बीकानेर के सरकारी समाचार

बीकानेर के सरकारी समाचार
shreecreates
quicjZaps 15 sept 2025
STBA 5 JUNE 2026
  • बीडीए आयुक्त सिद्धार्थ पलनिचामी ने किया शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण
  • अधिकाधिक लोगों को राहत देने के दिए निर्देश

बीकानेर, 18 जून। बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) आयुक्त श्री सिद्धार्थ पलनिचामी ने गुरुवार को प्राधिकरण कार्यालय में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में संचालित विभिन्न कार्यों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप अधिक से अधिक लोगों को राहत प्रदान करने के निर्देश दिए।

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार शहरी सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में आमजन बड़ी संख्या में पहुंचकर पट्टा निर्माण प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। शिविर के दौरान प्राधिकरण से संबंधित विभिन्न सेवाओं के लिए आवेदन किए जा रहे हैं, जिनमें पट्टा, नामांतरण, लीज मनी, भवन निर्माण स्वीकृति, बेचान एवं ऋण अनापत्ति प्रमाण पत्र, उपविभाजन एवं पुनर्गठन, 90ए तथा स्ट्रीट लाइट मरम्मत संबंधी कार्य शामिल हैं।

pop ronak

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ऋषि सुधांशु पांडे, उपायुक्त कुणाल राहड़, राजस्व निरीक्षक श्रीमती नीतू मीणा, कनिष्ठ अभियंता रामजस पुनिया, एसीपी संजय जनागल, वरिष्ठ सहायक अनिल आचार्य, सूचना सहायक अश्वनी शर्मा, सूचना सहायक महेंद्र सिंह, कनिष्ठ सहायक आलोक सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

शिविर में कार्यों की प्रगति की समीक्षा के साथ-साथ पट्टा वितरण का कार्य भी किया गया। बीडीए आयुक्त सिद्धार्थ पलनिचामी के मार्गदर्शन में उपायुक्त ऋषि सुधांशु पांडे (जोन-ए) एवं उपायुक्त कुणाल राहड़ द्वारा आमजन को पट्टों का वितरण किया गया। उन्होंने शिविर में आने वाले नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
======

  • जिला कलेक्टर ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से की शहरी और ग्रामीण सेवा शिविरों की प्रगति समीक्षा

बीकानेर, 18 जून। जिला कलेक्टर निशान्त जैन ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से शहरी और ग्रामीण सेवा शिविरों की प्रगति की समीक्षा की।

इस दौरान जिला कलेक्टर ने कहा कि शिविर से जुड़े सभी 22 विभागों के अधिकारी शिविरों के प्रति पूर्ण गंभीरता रखें। प्रत्येक विभाग के अधिकारी, प्रतिदिन शिविरों में जाएं और पूरे समय रुकें। उन्होंने कहा कि यह शिविर आमजन की समस्याओं के संपूर्ण समाधान के लिए हैं। ऐसे में यह सुनिश्चित करें कि शिविरों के दौरान और विभागों की पूर्व में दर्ज समस्याओं का समाधान भी हो। शिविरों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी के प्रयास हों। इसके मद्देनजर इनका व्यापक प्रचार-प्रसार हो। उन्होंने कहा कि संपर्क पोर्टल के प्रकरणों और कार्यालयों में प्राप्त होने वाली परिवेदनाओं का निस्तारण भी शिविर अवधि में किया जाए। उन्होंने प्री-कैंप्स गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने कहा कि यह शिविर राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में है। प्रत्येक अधिकारी इसकी गंभीरता समझें।

जिला कलेक्टर ने सभी उपखंडों और विभागों के कार्यों की समीक्षा की। न्यून प्रगति वाले विभागों को गति लाने के निर्देश दिए। फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा की और राज्य एवं जिले के बराबर प्रगति के निर्देश दिए। शहरी क्षेत्र के शिविरों में अधिक से अधिक लोगों को पट्टे जारी करने के लिए निर्देशित किया। पूर्व में प्राप्त पट्टा प्रकरणों का निस्तारण करने, विभाजन, भवन निर्माण स्वीकृति, लीज रिकवरी, खांचा भूमि आवंटन और फायर एनओसी जैसे कार्यों में गति लाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने शहरी सेवा शिविरों की प्रगति पर असंतोष जताया और आगामी दिनों में इनमें गति लाने के निर्देश दिए। शहरी शिविरों के सभी सातों विभागों को भी प्रगति के लिए निर्देशित किया।

जिला कलेक्टर ने कहा कि शिविरों के दौरान विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जाए। शिविरों में मौजूद विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय रखें। आंधी-तूफान के मद्देनजर विद्युत पोल की मरम्मत और दुरुस्तीकरण के कार्य भी प्राथमिकता से किया जाए। प्रत्येक अधिकारी को शिविरों की प्रॉपर रिपोर्टिंग और आगामी शिविरों की प्री-मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने योग दिवस समारोह से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की और ग्राम पंचायत स्तर तक इनका प्रभावी आयोजन करने के निर्देश दिए।  इस दौरान नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलनीचामी, अतिरिक्त कलेक्टर (प्रशासन) उम्मेद सिंह रतनू सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।

================

  • जिला कलक्टर ने ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का किया निरीक्षण
  • अधिक से अधिक लोगों को मिले राहत, प्रत्येक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी करें सतत माॅनिटरिंग

बीकानेर, 18 जून। जिला कलक्टर निशान्त जैन ने गुरुवार को कावनी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर तथा नगर निगम परिसर में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण किया।

