बीकानेर के सरकारी समाचार
बीकानेर के सरकारी समाचार

- प्रधानमंत्री के ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ के संकल्प को लेकर डूंगर कॉलेज में नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट आयोजित
बीकानेर, 10 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ के विजन को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से माई भारत द्वारा राजकीय डूंगर महाविद्यालय में नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट का आयोजन शनिवार को किया गया।


इस दौरान बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र विधायक जेठानंद व्यास, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र पुरोहित और माई भारत की जिला युवा अधिकारी सुश्री विजेता मजूमदार अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।


कार्यक्रम में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों, स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही, माई भारत पोर्टल की जानकारी देकर युवाओं को स्वयंसेवा, नेतृत्व विकास और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
मुख्य अतिथि विद्यायक जेठानंद व्यास ने नशामुक्ति के इस अभियान को आगे बढ़ाने और इस दिशा में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में माई भारत के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर डॉ. नरेंद्र भोजक, डॉ. श्याम सुंदर ज्यानी तथा माई भारत के श्री छोटूराम पूनिया आदि मौजूद रहे।
इस दौरान युवाओं ने नशामुक्ति का संकल्प लिया तथा स्वयं नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय योगदान देने की शपथ ली।
===================
- विधायक निधि से बनेगा हॉल मय चबूतरा, विधायक श्री जेठानंद व्यास ने की अभिशंसा
बीकानेर, 10 अक्टूबर। बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र विधायक श्री जेठानंद व्यास ने सुनारों की गुवाड़, तीन खंभा चौक में सार्वजनिक हाल मय चबूतरा निर्माण के लिए विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास निधि से पांच लाख की स्वीकृति की अभिशंसा की है। विधायक ने बताया कि यह हाल बनने से स्थानीय गतिविधियों का आयोजन और अधिक बेहतर तरीके से हो सकेगा।
इस स्वीकृति के लिए ब्राह्मण स्वर्णकार समाज के अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण सोनी, प्रकाश चंद्र सोनी, वीर सोनी, पार्षद विशाल सोनी, कैलाश चंद सोनी, मनीषा आर्य, मधुसूदन सोनी, जय श्रीराम सोनी, जयराम सोनी, इंदर चंद सोनी, दिनेश सोनी, सुरेंद्र सोनी, सुनील सोनी, लोकेश सोनी, निलेश सोनी, महेश सोनी, भवानी सोनी और प्रकाश सोनी आदि ने प्रसन्नता व्यक्त की है।
=======
- पंचायत चुनावों के संभावित प्रत्याशियों को दी निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी
- जिले की सभी 15 पंचायत समितियों के लिए पहली बार आयोजित हुई प्रत्याशी प्रबोधन कार्यशालाएं, ग्रामीण जनप्रतिनिधियों में दिखा उत्साह
बीकानेर, 10 अक्टूबर। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले की समस्त पंचायत समितियों में शनिवार को पंच, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य तथा जिला परिषद सदस्य पदों के संभावित प्रत्याशियों के लिए प्रत्याशी प्रबोधन कार्यशालाओं का आयोजन किया गया।
पहली बार आयोजित इन कार्यशालाओं में ग्रामीण जनप्रतिनिधियों और चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों ने उत्साह के साथ भागीदारी निभाई। कार्यशालाओं के माध्यम से संभावित प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रक्रिया, नियमों और कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रत्येक पंचायत समिति क्षेत्र में आयोजित कार्यशालाओं में प्रशिक्षण अधिकारियों तथा निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान आगामी पंचायत चुनावों के विभिन्न चरणों और उनसे संबंधित प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने संभावित प्रत्याशियों को नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों, निर्वाचन संबंधी नियमों तथा अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं से अवगत कराया।
