167वें आयकर दिवस पर बीकानेर में अनोखी पहल, पौधारोपण, गौसेवा और सम्मान समारोह से दिया राष्ट्र निर्माण का संदेश
167वें आयकर दिवस पर बीकानेर में अनोखी पहल, पौधारोपण, गौसेवा और सम्मान समारोह से दिया राष्ट्र निर्माण का संदेश


बीकानेर, 24 जुलाई । 167वें आयकर दिवस के उपलक्ष्य में आयकर विभाग, बीकानेर एवं ‘₹1/- प्रतिदिन सेवा योजना परिवार’ (नक्षत्र पब्लिक ट्रस्ट) के संयुक्त तत्वाधान में नोखा रोड स्थित भीनासर गोचर भूमि के ‘जय गौमाता सेवा समिति गौ चिकित्सालय’ में एक प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य आयकर दिवस को केवल कर संग्रहण तक सीमित न रखकर पर्यावरण संरक्षण, गौसेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे राष्ट्र निर्माण के मूल्यों से जोड़ना था।


सीए विनोद कुमार पारख ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ भीनासर गोचर भूमि में 21 नीम के पौधों के रोपण के साथ हुआ। उपस्थित अधिकारियों, कर-व्यवसायियों और समाजसेवियों ने पौधों की नियमित देखभाल व संरक्षण का संकल्प लिया। इसके पश्चात गौवंश को हरा चारा खिलाया गया और पानी के टैंकरों के माध्यम से गौवंश व पौधों के लिए पेयजल उपलब्ध कराया गया।


कार्यक्रम में आयकर विभाग के सहायक आयुक्त रतन सिंह, आयकर अधिकारी हनुमान प्रसाद शर्मा, मोतीलाल वर्मा, खेमराज खरड़िया सहित अनेक विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। नक्षत्र पब्लिक ट्रस्ट के समन्वयक सीए विनोद कुमार पारख ने कहा कि कर प्रशासन और सामाजिक संस्थाओं के साझा प्रयासों से समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है।
इस अवसर पर बीकानेर टैक्स कंसल्टेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक व्यास व सचिव मनमोहन मोदी, बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के अध्यक्ष जुगल किशोर राठी व सचिव संजय जैन (सांड), और ICAI बीकानेर ब्रांच के अध्यक्ष सीए मुकेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में सीए, अधिवक्ता और गणमान्य व्यवसायी उपस्थित रहे। जय गौमाता सेवा समिति के यशवेन्द्र चौधरी व उनकी टीम ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान किया।
सेवा कार्यों के उपरांत आयोजित सम्मान समारोह में नक्षत्र पब्लिक ट्रस्ट द्वारा आयकर विभाग, टैक्स कंसल्टेंट्स एसोसिएशन और ICAI बीकानेर ब्रांच को स्मृति-चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, आयकर विभाग ने भी नक्षत्र पब्लिक ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें अभिनंदन पत्र सौंपा।
समारोह के अंत में गीत-संगीत व अंताक्षरी के सांस्कृतिक कार्यक्रम ने आयोजन को आत्मीय व आनंदमय बना दिया। नक्षत्र पब्लिक ट्रस्ट की ओर से आयकर विभाग के सभी कर्मियों को सहभागिता हेतु प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। वक्ताओं ने संदेश दिया कि करदाता, कर-प्रशासन और समाज के बीच परस्पर विश्वास ही विकसित भारत की वास्तविक आधारशिला है।