इस दौरान जिला कलक्टर ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुसार सेवा शिविरों में आमजन को अधिक से अधिक राहत मिले। कावनी में आयोजित शिविर के दौरान उन्होंने सभी विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों का अवलोकन किया और शिविरों के दौरान इन विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी इन शिविरों में रहें तथा प्रत्येक प्रकरण का न्यायसंगत निस्तारण होने तक शिविरों में बने रहें। उन्होंने कहा कि उच्च स्तर पर इनकी नियमित समीक्षा होती है। इसके मद्देनजर इनमें किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाए।

घुमंतू-अर्द्धघुमंतू परिवारों को वितरित किए पट्टे

शिविर के दौरान जिला कलक्टर ने 14 लाभार्थियों को पट्टे वितरित किए। इनमें 7 पट्टे घुमंतू-अर्द्धघुमंतू श्रेणी के लाभार्थियों को दिए। उन्होंने शत-प्रतिशत स्वयं सहायता समूहों के बैंक खाते खुलवाने के निर्देश दिए और कहा कि प्रत्येक अधिकारी शिविरों को सम्पूर्ण प्राथमिकता और गंभीरता से लें। इस दौरान उपखण्ड अधिकारी सुश्री महिमा कसाना, तहसीलदार नितिश कांत, विकास अधिकारी श्रीमती साजिया तबस्सुम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

नगरीय क्षेत्र में भी आमजन को मिली राहत

नगर निगम में आयोजित शिविर के दौरान जिला कलक्टर ने 1 लाभार्थी को पट्टा, 3 को भवन निर्माण अनुज्ञा पत्र, 2 को फायर एनओसी, 1 को विवाह पंजीयन, 4 को जन्म प्रमाण पत्र सहित अन्य दस्तावेज वितरित किए। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से नन्हें बच्चों को अन्नप्राशन भी करवाया। इस दौरान उन्होने कहा कि शहरी क्षेत्र में भी आमजन को अधिक से अधिक लाभ मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलनीचामी, उपायुक्त श्रीमती दमयंती कंवर, श्रीमती सुमित्रा बिश्नोई सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

जिला स्तरीय पर्यवेक्षण दल गठित, अधिकारियों ने किया निरीक्षण

जिला कलक्टर के निर्देशानुसार शहरी और ग्रामीण सेवा शिविरों के औचक निरीक्षण के लिए चार पर्यवेक्षण दलों का गठन किया गया है। पहले दल में महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय के कुलसचिव यशपाल आहूजा और रोजगार कार्यालय के उपनिदेशक हरगोबिंद मित्तल, दूसरे दल में राजुवास के कुलसचिव पंकज शर्मा और उप रजिस्ट्रार (सहकारी समितियां) कैलाश सोनी, तीसरे दल में सहायक निदेशक (लोक सेवाएं) मुकेश मीना और सहायक आयुक्त, देवस्थान गौरव सोनी तथा चौथे दल में संयुक्त आयुक्त (वाणिज्यिक कर विभाग) कांतिलाल जसोल और राजस्थान प्राच्य विद्या प्रतिष्ठान के नितिन गोयल को शामिल किया गया है।

गुरुवार को श्री यशपाल आहूजा ने नोखा के पारवा में आयोजित ग्रामीण सेवा और नोखा नगर पालिका द्वारा आयोजित शहरी सेवा शिविर, श्री पंकज शर्मा ने सूरजड़ा और श्री मुकेश मीणा ने नगर पालिका श्रीडूंगरगढ़ द्वारा आयोजित शिविरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की।

शुक्रवार को विभिन्न स्थानों पर होंगे शिविर

ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत शुक्रवार को बीकानेर के जयमलसर और पेमासर, लूणकरणसर के जैतपुर और साबणियां, श्रीडूंगरगढ़ के मिंगसरिया और धनेरू, कोलायत-हदां के मण्डाल चारणान और गड़ियाला, बज्जू के ग्रांधी, पूगल के डंडी, छत्तरगढ़ के मोतीगढ़, खाजूवाला के 5 केवाईडी तथा नोखा-जसरासर के चरकड़ा और साधूणा में शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
======

  • नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिलेभर में हो रहे जन-जागरूकता कार्यक्रम

बीकानेर, 18 जून। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिले में 17 से 26 जून तक ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक एलडी पंवार ने बताया कि अभियान के दौरान शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से जागरूकता गतिविधियां की जाएगी। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत प्रथम दिन 17 जून को जिले के प्रमुख कोचिंग संस्थानों में विद्यार्थियों एवं स्टाफ को नशा मुक्त जीवन का संकल्प दिलाया गया।

उन्होंने बताया कि गुरुवार को जिला नशा मुक्ति पुनर्वास केंद्र, बीकानेर की ओर से एम.एन. कोचिंग सेंटर में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।प्रतिभागियों ने नशामुक्ति विषय पर रचनात्मक पोस्टर और प्रभावी स्लोगन प्रस्तुत कर समाज को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।

इस अवसर पर केंद्र के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। साथ ही सभी नर्सिंग विद्यार्थियों को नशा मुक्त भारत के निर्माण हेतु शपथ दिलाकर समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प कराया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी का भरोसा दिलाया। जिला प्रशासन ने अभियान के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखकर विकसित और स्वस्थ भारत के निर्माण का संदेश दिया।

उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत 19 जून को कलक्ट्रेट परिसर से भारत स्काउट एवं गाइड कार्यालय तक नशा मुक्ति जागरूकता साइकिल रैली निकाली जाएगी। 20 जून को शहर के प्रमुख स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों के जरिए नशे के दुष्परिणामों का संदेश आमजन तक पहुंचाया जाएगा।

===============

 

sesumo school
sjps