कार्यशालाओं में निर्वाचन आचार संहिता की पालना, चुनाव से जुड़े कानूनी प्रावधानों, प्रत्याशियों के निर्वाचन व्यय तथा निर्धारित नियमों के अनुरूप चुनाव प्रक्रिया संपन्न करवाने से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्र से आए जनप्रतिनिधियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उनके प्रश्नों के जवाब भी दिए। इससे संभावित प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रक्रिया की बारीकियों को समझने का अवसर मिला।
शनिवार को नोखा, जसरासर, पांचू, छत्तरगढ़, खाजूवाला, पूगल, श्रीडूंगरगढ़, कोलायत, बज्जू, हदा, बीठनोक, लूणकरणसर और रीडी सहित जिले की 13 पंचायत समितियों में इन कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। वहीं बीकानेर और रुणिया के लिए जिला मुख्यालय पर कार्यशाला हुई। इसमें जिला निर्वाचन अधिकारी श्री निशान्त जैन भी मौजूद रहे। प्रत्येक स्थान पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जनप्रतिनिधियों और संभावित प्रत्याशियों की उपस्थिति रही।
पहली बार आयोजित इन कार्यशालाओं को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष उत्साह देखने को मिला। निर्वाचन प्रक्रिया की पूर्व जानकारी उपलब्ध करवाने की इस पहल से संभावित प्रत्याशियों को चुनाव संबंधी नियमों, प्रक्रियाओं और दायित्वों को समझने में मदद मिली। कार्यशालाओं का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्रत्याशियों को नियमों की जानकारी देकर चुनाव प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाने में सहयोग करना था।
=======
- पंचायत राज आम चुनाव : प्रशिक्षण में अनुपस्थित 34 कार्मिकों को नोटिस, होगी निलंबन की कार्यवाही
बीकानेर, 10 अक्टूबर। पंचायत राज आम चुनाव-2026 के तहत पंच सरपंच निर्वाचन के लिए नियुक्त रिटर्निंग अधिकारियों के प्रथम प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वाले 34 कार्मिकों को जिला निर्वाचन अधिकारी निशान्त जैन ने नोटिस जारी किए हैं। कार्मिकों को नोटिस प्राप्ति के तीन दिनों में अनुपस्थिति के संबंध में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेद सिंह रतनू ने बताया कि प्रशिक्षण के लिए शनिवार को उपस्थित होने के निर्देश के बावजूद अनुपस्थित रहे कार्मिकों के विरुद्ध पंचायती राज अधिनियम, 1994 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई प्रस्तावित की गई है। निर्धारित समय में संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर नियमानुसार निलंबन की कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।
======
- राजकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में साइबर हाइजीन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
- पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के नए तरीकों और बचाव के उपायों से किया जागरूक
बीकानेर, 10 अक्टूबर। राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा माह अक्टूबर-2026 के अंतर्गत राजकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, बीकानेर में ‘बिल्ड ए कल्चर ऑफ साइबर हाइजीन’ थीम पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा, साइबर अपराधों के बढ़ते स्वरूप और उनसे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, महाविद्यालय के प्राचार्य बाबूलाल बिकोनिया, सहायक निदेशक प्रशांत जोशी तथा प्रभारी अधिकारी (प्रथम वर्ष) डॉ. आलोक व्यास ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया। कार्यक्रम समन्वयक प्रशांत जोशी ने सी-डैक (CDAC), हैदराबाद के ‘इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी अवेयरनेस एजुकेशन प्रोजेक्ट’ की प्रासंगिकता बताते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।
