देवी और 97 वर्षीय चांदमल सोनी को भी किया सम्मानित

बीकानेर, 1 अक्टूबर। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिला परिषद में शतायु एवं वरिष्ठ मतदाताओं का स्वीप टीम द्वारा सम्मान किया गया। इस अवसर पर पटेल नगर निवासी 101 वर्षीय शतायु मतदाता श्रीमती रामप्यारी, 98 वर्षीय मतदाता श्रीमती सरजु देवी तथा 97 वर्षीय मतदाता श्री चांदमल सोनी को सम्मानित कर उनके लोकतांत्रिक योगदान को सराहा गया।

जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं स्वीप प्रभारी श्रीमती शैलजा पांडे, स्वीप सह प्रभारी एवं जिला जनसंपर्क अधिकारी श्री सुरेश बिश्नोई तथा स्वीप टीम के सदस्यों जिला समन्वयक श्री प्रशांत जोशी, सह समन्वयक श्री गोपाल जोशी, श्री हरिहर राजपुरोहित, श्री दीपक जोशी एवं श्री पवन कुमार जोशी ने वरिष्ठ मतदाताओं का सम्मान किया।

इस दौरान 101 वर्षीय शतायु मतदाता श्रीमती रामप्यारी को माला, प्रशस्ति पत्र एवं साड़ी भेंट कर सम्मानित किया गया। इसी प्रकार 98 वर्षीय मतदाता श्रीमती सरजु देवी को माला, प्रशस्ति पत्र एवं साड़ी तथा 97 वर्षीय मतदाता श्री चांदमल सोनी को माला, प्रशस्ति पत्र एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत बनाएं

सम्मानित शतायु मतदाता श्रीमती रामप्यारी, श्रीमती सरजु देवी एवं श्री चांदमल सोनी ने कहा कि पात्र मतदाताओं को प्रत्येक चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए मतदान करने में कभी कोताही नहीं बरतनी चाहिए।

जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं स्वीप प्रभारी श्रीमती शैलजा पांडे ने कहा कि वरिष्ठ मतदाताओं ने लंबे समय से अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनका मतदान के प्रति समर्पण एवं जागरूकता सभी के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों का सम्मान समाज की जिम्मेदारी है और उनके अनुभव एवं लोकतांत्रिक सहभागिता को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है।

इस अवसर पर शतायु मतदाता श्रीमती रामप्यारी के साथ उनके पोते श्री अमित मिश्रा, 98 वर्षीय मतदाता श्रीमती सरजु देवी के साथ उनकी बेटी श्रीमती चिड़िया देवी एवं दोहिते श्री श्रवण राम उपस्थित रहे। वहीं 97 वर्षीय मतदाता श्री चांदमल सोनी के साथ उनके पुत्र श्री गोपाल सोनी, पुत्रवधुएं श्रीमती सुमनलता, श्रीमती कंचन एवं श्रीमती पुष्पा तथा पोते हिमांशु उपस्थित रहे।

===========

प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना की समीक्षा बैठक आयोजित

प्रभारी अधिकारी एवं संयुक्त सचिव, श्रम विभाग, भारत सरकार आशुतोष ए.टी. पेडणेकर ने त्वरित प्रगति के दिए निर्देश

कृषि विज्ञान केंद्र, केंद्रीय शुष्क बागवानी संस्थान, राष्ट्रीय उष्ट्र अनुसंधान केंद्र व राष्ट्रीय अश्व अनुसंधान केंद्र का किया निरीक्षण

बीकानेर, 1 अक्टूबर। प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना की समीक्षा बैठक गुरुवार को आत्मा सभागार, कृषि भवन में प्रभारी अधिकारी एवं संयुक्त सचिव, श्रम विभाग, भारत सरकार आशुतोष ए.टी. पेडणेकर की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

सहायक निदेशक, उद्यान विभाग मुकेश गहलोत ने बताया कि विगत वर्ष बीकानेर जिले का चयन प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के तहत किया गया है। कम फसल उत्पादकता, मध्यम फसल सघनता एवं कम ऋण उपलब्धता के आधार पर देश में चयनित 100 जिलों में बीकानेर को भी शामिल किया गया है।

बैठक में प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के तहत 11 विभागों की 36 योजनाओं की समीक्षा की गई। योजनाओं की प्रगति 73 आउटपुट इंडिकेटर एवं 46 आउटकम इंडिकेटर के आधार पर परखी गई।

