महेश नवमी उत्सव व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक संपन्न
महेश नवमी उत्सव व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक संपन्न



- 23 जून को बीकानेर में सजेगी भव्य शोभायात्रा, विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियां पूर्ण
बीकानेर, 17 जून। माहेश्वरी समाज का उत्पत्ति दिवस ‘महेश नवमी पर्व-2026 ‘ इस वर्ष भी बीकानेर में पारंपरिक श्रद्धा, उल्लास और सांगठनिक एकजुटता के साथ मनाया जाएगा। उत्सव के अंतर्गत आयोजित होने वाले विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए श्रीकृष्ण माहेश्वरी मण्डल की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।


प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए श्रीकृष्ण माहेश्वरी मण्डल के मीडिया प्रभारी शिव प्रसाद राठी ने बताया कि बैठक की अध्यक्षता मण्डल के अध्यक्ष सत्यनारायण राठी ने की। बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 23 जून 2026 , मंगलवार को बीकानेर में श्रीकृष्ण माहेश्वरी मण्डल के बैनर तले बीकानेर की सभी माहेश्वरी संस्थाओं के समन्वय के साथ सम्पूर्ण माहेश्वरी समाज अपना उत्पत्ति दिवस वार्षिक उत्सव के रूप में मनाएगा। उत्सव के दिन मण्डल के नए सदस्य बनने के इच्छुक समाज बंधुओं तथा पुराने सदस्यों के नवीनीकरण के लिए कार्यक्रम स्थल पर विशेष सदस्यता काउंटर की व्यवस्था भी की गई है।


सुबह पारंपरिक पूजन और शिव अभिषेक से होगा आगाज़
मण्डल के मंत्री सुशील करनानी ने उत्सव की समय-सारणी की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि एक दिवसीय महोत्सव के तहत विभिन्न स्थानों पर समयबद्ध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भगवान महेश पूजन: कार्यक्रम का शुभारंभ २३ जून को प्रातः 9.00बजे मरुनायक मोहता चौक स्थित मण्डल कार्यालय में भगवान महेश की विशेष पूजा-अर्चना के साथ होगा।
कलम, दवात एवं तराजू पूजन: अपनी समृद्ध व्यावसायिक व सामाजिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए समाज बंधुओं द्वारा प्रातः 9.30 बजे मरुनायक मंदिर में कलम, दवात एवं तराजू का सामूहिक पूजन किया जाएगा।
शिव अभिषेक: इसके पश्चात प्रातः 10.30० बजे विश्वकर्मा गेट के बाहर स्थित बिन्नाणी बगेची में भगवान शिव का भव्य अभिषेक एवं महाआरती का आयोजन होगा।
शाम को डागा चौक से निकलेगी भव्य शोभायात्रा
मण्डल उपाध्यक्ष किशन चांडक एवं बसंत चांडक ने संयुक्त रूप से बताया कि उत्सव के मुख्य आकर्षण के रूप में शाम 5 .15 बजे समाज की एक विशाल और भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें विभिन्न सचेतन झांकियां शामिल रहेंगी।
शोभायात्रा का मार्ग: यह शोभायात्रा महेश भवन (डागा चौक) से प्रारंभ होकर माहेश्वरी बाहुल्य क्षेत्रों— बिन्नाणी चौक, तेलीवाड़ा चौक, मोहता चौक, मूंधड़ा चौक, दम्माणी चौक, गोपीनाथ भवन, बी.के. स्कूल, जस्सूसर गेट, श्रीलक्ष्मीनाथ जी मंदिर और माहेश्वरी सदन होते हुए गजनेर रोड स्थित ‘लक्ष्मी हैरिटेज’ पहुंचेगी। इसके बाद रात्रि 8 से 10 बजे तक मुख्य स्थल पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां होंगी और सामूहिक महाप्रसाद (प्रीतिभोज) का आयोजन किया जाएगा।
मण्डल अध्यक्ष राठी ने बताया कि व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने के लिए पूर्व में गठित कमेटियों ने अपना काम लगभग पूरा कर लिया है। समाज की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए ‘डोर-टू-डोर’ संपर्क अभियान और सोशल मीडिया पर व्यापक प्रचार-प्रसार चलाया जा रहा है। इन व्यवस्थाओं में विजय कुमार मूंधड़ा, यश कोठारी, आयुष लखाणी, पवन कुमार राठी तथा सुरेंद्र तोषनीवाल विशेष रूप से सहयोग कर रहे हैं।
मुख्य उत्सव से पूर्व आयोजित होंगे विशेष शिविर और रक्तदान
मण्डल के उपमंत्री एवं बीकानेर माहेश्वरी समाज के सामाजिक संवाददाता पवन कुमार राठी ने बताया कि मुख्य उत्सव से पूर्व समाज द्वारा दो बड़े सेवा कार्य आयोजित किए जा रहे हैं:
चिकित्सा एवं योग शिविर (18 से 20 जून): स्थानीय डागा चौक स्थित महेश भवन में श्री माहेश्वरी महिला समिति बीकानेर के तत्वाधान में 18 जून से 20 जून तक (सायं 4 से 6 बजे) डॉ. निशा दुजारी के निर्देशन में तीन दिवसीय विशाल चिकित्सा एवं मेडिटेशन योग शिविर लगाया जाएगा।
विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर (21 जून): माहेश्वरी सभा (शहर इकाई) बीकानेर द्वारा 21 जून 2026 , रविवार को (प्रातः 9 .30 से दोपहर 3 .00 बजे) जस्सूसर गेट के अंदर स्थित मोहता जसवंत भवन में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित होगा। इस पुनीत कार्य के लिए आज्ञाराम पेड़िवाल को कोऑर्डिनेटर तथा बॉबी चांडक एवं पंकज भूतड़ा को सह-कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है।