प्राचार्य बाबूलाल बिकोनिया ने स्वागत उद्बोधन में पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा द्वारा स्मार्ट पुलिसिंग के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों तथा नशे के विरुद्ध संचालित ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के सकारात्मक सामाजिक प्रभावों की सराहना की। उन्होंने युवाओं को फिटनेस के प्रति प्रेरित करने में भी उनकी भूमिका को अनुकरणीय बताया।
मुख्य वक्ता पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने साइबर अपराधों को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी गंभीर चुनौती बताते हुए विद्यार्थियों को इनके विभिन्न स्वरूपों की जानकारी दी। उन्होंने एनसीआरबी के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए साइबर अपराधों के मामलों और उनसे होने वाले वित्तीय नुकसान में वृद्धि के बारे में बताया। उन्होंने डिजिटल अरेस्ट, निवेश एवं टास्क फ्रॉड, यूपीआई और क्यूआर कोड के माध्यम से धोखाधड़ी, फर्जी केवाईसी, कस्टमर केयर फ्रॉड तथा फर्जी एपीके के जरिए होने वाले अपराधों के तौर-तरीकों को समझाया।
उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते उपयोग के बीच डीपफेक, ऑडियो क्लोनिंग और वीडियो कॉल के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी के प्रति भी सचेत किया। विद्यार्थियों को मजबूत पासवर्ड रखने, टू-स्टेप वेरिफिकेशन अपनाने, सॉफ्टवेयर अपडेट करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने, ओटीपी साझा नहीं करने तथा बैंकिंग कार्यों के लिए सार्वजनिक वाई-फाई का उपयोग नहीं करने की सलाह दी।
पुलिस अधीक्षक कच्छावा ने साइबर सुरक्षा के लिए ‘रुको, सोचो और एक्शन लो’ का मंत्र अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने वित्तीय साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने तथा cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने त्वरित शिकायत के महत्व को रेखांकित करते हुए गोल्डन ऑवर्स में कार्रवाई करने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य ने विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों को भारत सरकार द्वारा जारी ‘डिजिटल डिवाइस और डेटा सुरक्षा प्रतिज्ञा’ दिलाई। प्रशांत जोशी ने साइबर जागरूकता विषयक त्वरित प्रतियोगिता आयोजित की, जिसमें विजेता विद्यार्थी को पुरस्कार स्वरूप बैग प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन कमलप्रीत कौर ने किया। अंत में प्रभारी अधिकारी (प्रथम वर्ष) डॉ. आलोक व्यास ने अतिथियों, संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संस्थान के वरिष्ठ प्रवक्तागण डॉ. एस.एल. प्रजापत, डॉ. वी.एस. ताखर, महिपाल खेदर, राजेंद्र अलारिया, मंजू कुमारी, किरण कुमारी, मिताश्री, बालूराम, सवाई सिंह और अरुण कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
========
- राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पहली बार आयोजित हुई ‘प्रत्याशी प्रबोधन’ कार्यशालाएं
- प्रत्याशियों को दी नाम निर्देशन पत्र भरने सहित निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी समूची जानकारी
- जिला मुख्यालय पर बीकानेर और रुणिया पंचायत समिति के संभावित प्रत्याशियों का किया प्रबोधन
- जिला निर्वाचन अधिकारी निशान्त जैन ने दी विभिन्न प्रावधानों की जानकारी
बीकानेर, 10 अक्टूबर। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले की समस्त पंचायत समिति मुख्यालयों पर संबंधित रिटर्निंग अधिकारी द्वारा शनिवार को ‘प्रत्याशी प्रबोधन’ कार्यशालाएं आयोजित की गई।