प्रभारी अधिकारी एवं संयुक्त सचिव, श्रम विभाग, भारत सरकार आशुतोष ए.टी. पेडणेकर ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने माहवार लक्ष्य निर्धारित करते हुए उनके अनुरूप त्वरित गति से कार्य करने को कहा।

इस दौरान प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना से संबंधित कृषि, उद्यान, पशुपालन, सहकारिता, डेयरी, ग्रामीण विकास एवं लीड बैंक सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके पश्चात प्रभारी अधिकारी एवं संयुक्त सचिव, श्रम विभाग, भारत सरकार आशुतोष ए.टी. पेडणेकर ने प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के तहत कृषि समृद्धि एवं विकास में सहायक भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान से संबंधित विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र, केंद्रीय शुष्क बागवानी संस्थान, राष्ट्रीय उष्ट्र अनुसंधान केंद्र एवं राष्ट्रीय अश्व अनुसंधान केंद्र का निरीक्षण किया।

इस दौरान विभिन्न संस्थानों के प्रभारी अधिकारियों से कृषि एवं कृषक कल्याण से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रभारी अधिकारी एवं संयुक्त सचिव आशुतोष ए.टी. पेडणेकर ने संस्थानों को निर्देश दिए कि किसान की समृद्धि, खुशहाली एवं विकास को ध्यान में रखते हुए अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि संस्थानों द्वारा किए जा रहे अनुसंधान के परिणाम कृषि विस्तार के माध्यम से धरातल पर दिखाई देने चाहिए।

भ्रमण के दौरान सहायक निदेशक, उद्यान विभाग मुकेश गहलोत, सहायक निदेशक, कृषि विभाग सुरेंद्र मारू, अधीक्षण अभियंता देवराज हटीला, कृषि अधिकारी, उद्यान विभाग रमेश भाम्भू सहित संबंधित संस्थानों के प्रभारी अधिकारी एवं वैज्ञानिक उपस्थित रहे।
====
विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत गांधी जयंती पर सामूहिक श्रमदान शुक्रवार को

बीकानेर, 1 अक्टूबर। विकसित भारत जन सेवा अभियान 2026 के तहत गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को नगर निगम द्वारा भ्रमण पथ पर प्रातः 7:30 से 8:30 बजे तक ‘साठ मिनट, एक साथ श्रमदान’ विशेष सामूहिक श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

नगर निगम आयुक्त श्री सिद्धार्थ पलनीचामी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। साथ ही शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। सामूहिक श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता को जनआंदोलन से जोड़ते हुए नागरिकों को अपने आसपास के क्षेत्रों की स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि श्रमदान कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं आमजन सामूहिक रूप से शामिल होंगे। उन्होंने शहरवासियों से कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में भागीदारी करने का आह्वान किया।
====
पंचायती राज जनप्रतिनिधि सम्मेलन एवं संवाद शुक्रवार को

बीकानेर, 1 अक्टूबर। ‘सेवा संकल्प अभियान-जन सेवा ही प्रभु सेवा’ के तहत शुक्रवार को पंचायती राज जनप्रतिनिधि सम्मेलन और संवाद का राज्य स्तरीय आयोजन जयपुर में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के मुख्य अतिथ्य में किया जाएगा।

कार्यक्रम का सीधा प्रसारण तथा जिला स्तरीय कार्यक्रम रवींद्र रंगमंच पर प्रातः 9.30 बजे से शुरू होगा। जहां जिले के पंचायत राज के जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। इस दौरान जिले की समस्त ग्राम पंचायत के प्रशासकों को मुख्यमंत्री की ओर से प्रेषित किया गया बधाई संदेश प्रदान करने के साथ उनका सम्मान किया जाएगा। जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे ने बताया कि जिला कलेक्टर के निर्देश अनुसार इससे जुड़ी समस्त तैयारी को अंतिम रूप दे दिया गया है।
====
राज्य स्तरीय विशेष योग्यजन पुरस्कार के लिए आवेदन आमंत्रित

बीकानेर, 01 अक्टूबर। विशेष योग्यजन निर्देशालय द्वारा प्रतिवर्ष सर्वश्रेष्ठ विशेष योग्यजन एवं विशेष योग्यजनों के क्षेत्र में कार्यरत सर्वश्रेष्ठ व्यक्तियों/संस्थाओं/ कार्यालयों को 3 दिसम्बर को ‘अन्तर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस’ के अवसर पर राज्य स्तरीय विशेष योग्यजन पुरस्कार योजना से सम्मानित किया जाता है।

