बीकानेर के सरकारी समाचार 

bikaner govt news बीकानेर के सरकारी समाचार
shreecreates
quicjZaps 15 sept 2025
STBA 5 JUNE 2026
  • 12 वर्ष विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के’ विषयक तीन दिवसीय प्रदर्शनी का हुआ उद्घाटन
  • प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने स्थापित किए नए कीर्तिमानः विधायक  जेठानंद व्यास
  • अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी और लाभः संभागीय आयुक्त 
बीकानेर, 12 जून। केन्द्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित तीन दिवसीय प्रदर्शनी ‘12 वर्ष विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के’ का उद्घाटन शुक्रवार को सूचना केन्द्र परिसर में हुआ।
जिला प्रशासन तथा सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि बीकानेर (पश्चिम) विधायक  जेठानंद व्यास थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संभागीय आयुक्त  विश्राम मीणा ने की। समारोह में अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन)  उम्मेद सिंह रतनू,  श्याम पंचारिया तथा श्रीमती सुमन छाजेड़ भी अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
इस अवसर पर विधायक  जेठानंद व्यास ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। पिछले बारह वर्षों में देश तेजी से प्रगति के पथ पर आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री  भजन लाल शर्मा की अगुवाई में ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं। क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ अत्याधुनिक सुविधाएं बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से देश और प्रदेश की विकास यात्रा को बेहतरीन तरीके से प्रदर्शित किया गया है।
संभागीय आयुक्त ने कहा कि आमजन तक केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी तथा इनका लाभ पहुंचे, इसके मद्देनजर ऐसे आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। उन्होंने कहा कि इसमें अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी के प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों से भी सरकार की योजनाओं की जानकारी, जन-जन तक पहुंचाई जाए।
 श्याम पंचारिया ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में प्रत्येक वर्ग के कल्याण से जुड़ी योजनाएं और कार्यक्रम संचालित हो रही हैं। ऐसे आयोजनों से इनका प्रभावी प्रचार-प्रसार होता है। श्रीमती सुमन छाजेड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री  भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में जनकल्याण की नई इबारत लिखी गई है। उन्होंने कहा कि आज प्रत्येक क्षेत्र में समान गति से विकास हो रहा है। अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन)  उम्मेद सिंह रतनू ने कहा कि ग्रामीण और शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से राज्य सरकार के निर्देश के अनुसार आमजन के लंबित कार्य कर उन्हें राहत प्रदान की जाएगी।
जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक  हरि शंकर आचार्य ने बताया कि जनसंपर्क विभाग के निर्देशानुसार यह प्रदर्शनी 14 जून तक प्रतिदिन प्रातः 10 से सायं 6 बजे तक आमजन के अवलोकनार्थ खुली रहेगी। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में लगभग सौ बैनर्स के माध्यम से केन्द्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां प्रदर्शित की गई हैं।
जनसंपर्क अधिकारी  सुरेश बिश्नोई ने आगंतुकों का आभार जताया। इस दौरान  किशन चौधरी, राजेन्द्र भार्गव, जिला परिषद के आईईसी काॅर्डिनेटर  गोपाल जोशी, जनसंपर्क विभाग के अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी  विक्रम सिंह, सहायक प्रशासनिक अधिकारी  बृजेन्द्र सिंह,  परम नाथ सिद्ध,  हेमराज बिजारणिया, राकेश डुकिया,  आनंद सिंह बीदावत सहित अन्य स्टाफ सदस्य, प्रेस प्रतिनिधि और आमजन मौजूद रहे।
=====
  • 30वां राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह 29 जून को जयपुर में
  • 318 करोड़ रुपए का सहयोग देने वाले 154 भामाशाह और 97 प्रेरक होंगे सम्मानित
बीकानेर, 12 जून। शिक्षा विभाग द्वारा 30वां राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह 29 जून को जयपुर के बिड़ला  ऑडिटोरियम  में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान 154 भामाशाहों तथा 97 प्रेरकों का सम्मान किया जाएगा।
प्रारम्भिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने बताया कि राजकीय विद्यालय भवन निर्माण, अतिरिक्त निर्माण, निर्मित भवन, भूमि एवं अन्य भौतिक संसाधन उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण सहयोग कर, शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने वाले दानदाताओं को इस दौरान सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए ज्ञान संकल्प पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इन आवेदनों में से निर्धारित पात्रता अनुसार सम्मान के लिए अंतिम चयन किया गया है।
जाट ने बताया कि एक करोड़ रुपए अथवा इससे अधिक राशि का सहयोग करने वाले 49 दानदाताओं को राज्य स्तर पर शिक्षा विभूषण तथा 30 लाख से 1 करोड़ रुपये से कम तक का सहयोग करने वाले 105 दानदाताओं को शिक्षा भूषण से सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही पचास लाख या इससे अधिक राशि के लिए भामाशाहों को प्रेरित करने वाले प्रेरकों को भी सम्मानित किया जाएगा।
प्रारम्भिक शिक्षा निदेशक ने बताया कि सत्र 2025-26 में इन भामाशाहों द्वारा विभाग को 318 करोड़ रुपए का सहयोग प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि वर्ष 1995 में पहली बार यह आयोजन हुआ और गत वर्ष हुए 29वें भामाशाह सम्मान समारोह तक, प्रदेश के 2 हजार 331 भामाशाहों द्वारा 1155.48 करोड़ रुपए का सहयोग प्राप्त हुआ है।
जाट ने बताया कि 29 जून को प्रदेश के सभी जिलों में जिला स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह आयोजित होंगे। इनमें 1 लाख से 29 लाख 99 हजार 999 तक की राशि का सहयोग करने वाले दानदाताओं तथा 5 लाख से 49 लाख 99 हजार 999 रुपए तक की राशि का सहयोग करने के लिए भामाशाहोें को प्रेरित करने वाले प्रेरकों को सम्मानित किया जाएगा।
====
सुश्री सरोज भटनागर स्मृति सम्मान समारोह 16 जून को