इस दौरान संभावित प्रत्याशियों को नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने, इस दौरान रखी जाने वाली सावधानियों, आवश्यक दस्तावेजों एवं शपथ पत्र प्रस्तुत करने, विभिन्न स्तर के प्रत्याशियों के खर्चे और वाहनों की सीमा, आचार संहिता की पालना तथा विभिन्न कानूनी प्रावधानों सहित अन्य बिंदुओं की जानकारी दी गई।
जिला मुख्यालय पर बीकानेर और रुणिया पंचायत समिति क्षेत्र के पंच, सरपंच, पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्य के प्रत्याशियों का प्रबोधन कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी श्री निशान्त जैन मौजूद रहे और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी दी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि ऐसी कार्यशालाएं आयोजित होने से प्रत्याशियों को नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने से लेकर निर्वाचन से जुड़ी प्रत्येक गतिविधि के प्रावधानों की जानकारी हो सकेगी। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पहली बार ऐसी कार्यशालाएं आयोजित की गई हैं। प्रत्याशी पूर्ण गंभीरता से इन कार्यशालाओं में भागीदारी निभाएं और सभी प्रकार की जानकारी प्राप्त करें, जिससे छोटी-छोटी गलती के कारण नाम निर्देशन पत्र खारिज होने की संभावना ना रहे। उन्होंने कहा कि विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों के समक्ष प्रत्याशी अपनी जिज्ञासाएं रखें, जिससे उनके प्रश्नों का जवाब मिल सके।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेद सिंह रतनू ने बताया कि पंचायत राज चुनाव से जुड़े सभी प्रत्याशियों को अदेय प्रमाण पत्र (नो ड्यूज) उसी स्थिति में देना होगा, जब किसी भी पंचायती राज संस्था द्वारा उस प्रत्याशी को किसी प्रकार का डिमांड नोटिस जारी किया गया है। अन्यथा किसी प्रत्याशी के लिए नो ड्यूज की जरूरत नहीं रहेगी।
प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के सहायक प्रभारी पंकज शर्मा ने आचार संहिता से जुड़े समस्त प्रावधानों की जानकारी दी। वरिष्ठ संयुक्त विधि परामर्शी नटवर लाल आचार्य ने विधि एवं कानूनी बिंदुओं के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि प्रत्याशियों को पुलिस सत्यापन प्रस्तुत करने की जरूरत नहीं रहेगी। मास्टर ट्रेनर डॉ. वाईबी माथुर और डॉ. सुरेन्द्र राठी ने नाम निर्देशन पत्र से जुड़ी जानकारी दी।
इस दौरान बीकानेर पंचायत समिति की रिटर्निंग अधिकारी और उपखंड अधिकारी सुश्री महिमा कसाना, रुणिया पंचायत समिति की रिटर्निंग अधिकारी एवं प्रशिक्षु आईएएस सुश्री स्वाति शर्मा, भाजपा के श्याम सिंह हाडला, कांग्रेस से प्रहलाद सिंह मार्शल, शिव लाल गोदारा, आरएलपी के दानाराम घिंटाला सहित विभिन्न राजनैतिक पार्टियों के प्रतिनिधि और प्रत्याशी मौजूद रहे।
प्रत्येक पंचायत समिति पर हुई कार्यशालाएं
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अनुपालना में जिले की प्रत्येक पंचायत समिति मुख्यालयों पर प्रत्याशी प्रबोधन कार्यशालाएं आयोजित हुई। इनमें बड़ी संख्या में प्रत्याशियों ने भागीदारी निभाई। प्रत्येक स्थान पर संबधित रिटर्निंग अधिकारी सहित जनप्रतिनिधि, प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रतिनिधि और प्रत्याशी मौजूद रहे।
======
- पंचायत राज आम चुनाव: चार पंचायत समितियों के लिए ईवीएम का हुआ प्रथम रेंडमाइजेशन
बीकानेर, 10 अक्टूबर। पंचायत राज आम चुनाव-2026 के पहले चरण के तहत चार पंचायत समितियों के लिए इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) का प्रथम रेंडमाइजेशन शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी निशान्त जैन की मौजूदगी में किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच सितंबर में की गई तथा जिले के लिए 4141 बैलेट यूनिट (बीयू) और 1944 कंट्रोल यूनिट (सीयू) सही पाई गई।
शनिवार को प्रथम रेंडमाइजेशन के दौरान जिले की 4 पंचायत समिति क्षेत्रों के 315 मतदान केंद्रों के लिए 412 कंट्रोल यूनिट और 821 बैलेट यूनिट आवंटित की गई।
