श्री जैन पब्लिक स्कूल में विधिक साक्षरता और संवेदीकरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
श्री जैन पब्लिक स्कूल में विधिक साक्षरता और संवेदीकरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित



- कोर्ट वाली दीदी बॉक्स’ और हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
बीकानेर, 18 अगस्त । श्री जैन पब्लिक स्कूल (SJPS) में विद्यार्थियों को कानूनी साक्षरता, सजगता और जागरूकता संवेदीकरण के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से मंगलवार को एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आगाज मुख्य अतिथि पारिवारिक न्यायालय बीकानेर के न्यायाधीश अशोक कुमार चौधरी, सचिव सी.ए. माणक चन्द कोचर, प्रधानाचार्या रूपश्री सिपानी, प्रबंधक विश्वजीत गौड़, गोविंद चूरा, शंकरलाल व्यास, जनक लाल दैया और शैक्षणिक प्रभारियों की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। अतिथियों का माल्यार्पण और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।


मुख्य अतिथि न्यायाधीश अशोक कुमार चौधरी ने विद्यार्थियों को मौलिक कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों और न्याय प्रणाली की बुनियादी जानकारी देकर सशक्त बनने का संदेश दिया। उन्होंने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं और प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से बताया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में ‘कोर्ट वाली दीदी बॉक्स’ स्थापित किए जाने की जानकारी दी, जिसके माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर पूर्ण गोपनीयता के साथ त्वरित और न्यायसंगत कार्रवाई की जाएगी।



न्यायाधीश चौधरी ने शारीरिक, यौन और मानसिक दुर्व्यवहार की पहचान व बचाव के तरीकों पर प्रकाश डालते हुए विभिन्न हेल्पलाइन नंबर जारी किए—बाल सहायता हेतु 1098, राजस्थान राज्य विधिक सहायता हेतु 15100 तथा महिला हेल्पलाइन हेतु 181। उन्होंने विद्यार्थियों को “न बुरा सुनेंगे, न बुरा सहेंगे” का संकल्प दिलाते हुए ‘शोषण के खिलाफ आवाज उठाने और स्वयं का रक्षक बनने’ का आह्वान किया।
समारोह के अंत में सचिव सी.ए. माणक चन्द कोचर ने धन्यवाद ज्ञापित किया, वहीं प्रधानाचार्या रूपश्री सिपानी ने अतिथियों के विचारों को जीवन में उतारने की बात कही। इसके साथ ही संस्था के अध्यक्ष विजय कुमार कोचर एवं सीईओ सीमा जैन ने विधिक साक्षरता के इस अभियान की सराहना करते हुए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

