बीकानेर के सरकारी समाचार
बीकानेर के सरकारी समाचार


- स्वीप अंतर्गत वरिष्ठ नागरिक संवाद से मतदाता जागरूकता गतिविधियों का आगाज
- वृद्धजन भ्रमण पथ पर आयोजित हुआ कार्यक्रम, वरिष्ठ नागरिकों ने ली मतदान की शपथ
बीकानेर, 25 अगस्त। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत स्वीप (सिस्टेमेटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन) गतिविधियों का मंगलवार को वरिष्ठ नागरिक संवाद कार्यक्रम के साथ आगाज हुआ। वृद्धजन भ्रमण पथ पर आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों को मतदान के प्रति जागरूक किया गया तथा उन्हें निष्पक्ष, पारदर्शी एवं स्वतंत्र चुनाव में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदान की शपथ दिलाई गई।


स्वीप प्रभारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद श्रीमती शैलजा पांडे के निर्देशन में स्वीप प्रकोष्ठ एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में स्वीप सह प्रभारी एवं जनसंपर्क अधिकारी सुरेश बिश्नोई तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक एल.डी. पंवार ने वरिष्ठ नागरिकों से स्वयं मतदान करने तथा अपने आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है तथा नगरीय निकाय चुनाव में सभी मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।


