राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में बीकानेर की खुशी सांखला ने जीता रजत पदक
राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में बीकानेर की खुशी सांखला ने जीता रजत पदक



बीकानेर, 23 सितंबर। केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा कानपुर (उत्तर प्रदेश) में आयोजित 55वीं राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता (2026-27) में बीकानेर की प्रतिभावान छात्रा खुशी सांखला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया है। केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 3 नाल, बीकानेर की छात्रा खुशी ने जयपुर रीजनल टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए उपविजेता का खिताब हासिल किया और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया।


यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय बास्केटबॉल स्पर्धा 17 से 21 सितंबर 2026 तक कानपुर स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) परिसर में आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न क्षेत्रों से आए केंद्रीय विद्यालयों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खुशी सांखला ने पूरी प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का परिचय दिया।


स्थानीय नागरिकों और परिजनों ने किया भव्य स्वागत
रजत पदक जीतकर लौटी खुशी सांखला का रेलवे स्टेशन, नत्थूसर बास और शंकरनाथ चौक पर स्थानीय नागरिकों एवं परिजनों द्वारा फूल-मालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान खुशी की सफलता पर पूरे परिवार, विद्यालय प्रशासन और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर छा गई। स्वागत कार्यक्रम के दौरान शिवशंकर सोलंकी, घनश्याम गहलोत, चांदरतन, छोरूलाल, गौरीशंकर, राजकुमार, नंदकिशोर सुथार, विकास जोशी, गणेश, नंदू गहलोत, सुमित, मधु, सुनीता, रुद्राक्ष, आशा देवी, नंदा तंवर, श्यामा देवी, दुर्गा, कुंती, यशोदा, मंजू देवी, पंकज तंवर, मोहनलाल, भीखमचंद, रामदेव, यशवंत, अमित, नेमचंद, जयचंद, राधा देवी, योगिता, गुड्डू देवी, कार्तिक, ऋषिका सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। स्थानीय प्रबुद्धजनों ने कहा कि निरंतर अभ्यास, दृढ़ संकल्प और टीमवर्क से खेलों में यह उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल हुई है, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
