135 शहरों की ‘उपभोक्ता भारत यात्रा’ पूरी कर लौटे दिग्गजों का कोठारी सदन में नागरिक अभिनंदन
135 शहरों की 'उपभोक्ता भारत यात्रा' पूरी कर लौटे दिग्गजों का कोठारी सदन में नागरिक अभिनंदन



- बीकानेर में ‘कंज्यूमर मैन’ डॉ. अनंत शर्मा का ऐतिहासिक स्वागत
बीकानेर , 13 जून। “भारत जैसे विशाल और विविधतापूर्ण देश में, जहां हर कुछ दुरी पर पानी और भाषा बदल जाती है, वहां की मिट्टी को सहेजना केवल एक संग्रह मात्र नहीं है। यह राष्ट्र की आत्मा को एकता के एक सूत्र में पिरोने का एक अनूठा और ऐतिहासिक प्रयास है।” यह प्रेरक विचार देश के “कंज्यूमर मैन” के रूप में विख्यात ‘कंज्यूमर कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडिया’ (CCI), नई दिल्ली के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनंत शर्मा ने व्यक्त किए। डॉ. शर्मा शनिवार को बीकानेर आगमन पर ‘कंज्यूमर एक्शन एंड नेटवर्क सोसाइटी’ (कैन्स) द्वारा कोठारी सदन में आयोजित अपने भव्य स्वागत समारोह में बोल रहे थे।


28 राज्यों की मिट्टी सहेजकर लिखी अखंडता की नई इबारत
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता डॉ. अनंत शर्मा ने अपनी ऐतिहासिक ‘उपभोक्ता जागरूकता भारत यात्रा’ के अनुभवों को भावुकता से साझा किया। उन्होंने बताया कि इस यात्रा के जरिए उन्होंने न केवल देश के 28 राज्यों और विभिन्न केंद्र शासित प्रदेशों के 135 शहरों में जाकर लाखों उपभोक्ताओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जगाया, बल्कि देश के कोने-कोने की पवित्र मिट्टी को भी एकत्रित किया। यह संग्रह भारत की अखंडता और सांस्कृतिक विविधता की एक नई और अनूठी परिभाषा को रेखांकित करता है।


परिसंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेश के. व्यास ने इस अभियान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदुस्तान के इतिहास में उपभोक्ता संरक्षण और जागरूकता के क्षेत्र में यह पहला मौका है, जब इस स्तर पर कोई विशाल राष्ट्रव्यापी अभियान सफलता पूर्वक आयोजित किया गया है।
यात्रा की सफलता के बाद बीकानेर आगमन पर भव्य अभिनंदन
राष्ट्रव्यापी उपभोक्ता जागरूकता भारत यात्रा संपन्न होने के पश्चात प्रथम बार बीकानेर पधारने पर डॉ. अनंत शर्मा और उनकी टीम का कैन्स की बीकानेर शाखा द्वारा पलक-पावड़े बिछाकर स्वागत किया गया। समारोह में डॉ. शर्मा सहित यात्रा में उनके प्रमुख सहयोगी में
महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष संजय खंडेलवाल, कैन्स महिला प्रकोष्ठ की रेखा खंडेलवाल, और कैन्स की संस्थापक रजनी शर्मा का बीकानेर की गौरवमयी परंपरा के अनुसार साफा, शॉल, बैज, श्रीफल, सम्मान प्रतीक भेंट कर और माल्यार्पण द्वारा भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया।
विभिन्न संगठनों और प्रबुद्ध जनों ने सराहा योगदान
स्वागत समारोह में बीकानेर के विभिन्न उपभोक्ता संगठनों, प्रशासनिक और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान सीसीआई के प्रदेश सचिव सत्यनारायण शर्मा, संयुक्त सचिव निर्मला चौहान, प्रदेश सचिव रामकुमार व्यास, जिला प्रभारी आशा स्वामी, राजस्थान प्रदेश मजदूर महासंघ की प्रदेश अध्यक्ष शबनम बानो तथा कैन्स कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के सदस्य चेतन दास कोठारी, राजकुमार व्यास, राजशेखर हर्ष, छोटूलाल परिहार, नवीन आचार्य, रेवंत राम, रवींद्र व्यास और जितेंद्र स्वामी सहित अनेक गणमान्य लोगों ने डॉ. शर्मा के उपभोक्ता आंदोलन में अतुलनीय और ऐतिहासिक योगदान की मुक्त कंठ से सराहना की।
कार्यक्रम का बेहद सफल और प्रभावी संचालन प्रख्यात कर्मचारी नेता लक्ष्मण पुरोहित ने किया, जबकि समारोह के अंत में जिला प्रभारी भगतीराम पांडे ने उपस्थित सभी अतिथियों और नागरिकों का हृदय से आभार व्यक्त किया।


