तेज रफ्तार कार ट्रेलर से टकराई, 2 मेडिकल छात्रों समेत 3 की मौत, 2 गंभीर घायल
तेज रफ्तार कार ट्रेलर से टकराई, 2 मेडिकल छात्रों समेत 3 की मौत, 2 गंभीर घायल



उदयपुर, 26 सितम्बर । जिले के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में देबारी-अंबेरी नेशनल हाईवे पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर उछलती हुई सड़क की दूसरी लेन में जा गिरी और सामने से आ रहे भारी ट्रेलर से टकरा गई। इस भीषण दुर्घटना में पैसिफिक मेडिकल कॉलेज के दो एमबीबीएस छात्रों और ट्रेलर चालक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।


पुलिस के अनुसार, दुर्घटना शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे रामदेवजी मंदिर के पास हुई। देबारी से अंबेरी की ओर जा रही कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर लांघते हुए विपरीत दिशा से आ रहे ट्रेलर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में ग्वालियर निवासी उदय बंसल और बिलासपुर (छत्तीसगढ़) निवासी रुचिका परिहार (25) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ब्यावर निवासी ट्रेलर चालक अनवर ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।


कार में सवार दो अन्य एमबीबीएस छात्र, हरियाणा निवासी शशांक सिंह और छात्रा वंशिका गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें निजी अस्पताल के आईसीयू और वेंटिलेटर पर रखा गया है।
दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और लंबा जाम लग गया। सूचना पर पहुंची प्रतापनगर थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त कार की बॉडी काटकर फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने क्रेन से वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कराया तथा मृतकों के परिजनों को सूचित कर शवों को मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
=============
