बीकानेर के सरकारी समाचार

बीकानेर के सरकारी समाचार
shreecreates
quicjZaps 15 sept 2025
STBA 5 JUNE 2026

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष श्री अश्वनी विज की अध्यक्षता में बैठक आयोजित

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

बीकानेर, 15 जून। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की बैठक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश श्री अश्वनी विज की अध्यक्षता में सोमवार को न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ आयोजित की गई।

pop ronak

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव तथा अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश श्रीमती मांडवी राजवी ने बताया कि बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा पीड़ित प्रतिकर स्कीम-2011 के अंतर्गत प्राप्त 5 प्रार्थना-पत्रों पर विचार किया गया। इनमें से 4 प्रकरणों में कुल 20 लाख रुपये की अंतिम प्रतिकर राशि स्वीकृत की गई।

उन्होंने बताया कि निःशुल्क विधिक सहायता से संबंधित 38 प्रार्थना-पत्रों पर भी विचार किया गया तथा पात्र आवेदकों को निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान की गई।
=======
सहजन आधारित कृषि प्रणाली किसानों की आय बढ़ाने में बनेगी सहायक: डॉ. सुमंत व्यास

काजरी में नाबार्ड वित्त पोषित तीन दिवसीय कृषक कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

बीकानेर, 15 जून। जिले में सतत एवं आर्थिक विकास के लिए सहजन (मोरिंगा) आधारित कृषि प्रणाली विषय पर तीन दिवसीय कृषक कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ सोमवार को केंद्रीय शुष्क क्षेत्र अनुसंधान संस्थान (काजरी) के क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र में किया गया।

नाबार्ड वित्त पोषित परियोजना के अंतर्गत आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (राजूवास) के कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास, नाबार्ड के डीडीएम श्री अरविंद चाहर तथा संयुक्त निदेशक बागवानी श्री प्रेमाराम ने किया।

इस अवसर पर डॉ. सुमंत व्यास ने कहा कि मोरिंगा एक बहुउपयोगी एवं चमत्कारी वृक्ष है, जिसके बीज, पत्तियां, जड़ें, तना, छाल तथा लकड़ी का उपयोग स्वास्थ्य, औषधि, कृषि, पशुपालन और औद्योगिक क्षेत्रों में किया जाता है। उन्होंने कहा कि सहजन आधारित कृषि प्रणाली किसानों के लिए आय एवं रोजगार के नए अवसर सृजित कर सकती है।

नाबार्ड के डीडीएम श्री अरविंद चाहर ने सहजन को किसानों का सच्चा साथी बताते हुए कहा कि यह फसल आर्थिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बन सकती है। वहीं संयुक्त निदेशक बागवानी श्री प्रेमाराम ने सहजन के औषधीय गुणों और इसकी खेती से भूमि की उर्वरता में होने वाले सुधार की जानकारी दी।

परियोजना के मुख्य समन्वयक डॉ. बीरबल ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में बीकानेर जिले की विभिन्न तहसीलों के 50 किसान भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले प्रत्येक किसान को प्रमाण-पत्र के साथ 1,000 सहजन पौधे निःशुल्क वितरित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि यह परियोजना पिछले दो वर्षों से नाबार्ड के सहयोग से काजरी, बीकानेर में संचालित की जा रही है। अब तक इसके माध्यम से 200 किसानों को दो लाख से अधिक सहजन पौधे निःशुल्क वितरित किए जा चुके हैं। काजरी प्रशासन ने इस परियोजना को जिले के किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।

कार्यक्रम के संचालन एवं आयोजन में काजरी के वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी डॉ. मनोज गोरा, श्री मूल सिंह गहलोत एवं डॉ. सीताराम जाट का विशेष सहयोग रहा।
=======
जिला बाल संरक्षण इकाई की समीक्षा बैठक 22 जून को

बीकानेर, 15 जून। जिला स्तर पर बाल संरक्षण से संबंधित कार्यों की समीक्षा के लिए जिला बाल संरक्षण इकाई की बैठक 22 जून को दोपहर 4 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता जिला कलक्टर एवं जिला बाल संरक्षण इकाई के अध्यक्ष करेंगे।

