निर्जला एकादशी पर खाटू श्याम मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, भजनों से गूंजा बाबा का दरबार
निर्जला एकादशी पर खाटू श्याम मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, भजनों से गूंजा बाबा का दरबार



- “सज मत श्याम नजर लग जाएगी, बरसाने की गुजरी तेरे पर मर जाएगी”
बीकानेर, 25 जून । निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर जयपुर रोड स्थित खाटू श्याम बाबा मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह की प्रथम किरण के साथ ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें बाबा के दर्शन के लिए लगनी शुरू हो गईं। दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा और पूरा मंदिर परिसर बाबा के गगनभेदी जयकारों तथा भजनों की मधुर स्वर लहरियों से गुंजायमान रहा।


इस विशेष अवसर पर भजन कलाकारों और भक्तों द्वारा बाबा के दरबार में “सज मत श्याम नजर लग जाएगी, बरसाने की गुजरी तेरे पर मर जाएगी” जैसे मनमोहक भजनों की सुंदर प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे पूरा माहौल भक्ति रस में डूब गया। भजनों की थाप पर श्रद्धालु खुद को रोक नहीं पाए और झूमते नजर आए। भक्तों ने बाबा की अनन्य भक्ति में लीन होकर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया।


कमल के फूलों से हुआ बाबा का अलौकिक श्रृंगार
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, निर्जला एकादशी को वर्षभर में आने वाली सभी 24 एकादशियों में सबसे महत्वपूर्ण और कठिन माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन बिना जल ग्रहण किए उपवास रखने और भगवान की आराधना करने से पूरे वर्ष की एकादशियों के व्रत का पुण्य फल स्वतः ही प्राप्त हो जाता है। इसी अगाध आस्था के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने निर्जला व्रत रखा और बाबा के चरणों में शीतल जल से भरी मटकी, हाथ का पंखा, खरबूजा तथा अन्य धार्मिक वस्तुएं दान-पुण्य के रूप में अर्पित कीं। उत्सव के मद्देनजर मंदिर को कमल के फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। बाबा श्याम का विशेष आलौकिक श्रृंगार सेवादार चेतन शर्मा और किशन जोशी द्वारा ताजे कमल पुष्पों से किया गया, जिसकी छटा ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
गर्मी से राहत के लिए बंटा 20 क्विंटल मिल्क शेक, छबील की रही उत्तम व्यवस्था
भीषण गर्मी और उमस को ध्यान में रखते हुए मंदिर ट्रस्ट द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक और चाक-चौबंद व्यवस्थाएं की गईं। दर्शनार्थियों को गर्मी से राहत देने के लिए मंदिर परिसर में लगभग 20 क्विंटल से अधिक दूध से तैयार पाइनएप्पल, बनाना और गुलाब फ्लेवर के विशेष ठंडे शेक का प्रसाद स्वरूप अनवरत वितरण किया गया। इसके साथ ही मंदिर परिसर के बाहर राहगीरों और भक्तों के लिए ठंडे-मीठे पानी की छबील की विशेष व्यवस्था भी की गई, जिसमें भामाशाह कुलदीप चौधरी का विशेष और सराहनीय सहयोग रहा। इसके अलावा बाबा को भोग लगाए गए विभिन्न मौसमी फलों का भी भक्तों में वितरण किया गया।
मंदिर ट्रस्ट के सभी पदाधिकारी एवं सेवादार सुबह मंगला आरती से ही विभिन्न सेवा कार्यों में जुटे रहे और कतारों को सुचारू बनाए रखने में अपना योगदान दिया। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष के.के. शर्मा ने बताया कि निर्जला एकादशी का पर्व हर वर्ष की भांति इस बार भी अत्यंत श्रद्धा, गरिमा और उत्साह के साथ मनाया गया है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए सभी भक्तों, सेवादारों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्याम मंदिर परिवार सदैव श्रद्धालुओं की सुगम दर्शन व्यवस्था और सेवा के लिए तत्पर रहेगा।