बीकानेर, 12 जून। उद्घोषिका तथा आकाशवाणी की पूर्व कार्यक्रम अधिकारी स्व. सुश्री सरोज भटनागर की 77वीं जयंती के अवसर पर सुश्री सरोज भटनागर स्मृति प्रथम सम्मान समारोह का आयोजन 16 जून को सायं 5 बजे महाराजा नरेंद्र सिंह ऑडिटोरियम में आयोजित होगा।सुश्री सरोज भटनागर स्मृति संस्थान द्वारा आयोजित इस समारोह की अध्यक्षता पूर्व न्यायाधिपति और राज्य मानवाधिकार आयोग के पूर्व अध्यक्ष जस्टिस गोपालकृष्ण व्यास करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में श्रम विभाग के संयुक्त सचिव डॉ. महेंद्र खड़गावत उपस्थित रहेंगे।

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली पांच विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा। सम्मान प्राप्त करने वालों में वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. प्रभा भार्गव, वरिष्ठ रंगकर्मी श्री प्रदीप भटनागर, वरिष्ठ शिक्षाविद डॉ. दीपाली धवन, वरिष्ठ संगीतज्ञ डॉ. अशोक शर्मा तथा वरिष्ठ संगीतज्ञ श्री मोहन लाल शर्मा शामिल हैं।

pop ronak

संस्थान के समन्वयक नंद किशोर सोलंकी ने बताया कि समारोह में शहर के साहित्यकार, कलाकार, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य नागरिक भाग लेंगे।

==============

30 वर्ष पुराना भूमि विवाद सुलझा, किसान को मिली राहत

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत बज्जू खालसा में शुक्रवार को ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 22 विभागों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी ग्रामीणों को दी गई तथा उन्हें एक ही स्थान पर उपलब्ध सरकारी सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान श्यामपुरा (सीकर) निवासी पूर्व सैनिक प्रकाश पुत्र भीवाराम ने बताया कि उसे लगभग 30 वर्षों से भूमि खातेदारी से संबंधित समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। खातेदारी को लेकर वारिसों के बीच सहमति नहीं बनने के कारण मामला लंबे समय से लंबित था। ग्रामीण सेवा शिविर में उपखंड अधिकारी एवं शिविर प्रभारी श्री सांवरलाल रैगर, तहसीलदार श्री मदन सिंह यादव तथा तहसीलदार श्री नितिन पुरोहित द्वारा समझाइश और समन्वय के प्रयास किए गए। इसके परिणामस्वरूप सभी पक्षों की सहमति बनी और 6.2 हेक्टेयर भूमि की खातेदारी प्रदान कर दी गई। वर्षों से चली आ रही समस्या के समाधान पर लाभार्थी ने राज्य सरकार और जन-कल्याण शिविर के प्रति आभार व्यक्त किया।

