गंगाशहर सैटेलाइट अस्पताल में चिकित्सकों का भव्य सम्मान

गंगाशहर सैटेलाइट अस्पताल में चिकित्सकों का भव्य सम्मान
shreecreates
quicjZaps 15 sept 2025
STBA 5 JUNE 2026
  • कोलकाता और सूरत के प्रवासियों ने मातृभूमि की सेवा का दोहराया संकल्प

गंगाशहर (बीकानेर), 27 जून । “सपने बड़े देखने वाले ही सफलता के सोपान पर चढ़ सकते हैं। सपने देखकर उसे संकल्पपूर्वक पूरा करने का प्रयास करने से वे अवश्य पूरे होते हैं।” ये प्रेरणादायी उद्गार गंगाशहर नागरिक परिषद्, कोलकाता के अध्यक्ष प्रदीप चोपड़ा ने आज गंगाशहर सैटेलाइट अस्पताल में कर्तव्यनिष्ठ चिकित्सकों के सम्मान में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान व्यक्त किए। चोपड़ा ने कहा कि कोलकाता में रहने वाले गंगाशहर के प्रवासियों की यह संस्था अपनी मातृभूमि में चिकित्सा, शिक्षा, विकास और समाज कल्याण के कार्यों के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने एक बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि अस्पताल के कायाकल्प की तर्ज पर परिषद् ने अब यहाँ के राजकीय भट्टड़ स्कूल को भी गोद लिया है, जिसके सर्वांगीण विकास की योजना बनाकर शीघ्र ही धरातल पर कार्य शुरू किया जाएगा।

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

समारोह का शुभारंभ पीड़ित प्राणियों के प्रति अनुकम्पा, दया और वैश्विक मैत्री के भावों से ओतप्रोत ‘करुणा प्रार्थना’ के सुमधुर सामूहिक गान से हुआ। इस अवसर पर परिषद् के मंत्री मनीष सेठिया ने चिकित्साकर्मियों और परिषद् के सदस्यों की कर्तव्यनिष्ठा की भूरि-भूरि प्रशंसा की। सेठिया ने अस्पताल के बुनियादी ढांचे की जानकारी देते हुए बताया कि जिस आधुनिक हॉल में यह आयोजन हो रहा है, उस वार्ड और उससे संलग्न 6 सर्वसुविधायुक्त कॉटेज का निर्माण हरीशशंकर भाटी के सौजन्य से तथा हनुमानमल गहलोत की नियमित देखरेख व कुशल मार्गनिर्देशन में करवाया गया है। इसके साथ ही अस्पताल में निर्माणाधीन नई लिफ्ट के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि इसके लिए सूरत के प्रवासियों के प्रमुख संगठन ‘गंगाशहर ओसवाल (जैन) नागरिक परिषद्, सूरत’ का विशेष आर्थिक सौजन्य प्राप्त हुआ है।

pop ronak

अधीक्षक डॉ. मुकेश बाल्मिकी सहित 11 चिकित्सा योद्धाओं का सम्मान

मानव सेवा में दिन-रात जुटे रहने वाले चिकित्सकों के सम्मान समारोह में अस्पताल के अधीक्षक डॉ. मुकेश बाल्मिकी, डॉ. संजीव सहगल, डॉ. विजयपाल सुनिया, डॉ. विजय कच्छावा, डॉ. चंद्रप्रभा, डॉ. रेणु बजाज, डॉ. अमित अरोड़ा, डॉ. जयसिंह बारठ, डॉ. खुशबू जोशी, डॉ. असलम तथा डॉ. धर्मवीर सियाग की गरिमामयी उपस्थिति रही। इन सभी चिकित्सकों द्वारा दी जा रही निष्ठापूर्वक विशिष्ट चिकित्सा सेवाओं का उल्लेख करते हुए अतिथियों द्वारा उन्हें सम्मान स्वरूप तिरंगी राष्ट्रीय पताका पहनाई गई और स्मृति चिह्न व उपहार भेंट कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।

सतर्कता समिति सदस्य मोहन सुराना और पूर्व महापौर नारायण चोपड़ा का अभिनंदन
इस खास मौके पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मोहन सुराना का राजस्थान सरकार की ‘जन अभाव अभियोग एवं सतर्कता समिति’ के जिला सदस्य पद पर मनोनयन होने पर परिषद् के पदाधिकारियों द्वारा शॉल, माला और तिरंगी पताका पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। सुराना ने अपने संबोधन में प्रवासियों के इस अद्वितीय योगदान की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सांसदों और विधायकों द्वारा मंत्रालय स्तर पर किए जा रहे प्रयासों से इस अस्पताल में जल्द ही नियमित 24 घंटे प्रसूति (मैटर्निटी) की उच्च स्तरीय सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

इसके पश्चात परिषद् के अध्यक्ष व मंत्री ने पूर्व महापौर नारायण चोपड़ा सहित गंगाशहर समिति के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं में संयोजक व महेंद्र चोपड़ा, बच्छराज रांका, मेघराज बोथरा, नृसिंह भट्टड़ और बच्छराज बैद का भी माला पहनाकर अभिनंदन किया।

भीषण लू से बचाव के लिए ‘अमृतम्’ सेवा जारी; स्वर्गीय चंपालाल डागा को दी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम के संचालक पिछले तीन वर्षों से भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से मरीजों व तीमारदारों को बचाने के लिए परिषद् द्वारा अस्पताल के मुख्य द्वार के सामने विशाल टेंट और ठंडे वाटर कूलर की व्यवस्था की जाती है। इसके साथ ही स्वास्थ्यवर्द्धक शीतल पेय ’अमृतम्’ का भी निःशुल्क वितरण किया जाता है। इस पुनीत कार्य में इस वर्ष ‘श्री साधुमार्गी श्रावक संघ, गंगाशहर-भीनासर’ ने सहभागिता निभाई है। उत्कृष्ट सेवा और श्रमदान के लिए संघ के अशोक डागा, डिम्पल डागा, भाग्यश्री सांड, बबिता नाहटा, विरेन्द्र डागा, गौतम सेठिया, जतनलाल पुगलिया, प्रकाश भूरा, राजश्री बोथरा, उमेश सेठिया, मनीष पटवा, मुकेश सेठिया, बजरंग चोरड़िया, सुरेन्द्र सिपानी, खुशबू बोथरा, स्वाति बोथरा, मुस्कान गुलगुलिया, दीपिका चोपड़ा और हर्षित गुलगुलिया आदि कार्यकर्ताओं को साधुवाद देते हुए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

संयोजक ने अपने वक्तव्य में कहा कि ईंट, सीमेंट और स्टील से अस्पताल की निर्जीव इमारत तो कोई भी खड़ी कर सकता है, मगर उसमें असली प्राण-प्रतिष्ठा हमारे चिकित्सकों और नर्सिंगकर्मियों की सेवा भावना से ही होती है। चिकित्सा सेवा केवल एक प्रोफेशन नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का संकल्प है, इसीलिए इन्हें ईश्वर का रूप माना जाता है। समारोह के अंत में सभी उपस्थित जनों द्वारा गंगाशहर समिति के पूर्व चेयरमैन एवं वरिष्ठ भामाशाह चंपालाल डागा के हाल ही में हुए दुखद निधन पर एक गहरा शोक प्रस्ताव पारित किया गया तथा दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा के प्रति अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

sesumo school
sjps