जिला बाल संरक्षण इकाई एवं बाल अधिकारिता विभाग सहायक निदेशक श्री अरुण सिंह शेखावत ने बताया कि सभी संबंधित विभागों को अपने विभाग की प्रगति एवं कार्यों की सूचना निर्धारित तिथि तक कार्यालय की ई-मेल adicps.bikaner-rj@gov.in पर भिजवाने तथा हार्ड कॉपी कार्यालय में उपलब्ध कराने तथा बैठक में प्रगति रिपोर्ट सहित बैठक में उपस्थित होने कहा गया है। बैठक में बाल संरक्षण योजनाओं, विभागीय कार्यों की प्रगति तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर चर्चा की जाएगी।
=======
मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना से श्रीमती अमीना खातून के परिवार को मिला संबल

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की जन कल्याणकारी भावना तथा राज्य सरकार के आदेशों की पालना में सोमवार को ग्राम पंचायत नौसेरा सामरदा (खाजूवाला) में ग्रामीण सेवा शिविर-2026 का आयोजन किया गया।

शिविर के दौरान श्रीमती अमीना खातून पत्नी मोहम्मद सफिक निवासी नौसेरा सामरदा ने बताया कि उसकी एक गाय जो करीब 15 लीटर दूध देती थी, की अचानक मृत्यु हो गई l।

उसने बताया कि संकट के इस दौर में राज्य सरकार की मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना उसका सहारा बनी। उसने योजना के तहत आवेदन किया हुआ था। उसे इस योजना के तहत मिलने वाली क्लेम राशि की जानकारी थी। इसके मद्देनजर उसने कैंप से पूर्व ही ग्राम पंचायत एवं पशुपालन विभाग को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करवा दिए।

इसके बाद शिविर के दौरान ही शिविर प्रभारी तहसीलदार श्रीमती राजकुमारी विश्नोई ने ‌उसे क्लेम राशि स्वीकृत और प्रदान की। लाभार्थी श्रीमती अमीना खातून को राज्य सरकार से बीमा राशि के रूप में 40 हजार रुपए प्राप्त हुए, जो संकट के दौरान उसका बड़ा सहारा बना।

श्रीमती अमीना खातून ने इसके लिए मुख्यमंत्री और राज्य सरकार का बहुत-बहुत आभार व्यक्त किया।
=====
ग्रामीण सेवा शिविर में सैकड़ों ग्रामीण हुए लाभान्वित, विभिन्न विभागों ने किया समस्या का त्वरित समाधान

बीकानेर, 15 जून। राज्य सरकार के निर्देशानुसार पांचू ब्लॉक की ग्राम पंचायत किशनासर में सोमवार को ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करते हुए जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण किया गया।

शिविर का निरीक्षण पूर्व विधायक श्री बिहारी लाल बिश्नोई तथा श्री कैलाश बिश्नोई द्वारा किया गया। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन कर आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली तथा ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना।

शिविर प्रभारी और सहायक कलेक्टर श्री रवि कुमार, विकास अधिकारी श्री जसवंत सिंह बिश्नोई, नायब तहसीलदार श्री सुरेश डारा, सहायक विकास अधिकारी श्री श्रवण कुमार, ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी श्री सन्दीप कुमार, गिरदावर  नरसी जी, पटवारी श्री बजरंग लाल तथा ग्राम विकास अधिकारी  रामस्नेही सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी इस दौरान उपस्थित रहे।

राजस्व विभाग द्वारा 4 सीमाज्ञान, 3 खाते विभाजन, 13 नामांतरण तथा 13 खातों में शुद्धिकरण की कार्यवाही की गई। रास्तों से संबंधित 2 प्रकरण चिन्हित किए गए, जिनमें से 1 प्रकरण का मौके पर ही निस्तारण किया गया। पंचायती राज विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत द्वितीय किश्त के 16 एवं तृतीय किश्त के 18 भुगतान जारी किए गए। पट्टों के 18 आवेदन प्राप्त हुए तथा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 12 शौचालय स्वीकृतियां जारी की गईं। पशुपालन विभाग द्वारा 37 पशुओं की ओपीडी सेवाएं प्रदान की गईं, 60 पशुओं का टीकाकरण किया गया तथा 110 पशुओं को कृमिनाशक औषधियां वितरित की गईं।

मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत 10 पशुओं का बीमा कर पशुपालकों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान की गई। कृषि विभाग द्वारा 407 कृषकों एवं ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान कर जागरूक किया गया। विद्युत विभाग को 4 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनके निस्तारण हेतु आवश्यक कार्यवाही प्रारम्भ की गई। सार्वजनिक निर्माण विभाग को सड़क मरम्मत संबंधी 1 आवेदन प्राप्त हुआ, जिस पर नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है।

