महिला पतंजलि योग समिति की राज्य स्तरीय कार्यशाला संपन्न, 41 जिलों की बहनों ने लिया हिस्सा
Screenshot



- बीकानेर के नोखा की कोमल बजाज की सराहनीय भूमिका
जयपुर, 18 मई। महिला पतंजलि योग समिति राजस्थान के तत्वावधान में जयपुर के नंदपुरी (22 गोदाम) स्थित महाराजा अग्रसेन विकास ट्रस्ट में दो दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। 16 और 17 मई 2026 को आयोजित इस विशेष कार्यशाला में बीकानेर जिले की टीम ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य वर्तमान समय में समाज को योग, यज्ञ, भारतीय संस्कृति, स्वदेशी की भावना से जोड़ना तथा भारतीय शिक्षा पद्धति के प्रचार-प्रसार में महिलाओं की विशेष भूमिका को रेखांकित करना था। आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हुई इस कार्यशाला से संभागियों में एक नई सोच, जागरूकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ है।


यह गरिमामयी कार्यशाला राज्य प्रभारी (राजस्थान) सरिता गुर्जर एवं सह राज्य प्रभारी विजय लक्ष्मी के पावन सानिध्य में आयोजित हुई। इस दो दिवसीय सत्र में राजस्थान के 41 जिलों से 200 से अधिक महिला प्रतिनिधियों, योग शिक्षिकाओं और योग साधिकाओं ने हिस्सा लिया। कार्यशाला के दौरान राज्य सोशल मीडिया प्रभारी (राजस्थान पूर्व) एवं राज्य कार्यकारिणी सदस्य सुनीता गुर्जर ने वर्तमान दौर में सोशल मीडिया की तकनीकी बारीकियों और इसके सही उपयोग की महत्ता पर प्रकाश डाला। वहीं, राज्य प्रभारी सरिता गुर्जर और सह प्रभारी विजय लक्ष्मी ने संगठन की मजबूती, सेवा प्रकल्पों के विस्तार तथा योग को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।


सोशल मीडिया प्रभारी इंदु शर्मा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार सत्र में विभिन्न जिलों से आईं राज्य कार्यकारिणी सदस्यों और पदाधिकारियों— उर्मिला, पूजा नागपाल, सरोज मालू, तारा और राजेश ने भी अपने विचार साझा किए। कार्यशाला के दूसरे दिन सभी संभागियों को महिला पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से केंद्रीय प्रभारी आदरणीया देवप्रिया दीदी का विशेष आशीर्वाद प्राप्त हुआ। इस पूरे आयोजन में बीकानेर जिले की भूमिका बेहद सराहनीय रही, जिसमें विशेष रूप से नोखा की युवती प्रभारी कोमल बजाज ने अपनी सक्रियता से जिले का गौरव बढ़ाया।


