सुनील गज्जाणी “चेहरा ज़हन में उतर जाए इतना क़रीब बैठते थे वो….” नामक कविता के लिए राज्य स्तर पर सम्मानित होंगे
राज्य स्तरीय काव्य प्रतियोगिता में प्रसिद्ध साहित्यकार सुनील गज्जाणी को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है


जयपुर/बीकानेर, 7 अगस्त । संपर्क संस्थान, जयपुर द्वारा आयोजित गत वर्ष की “पिता” केंद्रित विषयक राज्य स्तरीय काव्य प्रतियोगिता में प्रसिद्ध साहित्यकार सुनील गज्जाणी को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से आई सैंकड़ों कविताओं के मध्य गज्जाणी की कविता को सर्वश्रेष्ठ चुना गया, जिसका पहला बंध है: “चेहरा ज़हन में उतर जाए इतना करीब बैठते थे वो, ज़िंदगी कविता-सी मगर कहानियों में बयां करते थे वो।”


संस्थान की सचिव रेनु शर्मा मुखर ने जानकारी देते हुए बताया कि सुनील गज्जाणी को यह सम्मान 8-9 अगस्त को मदनगंज-किशनगढ़ (अजमेर) में आयोजित होने वाले द्वि-दिवसीय भव्य समारोह के अंतर्गत प्रदान किया जाएगा।


उल्लेखनीय है कि हिंदी एवं राजस्थानी साहित्य के प्रतिष्ठित साहित्यकार सुनील गज्जाणी की अब तक पांच पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। इसके अतिरिक्त, एनसीईआरटी (NCERT) के निजी पाठ्यक्रम के तहत कक्षा 7वीं व 8वीं में उनका बाल नाटक भी शामिल रहा है। गज्जाणी की साहित्यिक रचनाओं का देश की विभिन्न भाषाओं में अनुवाद हो चुका है और वे पूर्व में भी अनेक प्रादेशिक व राष्ट्रीय स्तर के सम्मानों, पुरस्कारों एवं मानद उपाधियों से विभूषित किए जा चुके हैं।


