ईसीबी में राष्ट्रीय खेल दिवस पर ‘प्रारम्भ-द्वितीय’ स्पोर्ट्स वीक 29 अगस्त से
ईसीबी में राष्ट्रीय खेल दिवस पर ‘प्रारम्भ-द्वितीय’ स्पोर्ट्स वीक 29 अगस्त से


400 से अधिक खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम


बीकानेर ,28 अगस्त । हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय (BTU) के तत्वावधान में इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर (ECB) द्वारा तीन दिवसीय ‘प्रारम्भ-द्वितीय स्पोर्ट्स वीक’ का आयोजन 29 अगस्त से किया जा रहा है।


इस आयोजन में ईसीबी और यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (UCET) के 250 नवप्रवेशित विद्यार्थियों, 130 से अधिक वरिष्ठ विद्यार्थियों और 40 से अधिक स्टाफ सदस्यों सहित कुल 400 से अधिक प्रतिभागी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग ने दोनों संस्थानों के विद्यार्थियों को एक साझा मंच प्रदान करने की इस पहल की सराहना की है।
प्रमुख खेल और प्रतियोगिताओं का विवरण
क्रिकेट व फुटबॉल: क्रिकेट में नवप्रवेशित विद्यार्थियों की चार टीमें और वरिष्ठ विद्यार्थियों के वर्ग में ECB बनाम UCET के बीच मुकाबला होगा। फुटबॉल में वरिष्ठ वर्ग के अलावा नवप्रवेशितों की मिश्रित टीमों के बीच मैच खेले जाएंगे।
एथलेटिक्स: 100 मीटर और 200 मीटर दौड़, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो (18 चयनित प्रतिभागी) तथा जेवलिन थ्रो (20 से अधिक खिलाड़ी) मुख्य आकर्षण रहेंगे।
इंडोर व अन्य खेल: बैडमिंटन में नवप्रवेशितों के चार समूह, वरिष्ठ वर्ग और स्टाफ के मुकाबले होंगे। कैरम, टेबल टेनिस और शतरंज में 100 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे। इसके अलावा कबड्डी, वॉलीबॉल और टग ऑफ वार (रस्साकशी) का भी आयोजन किया जाएगा।
खेल विभागाध्यक्ष डॉ. नवीन शर्मा ने बताया कि यह आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का विकास करने तथा परिसर में खेल संस्कृति को सुदृढ़ करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
