सरकारी कर्मचारियों का सामाजिक विकास में योगदान’ विषय पर परिचर्चा आयोजित, हिमांशु तापड़िया का हुआ अभिनंदन
सरकारी कर्मचारियों का सामाजिक विकास में योगदान' विषय पर परिचर्चा आयोजित, हिमांशु तापड़िया का हुआ अभिनंदन


बीकानेर, 02 अगस्त। माहेश्वरी सरकारी कर्मचारियों की संस्था ‘बीकानेर महेश शासकीय ग्रुप’ (MSG) द्वारा शनिवार शाम विश्वकर्मा गेट स्थित माहेश्वरी भवन में “सरकारी कर्मचारियों का सामाजिक विकास में योगदान” विषय पर एक परिचर्चा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अखिल भारतीय माहेश्वरी शासकीय ग्रुप (रजि.) जोधपुर के वरिष्ठ सदस्य हिमांशु तापड़िया का सार्वजनिक अभिनंदन भी किया गया।


कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रिंसिपल, चिंतक व लेखक प्रोफेसर डॉ. नरसिंह बिनानी (एमएसजियन) ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय एमएसजी जोधपुर के वरिष्ठ सदस्य हिमांशु तापड़िया उपस्थित रहे।


सामाजिक विकास में एमएसजी का योगदान
परिचर्चा में मुख्य अतिथि हिमांशु तापड़िया ने बताया कि एमएसजी वेलफेयर सोसाइटी, सोसाइटी एक्ट के तहत पंजीकृत एक राष्ट्रीय संस्था है, जिसकी सदस्य संख्या वर्तमान में 700 से अधिक हो चुकी है। संस्था का मुख्य उद्देश्य माहेश्वरी सरकारी कर्मचारियों के माध्यम से समाज सेवा और विकास कार्यों में योगदान देना है। इसके तहत नियमित रूप से सेवा शिविर आयोजित किए जाते हैं।
तापड़िया ने एक नई पहल की जानकारी देते हुए बताया कि एमएसजी ग्रुप द्वारा विवाह योग्य माहेश्वरी युवक-युवतियों के संबंध तय करने में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के समाधान हेतु एक विशेष पृथक प्रकोष्ठ (सेल) का गठन किया गया है। इसमें सदस्य अपने परिजनों व परिचितों के विवाह योग्य युवाओं का नि:शुल्क पंजीयन करा सकते हैं।
संस्थाओं के कार्यों से राष्ट्रीय एकता को बल: प्रो. डॉ. नरसिंह बिनानी
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रोफेसर डॉ. नरसिंह बिनानी ने कहा कि सामाजिक सहयोग और परस्पर समन्वय ही किसी भी संस्था की प्रभावशीलता का आधार होते हैं। एमएसजी जैसी संस्थाओं के प्रयासों से सामाजिक समरसता के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता को भी बल मिल रहा है। उन्होंने सदस्यों द्वारा एक-दूसरे की समस्याओं के समाधान में दिए जा रहे सक्रिय सहयोग की सराहना की।
भव्य स्वागत एवं अभिनंदन
समारोह का शुभारंभ भगवान महेश की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। स्वागत भाषण दीपक बिनानी ने दिया। इस अवसर पर एमएसजी बीकानेर शाखा द्वारा हिमांशु तापड़िया का तिलकार्चन, पुष्पमाला, दुपट्टा और मोतियों की माला पहनाकर अभिनंदन किया गया। इसके अलावा मल्टी स्किल डेवलपमेंट एसोसिएशन, माहेश्वरी पत्रिका, श्री पूर्णानंद एजुकेशन सोसाइटी सहित अन्य सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया।
कार्यक्रम के अंत में राजेश झंवर ने सभी अतिथियों व प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान किशन कोठारी, डॉ. राकेश बिनानी, आनंद राठी, खुशबू राठी, एकता बिनानी, सपना कोठारी, पूजा मूंधड़ा, दिनेश चांडक, राम कुमार मूंधड़ा सहित समाज व संस्थाओं के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
#Bikaner News, #Maheshwari Samaj, #MSG Group,
#Himanshu Tapariya, #Bikaner Events, #Social Work,
#Rajasthan News,


