विप्र फाउंडेशन के संस्थापक संयोजक सुशील ओझा के साथ संगठनात्मक बैठक में शिक्षा और संस्कारों पर हुआ मंथन
विप्र फाउंडेशन के संस्थापक संयोजक सुशील ओझा के साथ संगठनात्मक बैठक में शिक्षा और संस्कारों पर हुआ मंथन


बीकानेर , 26 अगस्त । विप्र फाउंडेशन के संस्थापक संयोजक सुशील ओझा के बीकानेर आगमन पर प्रदेश व जिला संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बीकानेर एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया। इसके पश्चात आयोजित संगठनात्मक बैठक में संगठन विस्तार, शिक्षा-संस्कार तथा समाजहित में संचालित विभिन्न प्रकल्पों को प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।


परिणाम ही संगठन की वास्तविक पहचान- सुशील ओझा


बैठक को संबोधित करते हुए विप्र फाउंडेशन के संस्थापक संयोजक सुशील ओझा ने कहा कि किसी भी संगठन की वास्तविक सफलता का मापदंड उसका परिणाम होता है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में विप्र फाउंडेशन द्वारा देशभर में शिक्षा और संस्कार के 10 से अधिक प्रकल्प संचालित किए जा रहे हैं।
जयपुर स्थित परशुराम ज्ञान पीठ का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि बीकानेर में भी इसी प्रकार का उत्कृष्ट केंद्र शीघ्र तैयार किया जाएगा, जिससे स्थानीय एवं आसपास के क्षेत्र के समाजबंधुओं को बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
गांधी नगर में भूमि का अवलोकन; राजेश चूरा बने भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष
बैठक के बाद सुशील ओझा ने पदाधिकारियों के साथ गांधी नगर स्थित विप्र फाउंडेशन को आवंटित भूमि का अवलोकन किया। उन्होंने आगामी दो वर्षों में प्रस्तावित परशुराम ज्ञान पीठ भवन निर्माण कार्य को पूर्ण कर समाज को समर्पित करने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर बीकानेर में ‘परशुराम ज्ञान पीठ भवन निर्माण समिति’ का गठन किया गया, जिसमें राजेश चूरा को सर्वसम्मति से अध्यक्ष नियुक्त किया गया। 11 सदस्यीय यह समिति निर्माण कार्यों के समन्वय और प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने का कार्य करेगी।
विप्र समाज के प्रमुख पदाधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सचिव भंवर पुरोहित ने किया। बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री पवन पारीक, राष्ट्रीय संरक्षक दीपक पारीक, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अशोक पारीक, प्रदेश अध्यक्ष धनसुख सारस्वत, प्रदेश संगठन महामंत्री दीपक हर्ष, महिला प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकला आचार्य, जिला अध्यक्ष सुभाष जोशी, जिला संगठन महामंत्री अमित व्यास, युवा जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार व्यास तथा मीडिया प्रभारी सुशील आचार्य सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