आयोजना विभाग द्वारा 4 नए परिवारों का जनाधार नामांकन किया गया, 16 नए सदस्यों को जनाधार से जोड़ा गया तथा 102 जनाधार अभिलेखों में आवश्यक संशोधन किए गए। 1 जनाधार शिथिलता प्रकरण का निस्तारण किया गया। मृत्यु प्रमाण पत्र में लिपिकीय त्रुटि सुधार हेतु एक प्रकरण जिला स्तर पर प्रेषित कर त्रुटि सुधार किया गया। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री जनधन योजना के 4 आवेदन, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के 3 आवेदन, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के 10 आवेदन तथा अटल पेंशन योजना के 5 आवेदन प्राप्त किए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग को 5 नवीन पात्र परिवारों में आधार सीडिंग की गई, 6 एनएफएसए परिवारों की ई-केवाईसी पूर्ण की गई तथा 7 परिवारों की एलपीजी आईडी मैपिंग की गई। वन विभाग द्वारा 5 पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया गया।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा 101 रोगियों की ओपीडी सेवाएं प्रदान की गईं। 85 व्यक्तियों की एनसीडी स्क्रीनिंग, 5 गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, 3 व्यक्तियों की कैंसर स्क्रीनिंग तथा 10 व्यक्तियों की टीबी स्क्रीनिंग की गई। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 18 लाभार्थियों की केवाईसी की गई तथा 7 आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (च्भ्म्क्) द्वारा जल रिसाव संबंधी प्राप्त 5 प्रकरणों में से 4 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। पेयजल संबंधी 2 प्रकरणों में से 1 का समाधान शिविर स्थल पर ही किया गया। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उनका समाधान किया गया। साथ ही राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़ा गया।

ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से प्रशासन ने सुशासन, पारदर्शिता एवं जनसेवा की भावना को साकार करते हुए ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराईं। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। ग्रामीण सेवा शिविर जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में एक प्रभावी एवं सफल पहल साबित हुआ।
======
ग्रामीण सेवा शिविर बना जनकल्याण का उत्सव, रामूराम के चेहरे पर लौटी मुस्कान

बीकानेर। ग्राम पंचायत सिजंगुरु में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर ग्रामीणों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं रहा। शिविर में सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर अपनी समस्याओं के समाधान के लिए उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। पूरे परिसर में उत्साह, जागरूकता और जनसेवा का वातावरण देखने को मिला।

शिविर का संचालन प्रशासक श्री अजीत सिंह तथा ग्राम विकास अधिकारी श्री कैलाश व्यास के मार्गदर्शन में किया गया। शिविर के दौरान ग्रामीणों को आवास, सामाजिक सुरक्षा, भूमि पट्टा वितरण सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक सहायता प्रदान की गई।

इस शिविर की सबसे प्रेरणादायक कहानी गांव के निवासी रामूराम की रही। वर्षों से भूमि के अधिकार की प्रतीक्षा कर रहे रामूराम को शिविर में भूमि का पट्टा प्रदान किया गया। जैसे ही उन्हें पट्टा मिला, उनके चेहरे पर खुशी साफ झलकने लगी। लंबे समय से संजोया गया सपना पूरा होने पर उनकी आंखों में संतोष और आत्मविश्वास दिखाई दिया। उपस्थित ग्रामीणों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया और उनकी खुशी में सहभागी बने।

रामूराम ने बताया कि भूमि का पट्टा मिलने से उन्हें सुरक्षा और सम्मान का एहसास हुआ है। अब वे अपने परिवार के भविष्य को लेकर अधिक आश्वस्त हैं। उन्होंने राज्य सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीणों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाने का कार्य कर रहे हैं।

शिविर में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति और सक्रिय सहभागिता ने यह साबित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ रही है। यह शिविर केवल योजनाओं की जानकारी देने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि लोगों के जीवन में आशा, विश्वास और विकास का संदेश लेकर आया।

ग्राम पंचायत सिजंगुरु का यह ग्रामीण सेवा शिविर जनसेवा, सुशासन और जनकल्याण का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा, जिसने अनेक ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन की नई राह खोली।
============
ग्रामीण सेवा शिविर-2026ः मंगलवार को विभिन्न स्थानों पर होगा शिविरों का आयोजन

