ग्राम 2 एडी में कांग्रेस का पंचायती राज सम्मेलन 9 अगस्त को
ग्राम 2 एडी में कांग्रेस का पंचायती राज सम्मेलन 9 अगस्त को


- डेढ़ साल से अटके चुनाव, महंगाई और छात्र आंदोलन पर बरसेगी कांग्रेस; पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल रहेंगे मौजूद
खाजूवाला/बीकानेर, 8 अगस्त । बीकानेर जिले की खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र के ग्राम 2 एडी (पंचायत आडूरी) में आगामी 9 अगस्त को प्रातः 11:00 बजे कांग्रेस पार्टी की ओर से एक विशाल ‘पंचायती राज सम्मेलन’ का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल की उपस्थिति में जुटने जा रहे हैं।


स्थानीय निकाय चुनाव में देरी और अतिक्रमण नोटिस पर जनआक्रोश


कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि राज्य की भारतीय जनता पार्टी सरकार ने डेढ़ साल से पंचायती राज चुनाव अटका रखे हैं और अब हाईकोर्ट के सख्त निर्देशों के बाद चुनाव की मजबूरी में घोषणा तो की गई है, लेकिन प्रक्रिया अब भी अधरझूल में लटकी हुई है। इस वजह से गांवों व नगर पालिकाओं में विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़ गए हैं, सड़कें खस्ताहाल हैं और नरेगा के तहत मिलने वाला काम बंद पड़ा है।
इसके साथ ही, जिला प्रशासन व सरपंचों के जरिए राजकीय रकबे में बने मकानों को खाली करने के लिए 7 दिनों के बेदखली नोटिस जारी करवाए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण इलाकों में भय का वातावरण बन गया है। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा इसी डर के दम पर आगामी पंचायत व निकाय चुनाव जीतना चाहती है।
किसानी समस्या, बेरोजगारी और जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन का मुद्दा
सम्मेलन में नहरी क्षेत्र की समस्याओं को उठाते हुए नेताओं ने कहा कि डैम में पानी का पर्याप्त भराव होने के बावजूद खेतों को सिंचाई के लिए पानी नहीं दिया जा रहा, जिससे फसलें बर्बादी की कगार पर हैं। वहीं, पेट्रोल-डीजल की आसमान छूती कीमतों ने आमजन की कमर तोड़ दी है।
देश में बेरोजगारी के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा गया कि प्रतिवर्ष 2 करोड़ रोजगार का वादा करने वाली सरकार के शासन में पिछले 45 वर्षों की सबसे भयंकर बेरोजगारी है। इसी के विरोध में देश का युवा और विद्यार्थी पिछले एक महीने से दिल्ली के जंतर-मंतर पर महापड़ाव डाले हुए हैं। जंतर-मंतर पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज, पेलेट गन के इस्तेमाल और निर्दोष छात्रों की गिरफ्तारियों पर आक्रोश व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री व गृहमंत्री के इस्तीफे की मांग को प्रमुखता से उठाने का निर्णय लिया गया है।
धार्मिक स्थलों के नाम पर अनियमितता और ट्रैक्टर रैली की तैयारी
सम्मेलन में राम मंदिर निर्माण से जुड़े 200 करोड़ रुपये के कथित घोटाले और अन्य धार्मिक स्थलों में लूट के समाचारों पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी।
आयोजन समिति के रामनारायण, राजेन्द्र मेघवाल (2 डीओ) और पप्पू गढवीर ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। 14 एडी से विशाल ट्रैक्टर रैली के रूप में कार्यकर्ता रवाना होंगे, जो 2 एडी पहुंचकर 12:00 बजे होने वाली मुख्य आमसभा में शामिल होंगे। पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल और स्थानीय नेता इस सभा को संबोधित कर प्रदेश सरकार की विफलताओं तथा केंद्र की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ गांव-गांव प्रचार करने की रणनीति बनाएंगे।


