जैन संस्कार विधि से धर्म और आस्था के केंद्र ‘नवकार निलयम’ का भूमि पूजन संपन्न

जैन संस्कार विधि से धर्म और आस्था के केंद्र 'नवकार निलयम' का भूमि पूजन संपन्न
shreecreates
quicjZaps 15 sept 2025
STBA 5 JUNE 2026
  • चार मंजिला भवन में बच्चों को मिलेगी धार्मिक व संस्कार शिक्षा

बीकानेर, 27 जून । शहर के ऐतिहासिक दस्साणी चौक क्षेत्र में शनिवार को जैन समाज की अगाध आस्था और धार्मिक चेतना के एक नए केंद्र का उदय हुआ। शांत क्रांति जैन श्रावक संघ, बीकानेर के तत्वावधान में धर्म और आस्था के प्रमुख केंद्र ‘नवकार निलयम’ का भव्य भूमि पूजन विधि-विधान और मंत्रोच्चारण के साथ हर्षोल्लासपूर्वक संपन्न हुआ। इस मांगलिक प्रसंग को लेकर पूरे जैन श्रावक संघ और स्थानीय मोहल्लेवासियों में सुबह से ही भारी उत्साह और उल्लास का वातावरण देखा गया।

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

शांत क्रांति जैन श्रावक संघ के अध्यक्ष विजय कुमार लोढ़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि हुक्मगच्छाधिपति, युगपुरुष आचार्य भगवन 1008 श्री विजयराज जी महाराज साहब की पावन प्रेरणा और असीम अनुकंपा से इस मांगलिक कार्य का शुभारंभ हुआ। दस्साणी चौक स्थित निर्धारित भूखंड पर सुबह 10:15 बजे के शुभ मुहूर्त में जैन संस्कार विधिकर्ता तेरापंथ युवक परिषद अध्यक्ष देवेन्द्र डागा , कोषाध्यक्ष विपिन बोथरा व धर्मेंद्र डाकलिया के नेतृत्व में उपस्थित श्रावकों ने पूर्ण शुद्धता के साथ जैन संस्कार विधि द्वारा नवकार महामंत्र और विभिन्न कल्याणकारी मंत्रों का सामूहिक जाप करते हुए भूमि का शुद्धिकरण व पूजन किया।

pop ronak

धार्मिक कार्यों के साथ बच्चों के लिए संस्कार शाला बनेगा यह चार मंजिला भवन
अध्यक्ष विजय कुमार लोढ़ा ने भवन की उपयोगिता और भावी कार्ययोजना पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नवकार निलयम का निर्माण आधुनिक और पारंपरिक कला के समन्वय से एक चार मंजिला भव्य इमारत के रूप में किया जाएगा। इस भवन का मुख्य उद्देश्य केवल धार्मिक क्रियाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि आज के आधुनिक दौर में बच्चों व नई पीढ़ी में धर्म के प्रति गहरी आस्था और सुदृढ़ संस्कार विकसित करने के लिए यहाँ विशेष रूप से धार्मिक शिक्षा (संस्कार शाला) प्रदान की जाएगी।

भामाशाहों का शॉल और मोतियों की माला से बहुमान, गूंजे गुरुवर के मंगल गीत
भूमि पूजन की मुख्य रस्मों के सफलतापूर्वक संपन्न होने के पश्चात सामूहिक रूप से मंगल पाठ का वाचन किया गया। इस पावन अवसर पर समाज के विकास और इस पुनीत कार्य में अपना अमूल्य वित्तीय सहयोग देने वाले भामाशाहों व दानदाताओं का संघ की ओर से शॉल ओढ़ाकर तथा मोतियों की माला पहनाकर भावभीना बहुमान व अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के दौरान श्रावक संघ की महिला मंडल और पुरुषों ने गुरुवर श्री विजयराज जी महाराज साहब का कृतज्ञतापूर्वक स्मरण करते हुए सुमधुर सुरों में भक्तिमय मंगल गीत गाए, जिससे पूरा दस्साणी चौक क्षेत्र भक्ति के रंग में सराबोर हो गया।

इस ऐतिहासिक धार्मिक समागम में संघ के मंत्री विनोद सेठिया, किशनलाल बोथरा, मेघराज सेठिया, आनंद मिन्नी, प्रकाश सोनावत, देवेंद्र कुमार बांठिया, गौतम दस्साणी, महेश दस्साणी, मनीष बोथरा, सुनील सेठिया, राजेश सेठिया, प्रत्यक्ष दस्साणी तथा विकास सुखाणी सहित जैन समाज के सैकड़ों प्रबुद्ध गणमान्य नागरिक, समाजवेत्ता और बड़ी संख्या में मातृशक्ति (महिलाएं) उपस्थित रहीं।

sesumo school
sjps