बीकानेर, 15 जून। ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत मंगलवार को विभिन्न ग्राम पंचायतों में शिविरों का आयोजन किया जाएगा। अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) श्री उम्मेद सिंह रतनू ने बताया कि 16 जून को बीकानेर के हुसंगसर और तेजरासर, लूणकरणसर के बढ़ेरण और बालादेसर, श्रीडूंगरगढ़ के जैसलसर और इंदपालसर-गुंसाईसर, कोलायत-हदां के भोलासर और हाडला भाटियान, बज्जू के तेजपूरा, पूगल के सियासर पंचकोसा, छत्तरगढ़ के राणेर, खाजूवाला के 7 पीएचएम तथा नोखा-जसरासर के मुकाम और बन्धडा में शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

====================

जिला कलक्टर ने किया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस फ्लेक्स का विमोचन

”योगा फॉर हेल्दी एजिंग” की थीम पर आयोजित होगा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

21 जून को सुबह 6 से 8 बजे तक डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में होगा जिला स्तरीय आयोजन

प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी होंगे विशेष योग कार्यक्रम

जिले में 2 मई से 20 जून तक 50 दिवसीय “योग दिवस काउंटडाउन” अभियान हो रहा संचालित

बीकानेर, 15 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय मुख्य समारोह के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु जिला कलेक्टर श्री निशान्त जैन ने सोमवार को योग जागरूकता फ्लेक्स का विमोचन किया। इस अवसर पर आयुर्वेद विभाग के उप निदेशक एवं योग दिवस के जिला नोडल अधिकारी डॉ. पवन कुमार पारीक, सहायक निदेशक डॉ. जितेन्द्र सिंह भाटी, सहायक निदेशक डॉ. रिडमल सिंह राठौड़, डॉ इरशाद रफीक, डॉ हरिराम शर्मा उपस्थित रहे। यह आयोजन जिला प्रशासन एवं आयुर्वेद विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जाएगा।

इस अवसर पर जिला कलेक्टर श्री निशान्त जैन ने कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जो समाज को स्वास्थ्य, संतुलन एवं सकारात्मकता से जोड़ती है। उन्होंने जिलेवासियों से परिवार सहित योग कार्यक्रमों में सहभागिता निभाने तथा योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक एवं सामाजिक समृद्धि का भी आधार है।

जिला कलक्टर ने बताया कि जिला स्तरीय समारोह में हजारों योग साधकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों एवं परिवारों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में लगभग सात हजार लोगों के योगाभ्यास की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जा चुके हैं।

”योगा फॉर हेल्दी एजिंग” की थीम पर आयोजित होगा योग दिवस

आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. पवन कुमार पारीक ने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ”योगा फॉर हेल्दी एजिंग” निर्धारित की गई है। इसी थीम के अनुरूप विभिन्न जागरूकता, प्रशिक्षण एवं योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

50 दिवसीय “योग दिवस काउंटडाउन” अभियान

उन्होंने बताया कि जनमानस में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिले में 2 मई से 20 जून तक 50 दिवसीय “योग दिवस काउंटडाउन” अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत जिले के सभी 57 आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) केन्द्रों, सभी तहसील मुख्यालयों तथा जिला मुख्यालय के विभिन्न पार्कों में नियमित योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

डॉ. पारीक ने बताया कि व्यास कॉलोनी सेक्टर-5 स्थित दयानंद पार्क, मुक्ता प्रसाद कॉलोनी के दादा-पोता पार्क, मुरलीधर व्यास कॉलोनी के भैरूजी पार्क तथा योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा केन्द्र, रानी बाजार में आयुर्वेद विभाग के प्रशिक्षित योग विशेषज्ञों द्वारा प्रतिदिन योगाभ्यास करवाया जा रहा है।

प्रातः 6 से 8 बजे तक डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में होगा जिला स्तरीय आयोजन

उन्होंने बताया कि 21 जून को प्रातः 6 से 8 बजे तक डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में जिला स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित होगा। इसके साथ ही जिला मुख्यालय, सभी ब्लॉक (उपखंड) मुख्यालयों तथा ग्राम पंचायत स्तर पर भी योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
======
खारी चारणान में ग्रामीण सेवा शिविर-2026 आयोजित

