गंगाशहर थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा, 3 की मौके पर ही मौत
गंगाशहर थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा, 3 की मौके पर ही मौत


- अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक 3 सवार चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत
बीकानेर , 8 सितम्बर । बीकानेर के जोधपुर हाईवे पर सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन चचेरे भाइयों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। तीनों एक पारिवारिक कार्यक्रम से वापस अपने गांव लौट रहे थे, उसी दौरान पलाना और उदयरामसर के बीच किसी अज्ञात भारी वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।


हादसा गंगाशहर थाना क्षेत्र में नोखा रोड पर रात करीब 1 बजे घटित हुआ। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।


अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हुआ हादसा
गंगाशहर थानाधिकारी गणेश बिश्नोई के अनुसार, मृतकों की पहचान स्वरूपदेसर निवासी चन्दाराम, तोलाराम और महेंद्र सिहाग के रूप में हुई है। तीनों आपस में चचेरे भाई थे।
कार्यक्रम से लौट रहे थे घर: तीनों भाई नोखा रोड़ स्थित जैन समाज के एक भवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी बाइक से गांव लौट रहे थे।
सिर में आई गंभीर चोटें: जैन भवन के पास किसी अज्ञात भारी वाहन ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों के सिर में गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
राहगीर की सूचना पर पहुंची पुलिस: हादसे के बाद वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
स्वरूपदेसर निवासी लाधुराम सियाग के तीनों बेटों के एक-एक पुत्र की इस हादसे में मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
तीनों मृतक युवक विवाहित थे और करीब दो साल के अंतराल में ही उनकी शादियां हुई थीं।
तीनों भाई स्थानीय किराना दुकान पर काम करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे।
फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक का सुराग लगाया जा सके।