पीएम सूर्यघर योजना से बिजली बिल हुआ शून्य

बज्जू निवासी जुगल किशोर पुत्र भागीरथ शर्मा ने प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत सोलर कनेक्शन के लिए उपरांत ग्रामीण सेवा शिविर में योजना का लाभ मिलने के बाद उनका बिजली बिल शून्य हो गया है। इतना ही नहीं, अब वे अतिरिक्त बिजली उत्पादन कर उसे विद्युत विभाग को बेचकर आय भी अर्जित कर रहे हैं। स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप इंसेंटिव योजना के तहत इलेक्ट्रिक इंडक्शन चूल्हा भी वितरित किया गया। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ऊर्जा बचत को भी बढ़ावा मिला है। इस योजना का शीघ्र लाभ मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा कहा कि राज्य सरकार को समय-समय पर ऐसे शिविरों का आयोजन करना चाहिए।
======
जिला स्तरीय बैंकर्स समन्वय समिति तथा जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक आयोजित

स्वरोजगार और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए सरकारी ऋण योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए : रतनू

बीकानेर, 12 जून। जिला स्तरीय बैंकर्स समन्वय समिति तथा जिला स्तरीय समीक्षा समिति की मार्च तिमाही की बैठक अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) श्री उम्मेद सिंह रतनू की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।

बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक के एलडीओ गोविंद सिंह, नाबार्ड के डीडीएम अरविंद चाहर, राजस्थान मरुधरा ग्रामीण बैंक के सहायक महाप्रबंधक नवीन साहू, भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य प्रबंधक चतुर्भुज खंडेल एवं राधेश्याम जोशी सहित जिले में कार्यरत सभी बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी और जिला स्तरीय विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

अग्रणी जिला बैंक के मुख्य प्रबंधक लक्ष्मण राम मोडासिया ने जिले में बैंकों की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 31 मार्च 2026 तक जिले में बैंकों की कुल जमा राशि 27,268.60 करोड़ रुपए तथा कुल ऋण 29,630.16 करोड रुपए रहा। जिले का साख-जमा अनुपात 108.66 प्रतिशत दर्ज किया गया।

इस दौरान प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, डॉ भीमराव अंबेडकर राजस्थान दलित आदिवासी उद्यम प्रोत्साहन योजना, विश्वकर्मा युवा उद्यम प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, राजस्थान ट्रेड प्रमोशन पॉलिसी, राजस्थान स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मुख्यमंत्री विशेष योग्यजन स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना, पीएम अजय योजना, जन सुरक्षा अभियान तथा ग्रामीण विकास एवं स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान की गतिविधियों सहित सरकार प्रायोजित विभिन्न योजनाओं की प्रगति समीक्षा की गई।

रतनू ने निर्देश दिए की पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र ऋण उपलब्ध करवाया जाए। स्वरोजगार और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए सरकारी ऋण योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बैंक और विभागों के मध्य बेहतर समन्वय रखने के निर्देश दिए तथा कहा कि इससे जिले में आर्थिक गतिविधियों को और अधिक गति मिल सकती है। उन्होंने सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक शीघ्र पहुंचाने के निर्देश दिए।
===
बराला में आयोजित हुआ ग्रामीण सेवा शिविर, ग्रामीणों के अनेक कार्य हुए हाथोंहाथ

बीकानेर, 12 जून। ग्राम‌ पंचायत बराला में जन कल्याण शिविर के अन्तर्गत ग्रामीण सेवा शिविर-2026 का आयोजन शुक्रवार को किया गया।

शिविर प्रभारी तथा उपखंड अधिकारी श्रीमती दिव्या बिश्नोई एवं तहसीलदार अशोक पारीक द्वारा आमजन की विभिन्न समस्याओं का निस्तारण किया गया। शिविर में कुल 22 विभागों के कार्मिक उपस्थित रहे। इनमें राजस्व, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज आयोजना विभाग, जनस्वास्थ्य अभियानिकी महिला एवं बाल विकास, कृषि विभाग, सांख्यिकी विभाग, पशुपालन, चिकित्सा, आर्युवेद, शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, रसद विभाग के प्रतिनिधि शामिल रहे।

ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज ‌विभाग द्वारा स्वच्छ भारत मिशन अन्तर्गत 50 व्यक्तिगत शौचालयों और 2 सामुदायिक शौचालय आवेदनों की स्वीकृति जारी की गई और नियम 157 के अन्तर्गत निशुल्क पट्टे जारी किए गए। शिविर में 4 जन्म प्रमाण पत्र, 2 मृत्यु प्रमाण पत्र, 1 विवाह प्रमाण पत्र जारी किए गए।

विद्युत विभाग से सम्बन्धित वोल्टेज की समस्या एवं बिजली कटौती से जुड़ी समस्या के सम्बन्ध में उपखण्ड अधिकारी द्वारा सहायक अभियंता एवं कनिष्ठ अभियंता को तीन दिवस में कार्यवाही के निर्देश दिए। अवैध पेयजल कनेक्शन हटाने एवं आपूर्ति सुचारु करने के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए। चिकित्सा विभाग द्वारा क्षय रोगियों को पोषण किट वितरित की गई। वृद्ध पेंशन अंतर्गत 3 प्रकरणों का सत्यापन किया गया। सात आवासों की ऑनलाइन जियोटेग की गई। समाधान शिविर में विकास अधिकारी गोपाराम, सहायक विकास अधिकारी श्री हरीराम और श्री विजय सिंह प्रजापत मौजूद रहे।
====
शहरी सेवा शिविर शुरू : विधायक श्री जेठानंद व्यास ने किया निरीक्षण

बीकानेर, 12 जून। स्वायत्त शासन विभाग के निर्देशानुसार शुक्रवार को नगर निगम मुख्य कार्यालय में शहरी सेवा शिविर 2026 का शुभारंभ किया गया। शिविर का निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलनीचामी द्वारा की गई। शिविर प्रभारी उपायुक्त श्रीमती सुमित्रा बिश्नोई भी इस दौरान उपस्थित रहीं। उन्होंने हेल्प डेस्क पर प्राप्त जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बीकानेर पश्चिम विधायक महोदय जेठानंद व्यास ने शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविरों के दौरान हो रहे कार्यों की समीक्षा की और कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुसार यह प्रयास करें कि शिविरों का अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिले। उन्होंने शिविर के दौरान प्राप्त होने वाले प्रकरणों को समयबद्ध निस्तारित करने के निर्देश दिए।

शिविर के दौरान आमजन को विभिन्न नागरिक सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया तथा प्राप्त आवेदनों का मौके पर ही समाधान किया गया। शिविर में 167 जन्म एवं मृत्यु पंजीयन आवेदन, 14 विवाह पंजीयन आवेदन तथा 47 ईडब्ल्यूएस (EWS) आवेदनों का निस्तारण कर पात्र नागरिकों को प्रमाण-पत्र जारी किए गए। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत 7 लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया, जिससे उन्हें स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। शिविर में नागरिकों को भूमि पट्टों, फायर एनओसी, यूडी टैक्स, भवन निर्माण स्वीकृति सहित विभिन्न नगर निगम सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई।सफाई व्यवस्था से संबंधित शिकायतों का निस्तारण किया गया।
===
पूनरासर में आयोजित हुआ ग्रामीण सेवा शिविर, संभागीय आयुक्त ने किया निरीक्षण

मौके पर मिली राहत, ग्रामीणों के चेहरों पर लौटी मुस्कान

बीकानेर, 12 जून। ग्राम पंचायत पूनरासर में शुक्रवार को ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित हुआ।

संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा ने इसका निरीक्षण किया। इस दौरान प्रार्थी भंवरनाथ ने संभागीय आयुक्त को बताया कि भंवरनाथ, श्रीरामनाथ, देवनाथ, सांवतनाथ, दुर्गनाथ, भैधनाथ और पदमनाथ के नाम पैतृक जमीन का एक ही संयुक्त खाता होने तथा सभी का संयुक्त मालिकाना हक होने के कारण उन्हें कई तकनीकी और व्यावहारिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था और यह मानसिक बोझ बन चुका था।

इस पर संभागीय आयुक्त ने शिविर प्रभारी और उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा तथा तहसीलदार श्रीवर्धन शर्मा को उक्त राजस्व प्रकरण के त्वरित सकारात्मक निस्तारण के निर्देश दिए, इस पर सभी संयुक्त खातेदारों को बुलाकर आपसी समझाइश व खाता विभाजन की सहमति ली गई और खाता विभाजन की कार्यवाही त्वरित मौके पर ही पूर्ण की गई। सिर्फ कुछ घंटों में ही, वो काम जो वर्षों से अटका था, आज कैंप में पूरा हो गया।