बीकानेर, 15 जून। ग्राम पंचायत खारी चारणान में सोमवार को ग्रामीण सेवा शिविर-2026 का आयोजन किया गया। शिविर में राजस्व विभाग द्वारा किए जाने वाले खाता विभाजन के संबंध में ग्रामीणों एवं राजस्व टीम द्वारा जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान सह-खातेदार दुर्गाराम पुत्र पेम्पाराम तथा पूर्णाराम एवं परताराम पुत्र मोडाराम द्वारा आपसी सहमति से शिविर में खाता विभाजन हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया। इस आवेदन को पटवारी हलका खारी चारणान एवं भू-अभिलेख निरीक्षक खारी चारणान द्वारा आवश्यक कार्यवाही पूर्ण कर तैयार किया गया तथा तहसीलदार कोलायत रामनारायण जाखड़ एवं उपखण्ड अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया। प्रस्तुत आवेदन पर विचारोपरांत खाता विभाजन के आदेश प्राप्त हुए।
फलस्वरूप राजस्व अभिलेखों में उक्त भूमि का पृथक-पृथक खातों में अंकन किया जा सकेगा। खाता विभाजन होने के उपरांत प्रत्येक खातेदार का अलग खाता होने से उन्हें सरकारी योजनाओं के अंतर्गत अनुदान, ऋण तथा अन्य वित्तीय सहायता प्राप्त करने में सुविधा होगी।
======
गिव अप अभियान ने 84 लाख लोगों की लौटाई मुस्कान, देशभर में हुई सराहना

खाद्य मंत्री श्री सुमित गोदारा ने हजारों लोगों की मौजूदगी में एनएफएसए लाभार्थियों से किया संवाद

श्रीडूंगरगढ़ के 30 हजार से अधिक वास्तविक लाभार्थियों को मिली राहत

बीकानेर, 15 जून। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा ने सोमवार को श्रीडूंगरगढ़ में एनएफएसए के लाभार्थियों से संवाद किया।

पंचायत समिति परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान श्री गोदारा ने कहा कि गिव अप अभियान ने प्रदेश के 84 लाख लोगों की खोई मुस्कान लौटाई है। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की अगुवाई में प्रदेश में चला यह अभियान देशभर के लिए नजीर बना। अभियान के तहत 82 लाख लोगों द्वारा स्वेच्छा से लाभ त्याग करना, देशभर में नजीर है।

गोदारा ने कहा कि घर-घर संपर्क के दौरान यह सामने आता कि अपात्र लोग इस योजना का लाभ ले रहे हैं, जबकि पात्र एवं जरूरतमंद इससे वंचित हैं। नॉर्म्स के अनुसार प्रदेश के 4.46 करोड़ लोगों को ही इसका लाभ दिया जा सकता था। उन्होंने कहा कि इसे ध्यान रखते हुए 1 नवंबर 2024 को यह अभियान शुरू किया और सक्षम लोगों से स्वेच्छा से एनएफएसए का लाभ त्यागने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि अभियान से प्रेरित होकर 56 लाख ने इसका त्याग किया और 29 लाख ने ईकेवाईसी नहीं करवाई।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने एक दशक से अधिक समय के बाद 26 जनवरी 2025 को एनएफएसए पोर्टल चालू किया और अब तक 84 लाख वास्तविक पात्रजनों को लाभ दिया जा सका है। उन्होंने कहा कि इन लाभार्थियों को निःशुल्क इलाज, गैस सिलेंडर सब्सिडी और दुर्घटना में मृत्यु होने की स्थिति में परिजनों को पांच लाख रुपए तक की सहायता मिलेगी।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में दस साल पूर्व चला ऐसा अभियान

गोदारा ने कहा कि दस वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गैस सब्सिडी स्वेच्छा के छोड़ने का अभियान चला। जिसे आमजन का बड़ा समर्थन मिला। गिव अप अभियान को भी आमजन का भरपूर सहयोग मिला है। उन्होंने कहा कि देश के गृह मंत्री श्री अमित शाह ने भी इसकी सराहना की। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों को खाद्य सुरक्षा प्रमाण पत्र प्रदान किए।

जनप्रतिनिधियों में हो सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना

गोदारा ने गत ढाई वर्षों में लूणकरणसर क्षेत्र में हुए विकास कार्यों के बारे में बताया और कहा कि इस अवधि में क्षेत्र में पानी, बिजली, सड़क, चिकित्सा, शिक्षा और पशु चिकित्सा के सहित सात प्रमुख क्षेत्रों में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले ढाई सालों में विधानसभा क्षेत्र, प्रदेश के अग्रणी क्षेत्रों में शामिल होगा। श्री गोदारा ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा होनी चाहिए।