इस दौरान चारों पंचायत समितियों के रिटर्निंग अधिकारी, ईवीएम वेयर हाउस के नोडल अधिकारी भवानी प्रकाश, भाजपा के श्याम सिंह हाडला, कांग्रेस के प्रहलाद सिंह मार्शल, शिव लाल गोदारा, आरएलपी के दानाराम घिंटाला आदि मौजूद रहे।
====================
- राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष रविवार से जिले के दौरे पर
बीकानेर, 10 अक्टूबर। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष किशोर मकवाना 11 से 13 अक्टूबर तक जिले के दौरे पर रहेंगे।
मकवाना 11 अक्टूबर को सायं 4:45 बजे दिल्ली कैंट रेलवे स्टेशन से वंदे भारत एक्सप्रेस से प्रस्थान कर रात 10:50 बजे बीकानेर जंक्शन पहुंचेंगे और रात्रि विश्राम सर्किट हाउस में करेंगे।
आयोग अध्यक्ष 12 अक्टूबर को प्रातः 8:30 बजे सर्किट हाउस से देशनोक स्थित करणी माता मंदिर के लिए प्रस्थान करेगें और वहां प्रातः 9:30 बजे पूजा अर्चना करने के बाद वहां से बीकानेर के लिए प्रस्थान करेंगे और प्रातः11:00 बजे बीकानेर स्थित बॉयज हॉस्टल का दौरा करेंगे। सायं 4 बजे सर्किट हाउस में पुलिस महानिरीक्षक एवं अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक लेंगे।
मकवाना 13 अक्टूबर प्रातः 5:40 बजे बीकानेर जंक्शन से दिल्ली कैंट के लिए प्रस्थान करेंगे।
=========
- विशेष रबी गुण नियंत्रण अभियान
- कृषि आदान विक्रेता परिसरों का किया औचक निरीक्षण व आनलाईन नमूने किए आहरित
- एक बैग डीएपी की जगह तीन बैग एसएसपी और एक बैग यूरिया उपयोग की सलाह
बीकानेर, 10 अक्टूबर। कृषि गुण नियंत्रण विशेष रबी अभियान के तहत उद्यान विभाग के कृषि आदान निरीक्षक सहायक निदेशक उद्यान मुकेश गहलोत ने सहयोगी उद्यानिकी अधिकारी रमेश भाम्भू के साथ शनिवार को आरडी-682 व पूगल क्षेत्र में 6 कृषि आदान विक्रेता परिसरों का औचक निरीक्षण किया व 2 कीटनाशक के नमूने आनलाईन राज एग्री क्यूसी ऐप के माध्यम से आहरित किए।
उद्यान विभाग के सहायक निदेशक गहलोत ने बताया कि कृषि विभाग की ओर से जिले में कृषकों को उच्च गुणवत्तायुक्त कृषि आदान उचित मूल्य पर मिले, यह प्रयास किया जा रहा है।
आगामी रबी फसलों की बुवाई के मध्यनजर उर्वरक की बढ़ती मांग के मध्यनजर किसानों को डीएपी के विकल्प के तौर पर सिंगल सुपर फास्फेट (एसएसपी) और यूरिया के उपयोग की सलाह दी। एक बैग डीएपी के स्थान पर 3 बैग एसएसपी और 1 बैग यूरिया का उपयोग किया जा सकता है। इससे उपलब्ध पोषक तत्वों की लागत डीएपी की तुलना में कम होती है।
गहलोत ने बताया कि कृषि आदान बीज, उर्वरक व कीटनाशी प्रावधानों में उल्लेखित नियमानुसार ही कार्य करते हुए आपूर्तिकर्ता किसानों को कृषि आदानों की गुणवत्तापूर्वक आपूर्ति सुनिश्चित करें, इसके पूर्ण प्रयास किये जा रहे हैं।
कृषि आदान विक्रेता जारी वैध लाइसेंस अनुसार ही कृषि आदानों की बिक्री वैधानिक तरीके से सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान प्रगतिशील किसानों से भी संवाद कर जैविक खेती/प्राकृतिक खेती, उर्वरकों का विवेकपूर्ण उपयोग हेतु प्रोत्साहित किया गया। वैज्ञानिक सिफारिश अनुसार संतुलित उर्वरकों के उपयोग हेतु किसानों को सलाह दी। उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग को कम करने हेतु वैकल्पिक उर्वरक उपयोग/जैव उर्वरक के उपयोग को बढावा देने के लिए कृषकों/ विक्रेताओं को प्रोत्साहित किया गया।
=====
- खाद्य सुरक्षा योजनाः बीकानेर में अपात्रों को हटाने और पात्रों को जोड़ने के लिए घर-घर सर्वे शुरू
बीकानेर, 10 अक्टूबर। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, राजस्थान, जयपुर के निर्देशों के क्रम में बीकानेर जिले के शहरी क्षेत्रों में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत डोर-टू-डोर गिव-अप अभियान का द्वितीय चरण अक्टूबर से दिसंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा।