इस पर भंवरनाथ सहित समस्त खाता धारकों ने ‘ग्रामीण सेवा शिविर-2026’ शिविर के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का आभार जताया।
===
योग संगम पोर्टल एवं टोल फ्री नंबर पर अधिकाधिक पंजीयन का आह्वान

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने हेतु सामाजिक संगठनों की बैठक आयोजित

टोल फ्री नंबर 1800-315-7008 पर अधिकाधिक पंजीयन करवाने की अपील

बीकानेर, 12 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के सफल आयोजन एवं व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को उप निदेशक आयुर्वेद विभाग कार्यालय में विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 21 जून को डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय योग दिवस समारोह को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता आयुर्वेद विभाग के उप निदेशक एवं अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के जिला नोडल अधिकारी डॉ. पवन कुमार पारीक ने की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने में सामाजिक संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

डॉ. पारीक ने सभी संगठनों से योग दिवस को जनआंदोलन के रूप में मनाने का आह्वान करते हुए कहा कि जिलेभर से बड़ी संख्या में नागरिक, विद्यार्थी, अधिकारी-कर्मचारी एवं सामाजिक संगठन इस आयोजन में भाग लेंगे। उन्होंने सभी संस्थाओं से अपने स्तर पर प्रचार-प्रसार कर अधिकाधिक लोगों को कार्यक्रम से जोड़ने का आग्रह किया।

बैठक में आयुर्वेद विभाग के सहायक निदेशक डॉ. रिडमल सिंह राठौड़ ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के तहत योग संगम पोर्टल पर अधिक से अधिक पंजीयन करवाया जा रहा है। साथ ही 14 जून को आयोजित होने वाले विशेष योग कार्यक्रम एवं गिनीज बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रयास के लिए टोल फ्री नंबर 1800-315-7008 पर अधिकाधिक पंजीयन करवाने की अपील की गई। उन्होंने कहा कि जिले के सभी सामाजिक संगठन, शिक्षण संस्थान एवं आमजन इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

बैठक में उपस्थित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने योग दिवस कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार, प्रतिभागियों की सहभागिता बढ़ाने तथा आयोजन की व्यवस्थाओं में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान योग जागरूकता गतिविधियों, जनसंपर्क अभियान तथा विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए।

बैठक में अतिरिक्त निदेशक आयुर्वेद विभाग संभाग बीकानेर के सहायक निदेशक डॉ. जितेन्द्र सिंह भाटी, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष शेषमा, पतंजलि योग समिति के भवानी शंकर सांखला, पतंजलि योग संस्थान के जयचंद उपाध्याय एवं ऋषिका व्यास, अखिल विश्व गायत्री परिवार के देवेंद्र सारस्वत, ब्रह्माकुमारी के सुशील कुमार शर्मा, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के दिनेश आचार्य, महर्षि पतंजलि योग संस्थान के दीपक शर्मा एवं मोहित राजपुरोहित, महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के योग विभाग के डॉ. हितेंद्र मारू, क्रीड़ा भारती महानगर के भुवनेश पुरोहित, वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय, कोटा के शुभम स्वामी तथा विद्या भारती के नवल किशोर सैनी सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
=======
मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा पॉलिसी अनुदान : हुसैना खातून को मिला संबल

बीकानेर, 12 जून। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार शुक्रवार को ग्राम पंचायत माधोडिग्गी पंचायत समिति में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित हुआ।

शिविर के दौरान पशुपालक श्रीमती हुसैना खातून पत्नी इशाक खां, निवासी 13 केजेडी माधोडिग्गी ने बताया कि एक गाय जो तकरीबन 14 किलो दूध देती थी, अचानक मृत हो गई। उसने बताया कि उसने राज्य सरकार की मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा पॉलिसी में इसका आवेदन किया हुआ था। केम्प से पूर्व ही ग्राम पंचायत एवं पशुपालन विभाग की और से क्लेम की आवश्यक कागजी कार्यवाही करवा ली गई।

इसके मद्देनजर शिविर के दौरान उपखंड अधिकारी और प्रभारी अधिकारी श्री पंकज गढ़वाल ने क्लेम वितरित किया। लाभार्थी श्रीमती हुसैना खातून को राज्य सरकार से बीमा राशि 40 हजार रुपए प्राप्त हुए। श्रीमती हुसैना खातून ने इसके लिए मुख्यमंत्री एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।

==================

sesumo school
sjps