प्रत्येक क्षेत्र में लाभार्थियों से हो रहा संवाद

गोदारा ने कहा कि प्रदेश में चले ऐतिहासिक गिव अप अभियान की सफलता के पश्चात मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों के एनएफएसए लाभार्थियों के साथ संवाद करने के निर्देश दिए हैं। इसकी अनुपालना में अब तक नोखा और खाजूवाला में लाभार्थी सम्मेलन आयोजित किया जा चुका है। भविष्य में अन्य विधानसभाओं में भी इसका आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ में 34 लाख लोगों ने स्वेच्छा से एनएफएसए का लाभ छोड़ा है, जिससे 30 हजार से अधिक पात्र लोगों को योजना से जोड़कर राहत दी गई है।

श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत ने कहा कि गत ढाई वर्षों में क्षेत्र ने विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। क्षेत्र में सड़क, पानी, विद्युत तंत्र सुदृढ़ीकरण सहित आधारभूत सुविधाओं का विकास तेजी से हो रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव में बड़ी संख्या में ट्रांसफार्मर लगे हैं। जिससे विद्युत तंत्र में आमूलचूल सुधार हुआ है।

श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष राम गोपाल सुथार ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मजदूरों, गरीबों, महिलाओं, वृद्धजनों और किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार की अनेक योजनाएं इन वर्गों के लिए चलाई जा रही हैं। पात्र व्यक्ति इनका लाभ उठाएं, उन्होंने शहरी और ग्रामीण सेवा शिविरों में अधिक से अधिक लोगों को पहुंचाने का आह्वान किया।

इस दौरान  जालम सिंह भाटी, रामेश्वर पारीक और छैलू सिंह शेखावत ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में  मानमल शर्मा, विनोद गिरी गुसाई, महेंद्रनाथ तंवर, कानाराम, राजकुमार कस्वा, हेमनाथ जाखड़ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान अनेक लोगों ने मंत्री श्री गोदारा का मालाएं पहनाकर स्वागत किया।

बीकानेर से श्रीडूंगरगढ़ के बीच दर्जनों स्थानों पर हुआ अभिनन्दन

इससे पहले बीकानेर से रवाना होने पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा का रायसर, सेरूणा, झंझेउ, जोधासर और लखासर सहित श्रीडूंगरगढ़ तक दर्जनों स्थानों पर भव्य स्वागत हुआ। बड़ी संख्या में लोगों ने की मंत्री श्री गोदारा की अगवानी की। इनमें सेरूणा से पूर्व सरपंच और प्रशासक रणवीर सिंह, गौरीशंकर स्वामी, श्रीभगवान स्वामी, झंझेउ से भँवर सिंह तंवर, रीडी से बालू राम जाखड़, मुनीराम जाखड़, बादनूं से नवरत्न घिंटाला, लखासर से भंवर सिंह चंद्रावत, गोपालसर से सीताराम बुढ़िया, कुलदीप सारस्वत सहित अनेक जनप्रतिनिधि शामिल रहे।
=====
ग्रामीण सेवा शिविर 2026 : सूरासर ग्रामवासियों को मिली बिजली समस्या से राहत

बीकानेर, 15 जून। ग्राम पंचायत करणीसर भाटियान, पंचायत समिति पूगल में सोमवार को ग्रामीण सेवा शिविर 2026 का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की जनकल्याणकारी भावना के अनुरूप आयोजित इस शिविर में आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया।

शिविर के दौरान सूरासर गांव के ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी दिव्या बिश्नोई को भीषण गर्मी और 48 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच गांव में लंबे समय से बनी हुई कम वोल्टेज की समस्या से अवगत कराया। इस पर उपखंड अधिकारी ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को समस्या के निस्तारण के निर्देश दिए। निर्देशों की पालना करते हुए बिजली विभाग के सहायक अभियंता नरेन्द्र सोनगरा एवं कनिष्ठ अभियंता हरिओम प्रजापत की टीम ने आरडीएसएस योजना के तहत करणीसर भाटियान क्षेत्र में नया फीडर चालू कर ग्रामीणों की वोल्टेज समस्या का मौके पर ही समाधान किया।

