संत शिरोमणि गोस्वामी तुलसीदास जी जयंती पर पंच दिवसीय मंगल मिलन के दूसरे दिन सुंदरकांड पाठ और सम्मान समारोह आयोजित
संत शिरोमणि गोस्वामी तुलसीदास जी जयंती पर पंच दिवसीय मंगल मिलन के दूसरे दिन सुंदरकांड पाठ


- बीकानेर मानस परिवार समिति के बैनर तले हुआ आयोजन; संत सरजूदास जी को आध्यात्मिक मानस रत्न’ से किया गया अलंकृत
बीकानेर, 10 अगस्त । संत शिरोमणि युगपुरुष गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती के उपलक्ष्य में बीकानेर मानस परिवार समिति के बैनर तले आयोजित पंच दिवसीय ‘मंगल मिलन’ कार्यक्रम का दूसरा सोपान रतन बिहारी पार्क के सामने स्थित बड़े हनुमान जी मंदिर में धूमधाम से संपन्न हुआ। इस अवसर पर भव्य सुंदरकांड पाठ एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।


इन्हें मिला मानस रत्न एवं सेवा सम्मान
कार्यक्रम के संयोजक नरेश पुरोहित ने बताया कि अध्यात्म के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान हेतु राष्ट्रीय संत श्री सरजूदास जी महाराज को ‘आध्यात्मिक मानस रत्न’ तथा सुंदरकांड महिला मंडली (जय नारायण व्यास कॉलोनी) की श्रीमती किरण गोयल व उनकी समिति को ‘मानस मंडली सम्मान’ प्रदान किया गया।


समन्वयक भंवर पुरोहित ने जानकारी दी कि सामाजिक समरसता एवं जन कल्याण के क्षेत्र में निरंतर प्रयासरत ‘सदैव अन्नपूर्णा निशुल्क सब्जी रोटी संस्था’ को ‘सेवा रत्न’ तथा श्रीमती अलका विश्नोई एवं उनकी टीम को ‘परोपकार रत्न सम्मान’ से अलंकृत किया गया।
मानस पाठियों की चौपाइयों से गुंजायमान हुआ प्रांगण
महेंद्र चूरा ने बताया कि इस दिव्य आयोजन में मानस परिवार की 10 समितियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ मानस पाठी नारायण पुरोहित, गोरधन व्यास, मुलसा, महेन्द्र स्वामी, सत्यप्रकाश पारीक, शिव सेवग, अजित धामु, जोगेंद्र श्रीमाली, राजू कलवाणी, गोविंद गहलोत, संतोष पुरोहित एवं विजय वर्मा सहित अनेक पाठियों ने सुंदरकांड की सुमधुर चौपाइयों का भावपूर्ण गायन कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
समारोह के अंत में मंदिर के पुजारी श्री बसंत राज स्वामी ने पधारे हुए सभी संतों, मानस पाठियों, अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का हृदय से आभार व्यक्त किया।