इस वर्ष भी यह पुरस्कार3 दिसम्बर 2026 को प्रदान किये जायेंगे। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक श्री मनोज कुमार गहलोत ने बताया कि ये पुरस्कार दो श्रेणियां में प्रदान किये जाते है, प्रथम श्रेणी-सर्वश्रेष्ठ विशेष योग्जन व्यक्ति तथा द्वितीय श्रेणी-विशेष योग्यजन के क्षेत्र में कार्य करने वाली सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति, स्वयंसेवी संस्था, कार्यालय, एजेंसिया तथा अन्य हैं।

उन्होंनेे बताया कि आवेदक अपनी श्रेणी के निर्धारित प्रपत्र में भरकर अपने एक फोटोग्राफ (दिव्यांगता दर्शाता हुआ) एवं 40 प्रतिशत या इससे अधिक निःशक्तता का प्रमाण पत्र अवश्य संलग्न करें। आवेदक के विरूद्ध किसी पुलिस थाने एवं न्यायालय मेें कोई आपराधिक प्रकरण लम्बित नहीं हो। निर्धारित आवेदन पत्र के साथ पासपोर्ट साईज फोटो। आवेदन पत्र में आवेदक के हस्ताक्षर एवं समस्त दस्तावेज आवेदक के स्वहस्ताक्षरित होने चाहिये।

उन्होंने बताया कि सभी आवेदक अर्जित की गई विशिष्ठ उपलब्धियों का विवरण आवेदन पत्र में अवश्य अंकित करके एवं विशिष्ठ उपलब्धियों का दस्तावेज भी संलग्न करें। आवेदन पत्र एवं समस्त दस्तावेज स्पष्ट एवं पठनीय हो जो कि स्पाईरल बाइंडिग किया हुआ हो एवं समस्त दस्तावेजों में आवेदक के हस्ताक्षर हो। स्वयंसेवी संस्था की स्थिति में नवीनतम 2 वर्ष की ऑडिट रिपोर्ट व प्रकाशित कराये गये विज्ञापन/लेख भी संलग्न करें। आवेदक का फोटो युक्त व स्थाई पते का कोई पहचान पत्र आवेदन पत्र के साथ लगाना अनिवार्य है।

उन्होंने बताया कि निर्धारित मापदण्ड को पूरा करने वाले अभ्यर्थियों एवं संस्थाओं से आवेदन पत्र संयुक्त निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, चौपडा कटला, रानी बाजार, बीकानेर में प्रस्ताव आमंत्रित किये जा रहे है। इन पुरस्कारों के लिये गाईडलाइन व आवेदन प्रारूप पृथक-पृथक तैयार किये गए है, जिसका पूर्ण ब्यौरा विभाग की वेबसाइट http://www.dsap.rajasthan.gov.in पर भी उपलब्ध है। संबंधित आवेदक कुल 02 श्रेणियों में से एक में (पात्रतानुसार) आवेदन पत्र कार्यालय में 16 अक्टूबर तक जमा करा सकते है। इसके बाद प्रस्ताव स्वीकार नहीं किये जाएंगे।
====
विकसित भारत जन सेवा अभियान: शहरी क्षेत्रों में सेवा सेतु शिविर 8 अक्टूबर से

बीकानेर, 1 अक्टूबर। विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत जिले में 8 से 16 अक्टूबर तक जिले के शहरी क्षेत्रों में सेवा सेतु शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

रसद अधिकारी श्री नरेश शर्मा ने बताया कि शिविरों में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग से जुड़ी विभिन्न सेवाओं और लम्बित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किया जाएगा। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में नाम जोड़ने, ई-केवाईसी, आधार सीडिंग, एलपीजी सीडिंग से संबंधित लम्बित प्रकरणों का समाधान किया जाएगा। उन्होंन प्रवर्तन निरीक्षकों और राशन डीलरों को निर्देशित किया है कि वे संबंधित क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करें जिससे अधिक से अधिक पात्र लाभार्थी इन शिविरों का लाभ उठा सकें। साथ ही, सभी उचित मूल्य दुकानदारों को भी अपने-अपने क्षेत्रों के शिविरों में उपस्थित रहने के लिए पाबंद किया गया है।

=========