इसके साथ ही सूरासर गांव में स्थापित 25 केवीए ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाकर 40 केवीए की गई। बार-बार ट्रांसफार्मर जलने की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ट्रांसफार्मर की अर्थिंग भी करवाई गई। इन कार्यों से विशेष रूप से पडिहारों के मोहल्ले के निवासियों को राहत मिली तथा कम वोल्टेज की समस्या का प्रभावी समाधान हो सका। ग्रामीणों ने शिविर के दौरान ही समस्या के त्वरित समाधान पर राज्य सरकार, प्रशासन और बिजली विभाग का आभार व्यक्त किया।

================

जिला कलेक्टर एवं बीडीए अध्यक्ष ने किया शिविर का निरीक्षण

बीकानेर, 15 जून। जिला कलेक्टर एवं बीकानेर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष श्री निशांत जैन ने सोमवार को प्राधिकरण कार्यालय में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर के कार्यों का अवलोकन किया और राज्य सरकार की मंशा के अनुसार अधिक से अधिक लोगों को राहत प्रदान करने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार शहरी सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। आमजन द्वारा शिविर में उपस्थित होकर पट्टे बनाने की प्रक्रिया एवं दस्तावेजों की जानकारी ली जा रही है। शहरी सेवा शिविर में आम-जन द्वारा प्राधिकरण के पट्टा, नामांतरण, लीज-मनी, भवन निर्माण स्वीकृति, बेचान एवं ऋण अनापत्ति प्रमाण पत्र, उपविभाजन एवं पुनःगठन, 90ए, स्ट्रीट लाइट मरम्मत का कार्य सेवाओं के लिए आवेदन किया जा रहा है।

सोमवार को बीडीए आयुक्त सिद्धार्थ पलनिचामी, श्रीमती सुमन छाजेड़ने भी कैंप का अवलोकन किया गया। उपायुक्त ऋषि सुधांशु पांडे और कुणाल राहड़, तहसीलदार महेंद्र सिंह रतनू, वरिष्ठ सहायक अनिल आचार्य, कनिष्ठ सहायक श्री अलोक सिंह एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
कैंप में कार्यों की प्रगति एवं पट्टा वितरण का कार्य आयुक्त के मार्गदर्शन में उपायुक्त जोन-ए द्वारा आमजन को पट्टों का वितरण किया गया।

शहरी सेवा शिविर में दिनांक 12.06.2026 एवं 15.06.2026 को प्राप्त सेवाओं की रिपोर्ट :-

शहरी सेवा शिविर में पट्टे के कुल 115 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिनकी जाँच शिविर स्थल पर ही प्राधिकरण के अधिकारी/कर्मचारियों द्वारा की जा रही है। प्राप्त आवेदनों में से कुल 86 आवेदनों का निस्तारण किया जा चुका है। भवन निर्माण स्वीकृति के कुल 39 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 33 आवेदनों का निस्तारण कर दिया गया है, नामांतरण के कुल 84 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 68 आवेदनों का निस्तारण कर दिया गया है। बकाया लीज-मनी जमा करवाकर फ्री होल्ड के लिए के कुल 18 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 15 आवेदनों का निस्तारण कर दिया गया है। भू-उपयोग परिवर्तन के कुल 4 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 1 आवेदन का निस्तारण कर दिया गया है, शेष आवेदन प्रक्रियाधीन हैं।
========
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री की मैराथन जनसुनवाई : 6 घंटे चली जनसुनवाई में आए 500 से अधिक प्रकरण

पात्र परिवारों को मौके पर मिला खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ

बीकानेर, 15 जून। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने सोमवार को श्रीडूंगरगढ़ में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ छह घंटे से अधिक समय तक मैराथन जनसुनवाई की। जनसुनवाई के दौरान 500 से अधिक प्रकरण प्राप्त हुए, जिन पर सुनवाई करते हुए मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

मंत्री गोदारा ने कहा कि प्रत्येक नागरिक की समस्या का समयबद्ध समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। जनसुनवाई के दौरान पेयजल, बिजली, सड़क, रास्ता खुलवाने, ट्यूबवेल निर्माण, विद्यालयों एवं चिकित्सा संस्थानों में स्टाफ नियुक्ति सहित विभिन्न जनसमस्याओं से जुड़े प्रकरण प्राप्त हुए।

जनसुनवाई के दौरान विभिन्न कारणों से खाद्य सुरक्षा योजना से वंचित हुए पात्र लाभार्थियों की समस्याओं का भी मौके पर समाधान किया गया। तीन परिवारों को पुनः खाद्य सुरक्षा योजना से जोड़ा गया। भोजास निवासी डूंगर सिंह को मौके पर ही खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ पुनः दिलाया गया। तोलियासर के मोहन राम के राशन कार्ड में तकनीकी कारणों से लंबित ई-केवाईसी प्रक्रिया का समाधान कर पात्रता बहाल की गई। वहीं जोधासर के रामूराम नायक के राशन कार्ड में आधार सीडिंग संबंधी त्रुटि को मौके पर ही ठीक कर खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ पुनः प्रारम्भ कराया गया।