वरिष्ठ नागरिक समिति के वाई.के. शर्मा योगी ने उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों को मतदान की शपथ दिलाई। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों ने कहा कि वे स्वयं मतदान करेंगे तथा अपने परिजनों, परिचितों एवं आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करेंगे, ताकि लोकतांत्रिक व्यवस्था को और मजबूती मिले तथा शहर की सरकार का चुनाव निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न हो।कार्यक्रम का संचालन जिला परिषद के आईईसी कोऑर्डिनेटर एवं कार्यक्रम के सह प्रभारी गोपाल जोशी ने किया।
इस दौरान वरिष्ठ नागरिक समिति के वाई.के. शर्मा योगी, सुनील दत्त नांगल, श्याम चारण, श्रीराजेन्द्र भार्गव, शाकिर अहमद, फारूख, देवेश भाटी, सैयद अख्तर, शक्ति नंदन भानोली, इंजीनियर रघुवीर लुहानीवाल, श्रीमती मधुरिमा, शक्ति नंदन भनोत, घनश्याम सर्जन, जगदीश प्रसाद, महावीर पारीक, प्रेम खत्री, गोपाल कृष्ण, लाल चंद लुहानीवाल, भरत तंवर सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।
27 अगस्त को होगा ‘मतदान की मेहंदी’ एवं महिला संवाद कार्यक्रम
स्वीप प्रभारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद श्रीमती शैलजा पांडे ने बताया कि आगामी 27 अगस्त को महिला एवं बाल विकास विभाग तथा महिला अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नगर निगम एवं नगर पालिका क्षेत्रों में स्थित समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों पर प्रातः 11:15 बजे ‘मतदान की मेहंदी’ एवं महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
स्वीप सह प्रभारी एवं जनसंपर्क अधिकारी सुरेश बिश्नोई ने बताया कि जिला मुख्यालय पर यह कार्यक्रम जवाहर स्कूल, भीनासर में प्रातः 11:15 बजे आयोजित होगा। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को मतदान के महत्व से अवगत करवाते हुए उन्हें स्वयं मतदान करने तथा परिवार एवं समाज के अन्य सदस्यों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया जाएगा।
==================
नगरीय निकाय आम चुनाव-2026
लोकसूचना जारी होने के साथ गुरुवार से शुरू होगी नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया
बीकानेर, 26 अगस्त। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की लोकसूचना गुरुवार को जारी होगी। इसके साथ ही नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, जो 31 अगस्त तक चलेगी।नामांकन पत्रों की संवीक्षा 1 सितंबर को होगी। नाम निर्देशन पत्रों की वापसी 3 सितंबर को अपराह्न 3 बजे तक होगी। चुनाव चिन्हों का आवंटन 4 सितंबर को होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री निशान्त जैन ने बताया कि नगर निगम बीकानेर के वार्ड संख्या 1 से 20 के लिए नाम निर्देशन पत्र अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) कार्यालय, वार्ड 21 से 35 के लिए बीकानेर विकास प्राधिकरण के नए भवन, वार्ड 36 से 50 के लिए बीकानेर विकास प्राधिकरण के पुराने भवन, वार्ड 51 से 65 के लिए तहसील कार्यालय तथा वार्ड 66 से 80 के लिए सहायक कलेक्टर (शहर) कार्यालय में प्रस्तुत किए जा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि नगर पालिका नोखा के वार्ड 1 से 25 के लिए उपखण्ड मजिस्ट्रेट कार्यालय नोखा तथा वार्ड 26 से 45 के लिए तहसील कार्यालय नोखा में नाम निर्देशन प्रक्रिया संपादित की जाएगी। नगर पालिका श्रीडूंगरगढ़ में वार्ड 1 से 20 के लिए उपखण्ड मजिस्ट्रेट कार्यालय श्रीडूंगरगढ़ तथा 21 से 40 तक के लिए नाम निर्देशन प्रक्रिया तहसील कार्यालय में संपादित की जाएगी।
इसी प्रकार नगर पालिका लूणकरणसर के वार्ड 1 से 20 तक के लिए उपखण्ड मजिस्ट्रेट कार्यालय तथा 21 से 35 तक के वार्डों की नाम निर्देशन प्रक्रिया तहसील कार्यालय लूणकरणसर में संपादित की जाएग। नगर पालिका देशनोक के वार्ड 1 से 25 के लिए नाम निर्देशन प्रक्रिया कार्यालय नगर पालिका देशनोक में, नगर पालिका नापासर के वार्ड 1 से 25 के लिए नाम निर्देशन प्रक्रिया नगर पालिका कार्यालय नापासर तथा नगर पालिका खाजूवाला के वार्ड 1 से 20 के लिए नाम निर्देशन प्रक्रिया उपखण्ड कार्यालय में संपादित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नाम निर्देशन पत्र 27 अगस्त से 31 अगस्त तक प्राप्त किये जाएंगे। इस दौरान 28 अगस्त को रक्षा बंधन व 30 अगस्त को रविवार का अवकाश होगा। नामांकन पत्र प्रातः 10.30 से दोपहर 3 तीन बजे तक प्राप्त किए जाएंगे।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जिले में दो चरणों में मतदान होंगे। पहले चरण में बीकानेर नगर निगम में 9 सितंबर तथा दूसरे चरण में नोखा, श्रीडूंगरगढ़, देशनोक, नापासर, खाजूवाला और लूणकरणसर नगर पालिका में 11 सितंबर को प्रातः 7 से सायं 6 बजे तक मतदान होंगे। इसके लिए जिले के 656 मतदान केंद्रों तथा 31 सहायक मतदान केंद्रों का निर्धारण किया गया है।
=======
बड़ी कार्यवाही, 1439 किलोग्राम काजू किया सीज
रक्षाबंधन के अवसर पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिले में 1439 किलोग्राम काजू सीज किया गया।
बीकानेर, 26 अगस्त। अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बीकानेर डॉ. पुखराज साध ने बताया कि बुधवार को जयपुर से आए केन्द्रीय दल के खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री अमित शर्मा तथ जिले के खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री श्रवण कुमार वर्मा तथा श्री भानू प्रताप सिंह गहलोत ने बीछवाल क्षेत्र स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में मैसर्स वीआरएल लॉजिस्टिक के गोदाम में प्राप्ति ब्रांड के काजू लेबल में कमी होने के कारण नमूना लेने के पश्चात सीज किया।
उक्त काजू मैसर्स गोपी किशन सुरेश कुमार, फड़ बाजार द्वारा मंगवाया गया था। मैसर्स रूपचंद मोहनलाल की निर्माण इकाई से गुलाबजामुन तथा खोया का नमूना लिया गया। अन्य दल के खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री सुरेन्द्र कुमार एवं श्री राकेश कुमार द्वारा मैसर्स श्री बीकानेर नमकीन भंडार से मीठा मावा तथा काजू कतली का नमूना लिया गया। लिये गये नमूनों को जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भिजवाया जाएगा। जांच रिर्पोट प्राप्त होने पर नियमानुसार अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
