बीकानेर नगर निगम चुनाव में वोटिंग के दौरान भड़के भाजपा विधायक जेठानंद व्यास, मतदान कार्मिक के पीछे भागे; 68.91% रहा कुल मतदान
बीकानेर नगर निगम चुनाव में वोटिंग के दौरान भड़के भाजपा विधायक जेठानंद व्यास


बीकानेर ,10 सितम्बर। बीकानेर नगर निगम चुनाव 2026 के लिए बुधवार को आयोजित मतदान प्रक्रिया छिटपुट विवादों, ईवीएम की तकनीकी खामियों और मतदाताओं के भारी उत्साह के बीच संपन्न हो गई। नगर निगम क्षेत्र में कुल 68.91 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसी दौरान शहर के वार्ड संख्या 45 स्थित मतदान केंद्र पर बीकानेर पश्चिम से भाजपा विधायक जेठानंद व्यास और पोलिंग बूथ कार्मिक के बीच तीखी झड़प का मामला सामने आया है।


गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद, वीडियो वायरल गाड़ी हटाने पर टिप्पणी


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद मतदान केंद्र (रबर फैक्ट्री के पास बूथ संख्या 95) के आगे विधायक की गाड़ी खड़ी करने पर शुरू हुआ। मतदान कार्मिक ने आपत्ति जताते हुए कथित तौर पर अनुचित टिप्पणी की, जिससे विधायक जेठानंद व्यास आपा खो बैठे।
कार से उतरकर भागे
विधायक गाड़ी से उतरकर कार्मिक की ओर भागे, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद समर्थकों और स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर विधायक को पकड़ा और समझाइश कर मामला शांत कराया।
जिला कलेक्टर से शिकायत
विधायक ने कार्मिक पर बदसलूकी का आरोप लगाते हुए जिला कलेक्टर से शिकायत दर्ज कराई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मतदान प्रतिशत और नेताओं की सहभागिताबीकानेर नगर निगम में मतदान का दौर सुबह धीमी गति से शुरू होकर शाम तक रफ्तार पकड़ गया।
समय अनुसार मतदान
सुबह 10 बजे तक 20.84%, दोपहर 1 बजे तक 44.31%, दोपहर 3 बजे तक 56.74% और शाम 6 बजे तक कुल 68.91% मतदान दर्ज किया गया।
सौहार्द की तस्वीर
वार्ड संख्या 73 से आमने-सामने चुनाव लड़ रहे कांग्रेस प्रत्याशी अनिल कल्ला और भाजपा प्रत्याशी दीपक पारीक मतदान केंद्र पर एक-दूसरे से आत्मीयता से मिले।
ईवीएम खराबी और 373 उम्मीदवारों का भाग्य बंदईवीएम में तकनीकी अड़चन
पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के जनेश्वर भवन भाग संख्या-1 बूथ पर ईवीएम खराब होने के कारण मतदान दो घंटे की देरी से (सुबह 9:11 बजे) शुरू हो सका। इसके अलावा तीन अन्य केंद्रों पर भी ईवीएम में खराबी और धीमी गति से चलने की शिकायतें आईं।
14 सितंबर को मतगणना
निगम के कुल 80 वार्डों में से 1 वार्ड में निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। शेष 79 वार्डों के 373 प्रत्याशियों का राजनीतिक भाग्य ईवीएम में बंद हो चुका है। मतगणना 14 सितंबर को होगी।