इस दौरान मंत्री गोदारा ने उप जिला अस्पताल, श्रीडूंगरगढ़ की सोनोग्राफी मशीन को अविलंब दुरुस्त करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले के किसी भी चिकित्सा संस्थान में कोई भी जांच मशीन बंद नहीं रहे। सम्बंधित चिकित्सा केंद्र प्रभारी यह सुनिश्चित करें कि कोई जांच मशीन खराब होने पर इसे अविलंब ठीक करवाए अथवा उच्च अधिकारियों को सूचित करें। साथ ही क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

जनसुनवाई में श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) उम्मेद सिंह रतनू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बी.एल. मीणा, उपखंड अधिकारी श्री शुभम शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज, जिला रसद अधिकारी श्री नरेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

===================

अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री आनंद कुमार ने की वन विभाग के विकास कार्यों की समीक्षा

हरियालो राजस्थान अभियान एवं बजट घोषणाओं के लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा करने के दिए निर्देश

बीकानेर, 15 जून। राज्य सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री आनन्द कुमार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बीकानेर संभाग के वन विभाग के जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं, बजट घोषणाओं तथा वन विकास कार्यों की समीक्षा की।

बैठक में हरियालो राजस्थान अभियान, मुख्यमंत्री बजट घोषणाओं एवं विभाग की विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया। अतिरिक्त मुख्य सचिव ने सभी अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने हरियालो राजस्थान अभियान के तहत पौधारोपण लक्ष्यों की समीक्षा करते हुए आगामी मानसून सत्र में व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप पौधारोपण कर आवंटित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही स्थानीय एवं उपयोगी प्रजातियों के अधिकाधिक पौधारोपण तथा उनके संरक्षण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अधिकाधिक पौधारोपण करने तथा आमजन, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं नई पीढ़ी को इस अभियान से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया गया। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य हरित आवरण बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति व्यापक जन जागरूकता विकसित करना है।

बैठक में राज्य सरकार की पंच गौरव योजना की भी समीक्षा की गई। अतिरिक्त मुख्य सचिव ने स्थानीय प्रजातियों के संरक्षण, पर्यावरणीय जागरूकता और जन भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने पर बल दिया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आमजन, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं युवाओं को पर्यावरण संरक्षण अभियानों से जोड़ने के निर्देश दिए।

आनन्द कुमार ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181, संपर्क पोर्टल, अनुकंपा नियुक्तियों के प्रकरणों को संवेदनशीलता के साथ त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए समयबद्ध कार्रवाई की जाए।

वन एवं वन्यजीव संरक्षण गतिविधियों में जनसहभागिता बढ़ाने पर जोर देते हुए उन्होंने विभागीय अधिकारियों को राज्य सरकार द्वारा संचालित ग्रामीण सेवा शिविरों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा आमजन को वन संरक्षण के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने वन भूमि अतिक्रमण एवं अन्य प्रकरणों के त्वरित निस्तारण पर भी विशेष बल दिया।

बैठक में प्रधान मुख्य वन संरक्षक (कार्य आयोजना, वन बंदोबस्त एवं आईएफएस) अनुराग भारद्वाज, बीकानेर संभाग के संभागीय मुख्य वन संरक्षक हनुमाना राम, उपवन संरक्षक हनुमानगढ़ सुरेश कुमार आबूसरिया, उपवन संरक्षक श्रीगंगानगर राकेश दुलार, उपवन संरक्षक चूरू संदीप छलाणी, उपवन संरक्षक बीकानेर जी. वेंकटेश, उपवन संरक्षक आईजीएनपी प्रथम दिलीप सिंह राठौड़, उपवन संरक्षक आईजीएनपी द्वितीय बलराम एवं बीकानेर वन मंडल के सहायक वन संरक्षक डॉ पूजा पंचारिया एवं सहायक वन संरक्षक श्री डूंगरगढ़ सत्यपाल चौधरी सहित संभाग के विभिन्न वन अधिकारियों ने भाग लिया।

sesumo school
sjps