अभियान का मुख्य उद्देश्य खाद्य सुरक्षा योजना से अपात्र परिवारों को बाहर करना तथा वास्तविक जरूरतमंद और पात्र परिवारों को योजना से जोड़ना है।
जिला रसद अधिकारी नरेश शर्मा ने बताया कि शहरी क्षेत्रों के ऐसे वार्डों में विशेष सर्वे किया जाएगा जहाँ 80 प्रतिशत से अधिक जनसंख्या एनएफएसए में सम्मिलित है। बीकानेर नगर निगम क्षेत्र के लिए प्रवर्तन अधिकारी पवन सुथार एवं प्रवर्तन निरीक्षक प्रखर भार्गव, नोखा नगरपालिका क्षेत्र के लिए प्रवर्तन अधिकारी कृष्ण कुमार, लूनकरणसर/देशनोक/नापासर क्षेत्र के लिए प्रवर्तन अधिकारी मनीष अवस्थी, श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के लिए प्रवर्तन निरीक्षक भूपेन्द्र सिंह तथा खाजूवाला क्षेत्र के लिए प्रवर्तन निरीक्षक जीतू सिंह को नियुक्त किया गया है।
उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा योजना से जुड़े परिवारों का डोर-टू-डोर सर्वे शुरू कर दिया गया है और प्रवर्तन निरीक्षक एवं उचित मूल्य दुकानदार ने घर-घर पहुंचकर परिवारों की पात्रता का सत्यापन करेंगे और फील्ड विजिट की जी.पी.एस. लोकेशन व तारीख युक्त फोटो संभाग के लिए नियुक्त प्रभारी अधिकारी को प्रतिदिन प्रेषित करेंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान निष्कासन श्रेणी में पाए गए अपात्र परिवारों को स्वेच्छा से योजना से नाम हटाने (गिव-अप) के लिए प्रेरित किया जाएगा और गिव-अप न करने की दशा में नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान पात्र एवं जरूरतमंद परिवार जो वर्तमान में योजना से वंचित हैं, उन्हें आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देकर सूची में शामिल किया जाएगा।
====
- पंचायत राज आम चुनाव-2026
- प्रथम और द्वितीय चरण के लिए रिटर्निंग अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित
बीकानेर, 18 अक्टूबर। पंचायत राज आम चुनाव-2026 के प्रथम और द्वितीय चरण के लिए नियुक्त रिटर्निंग अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शनिवार को रवींद्र मंच में आयोजित किया गया।
भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी मनु गर्ग ने रिटर्निंग ऑफिसर्स की पंचायत चुनाव में पंच एवं सरपंच के नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने, उनकी संवीक्षा, मत पत्र तैयार करने से लेकर मतगणना करवाने और परिणाम जारी करने तक के महत्वपूर्ण कार्यों के बारे बताया।
उन्होंने कहा कि यह सभी कार्य रिटर्निंग अधिकारियों के पर्यवेक्षण में होंगे। साथ ही जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों का मतदान ईवीएम से करवाना होगा।
गर्ग ने कहा कि दो अलग-अलग प्रकार के चुनावों की प्रक्रिया को प्रत्येक कार्मिक पूर्ण गंभीरता से सामाजिक तथा इसकी अनुपालना करें।
प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी एवं राजस्थान पशु चिकित्सा व पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलसचिव पंकज शर्मा ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान दी जाने वाली जानकारी को पूर्ण सजगता और गंभीरता से सीखें, जिससे सम्पूर्ण प्रक्रिया व्यवस्थित और निर्बाध रूप से पूर्ण की जा सके।
प्रशिक्षण के दौरान दक्ष मास्टर ट्रेनर्स द्वारा करीब तीन सौ अधिकारियों को जिला परिषद् व पंचायत चुनाव तथा पंच, सरपंच व उपसरपंच निर्वाचन से जुड़ी प्रत्येक जानकारी का गहन प्रशिक्षण दिया गया और प्रशिक्षार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के जवाब दिए गए।
जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स डॉ. एस एल राठी, डॉ वाई बी माथुर, डॉ नवदीप बैंस, डॉ विपिन सैनी, डॉ शमींद्र सक्सेना, डॉ राजाराम, रवींद्र मनीठिया, भंवरलाल, डॉ गणेश सदारंगानी ने विभिन्न विषयों से जुड़ा प्रशिक्षण दिया। अंत में प्रयुक्त की जाने वाली मल्टीपॉल मल्टीवोट मॉडल की ईवीएम मशीनों एवं मतपेटी पर हैंड्स ऑन सत्र का आयोजन हुआ।
==========================
