स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के डीजीएम सौम्य रंजन साहू से बीकानेर जिला उद्योग संघ में श्रमिक हित व बैंकिंग सुविधाओं पर हुई विस्तृत चर्चा
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के डीजीएम सौम्य रंजन साहू से बीकानेर जिला उद्योग संघ में श्रमिक हित व बैंकिंग सुविधाओं पर हुई विस्तृत चर्चा


बीकानेर, 03 अगस्त । स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के उप महाप्रबंधक (DGM) सौम्य रंजन साहू ने बीकानेर जिला उद्योग संघ कार्यालय का दौरा किया। इस दौरान संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया एवं बैंक अधिकारियों के बीच औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत श्रमिकों, आम खाताधारकों तथा छोटे उद्यमियों को मिलने वाली बैंकिंग सुविधाओं व योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।


बैठक के दौरान डीजीएम सौम्य रंजन साहू ने श्रमिकों के कल्याण के लिए एसबीआई की विशेष योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि औद्योगिक इकाइयों के श्रमिकों के लिए निजी दुर्घटना बीमा योजना का प्रावधान किया गया है। इसके तहत महज 3000 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर खाताधारक की दुर्घटना में मृत्यु होने पर उसके आश्रित परिवार को 60 लाख रुपये तक की बीमा राशि दी जाती है।


इसके अतिरिक्त, उन्होंने छोटे उद्यमियों के प्रोत्साहन हेतु ‘मुद्रा ऋण योजना’ का उल्लेख करते हुए बताया कि बैंक द्वारा बिना किसी संपत्ति (कोलैटरल) को गिरवी रखे उद्यमियों को अपना व्यवसाय स्थापित या विस्तारित करने के लिए 20 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
आर्ट गैलरी का अवलोकन, बताया ‘मिनी पर्यटन केंद्र’
चर्चा के पश्चात बीकानेर जिला उद्योग संघ द्वारा डीजीएम साहू का स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। इसके बाद डीजीएम ने संघ परिसर में स्थित बीकानेर के 500 वर्षों के इतिहास को समेटे फोटो आर्ट गैलरी का अवलोकन किया।
आर्ट गैलरी की सराहना करते हुए डीजीएम साहू ने कहा कि बीकानेर के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों, पुराने व नए स्वरूप, विभिन्न धार्मिक स्थलों और स्थानीय उद्योग-धंधों को एक ही छत के नीचे दर्शाया गया है। यह पहल इसे एक प्रकार से ‘मिनी पर्यटन केंद्र’ का दर्जा देती है।
संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने बताया कि इस आर्ट गैलरी के निर्माण का मुख्य उद्देश्य बच्चों में मानसिक व सांस्कृतिक विकास करना है, ताकि नई पीढ़ी पुराने पारंपरिक खेलों, संस्कारों, रीति-रिवाजों और स्थानीय उद्योगों के बारे में जानकारी प्राप्त कर अपनी जड़ों से जुड़ी रहे।
इस अवसर पर एसबीआई के सहायक महाप्रबंधक धर्मवीर सिंह, संपर्क अधिकारी कर्णपाल सिंह, वाई.के. शर्मा योगी, वीरेंद्र किराडू, किशन मूंधड़ा, मनीष तापड़िया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


