बीकानेर के सरकारी समाचार
बीकानेर के सरकारी समाचार



- बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास ने सामुदायिक भवन में विधायक निधि से बने कमरे एवं स्नानघर का किया लोकार्पण
बीकानेर, 18 अगस्त। बीकानेर पश्चिम विधायक श्री जेठानंद व्यास ने भाटों के बास स्थित सार्वजनिक सामुदायिक भवन में विधायक निधि से 8 लाख रुपये की लागत से निर्मित कमरों एवं स्नानघर का मंगलवार को लोकार्पण किया।


इस अवसर पर विधायक जेठानंद व्यास ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के साथ विधायक निधि का भी बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आमजन को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाना और क्षेत्र का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं।



उन्होंने कहा कि भाटों के बास स्थित सार्वजनिक सामुदायिक भवन में आवश्यक सुविधाओं का विकास होने से स्थानीय निवासियों को लाभ मिलेगा। विभिन्न आयोजनों में सहूलियत होगी।
विधायक ने कहा कि विकास कार्यों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है तथा क्षेत्र की आवश्यकता के अनुरूप आगे भी विकास कार्य करवाए जाएंगे।
इस दौरान किशन चौधरी, दिनेश चौहान, प्रतीक स्वामी, मुकेश ओझा, बचना राम, टीकूजी शायर सिंह, अशोक, मुरली, महेश, चैन, रामकरण अनिल, हुकुम, हनुमान, हरि, भैर, शंकर और मोहल्ले के प्रबुद्ध जन शामिल हुए।
==========
- बीटीयू एवं आरकैट के संयुक्त तत्वावधान में उभरती प्रौद्योगिकियों पर एक दिवसीय कार्यशाला का हुआ आयोजन
बीकानेर, 18 अगस्त। राजस्थान सेंटर फॉर एडवांस्ड टेक्नोलॉजी और बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में उभरती प्रौद्योगिकियों पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन बीटीयू परिसर स्थित सेमीनार हॉल में मंगलवार को किया गया।
कार्यशाला का शुभारम्भ आरकेट स्पोक इंचार्ज तथा सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के अतिरिक्त निदेशक सत्येन्द्र सिंह राठौड़, डीन एकेडमिक्स सुधीर भारद्वाज, उपनिदेशक गगन भाटिया, कार्यशाला संयोजक जय भास्कर, मेंटर दीपेश आरकेट, लक्ष्मण सिंह, सहायक आचार्य संदीप कुमार ने दीप प्रज्वलन के साथ किया। कार्यक्रम का सफल संचालन कार्यशाला संयोजक जय भास्कर ने किया।
बीटीयू के कुलगुरु प्रो.अखिल रंजन गर्ग ने इस आयोजन को विद्यार्थियों के लिए उद्योगोन्मुखी शिक्षा और करियर-उन्मुख कौशल विकास की दिशा में एक प्रभावी कदम बताया। कार्यशाला संयोजक जय भास्कर ने ट्रू चिप तथा पॉवर बी आई जैसी वैश्विक संस्थाओं के विशेषज्ञों ने छात्रों को नवीनतम तकनीकी प्रवृत्तियों एवं उद्योग की मांगों से अवगत कराया। अतिरिक्त निदेशक सत्येन्द्र सिंह राठौड़ ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ, विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार करने में सहायक सिद्ध होंगे।
उप निदेशक गगन भाटिया ने आरकेट की भूमिका और उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को तकनीकी कौशल अर्जित करने के लिए प्रेरित किया। डॉ सुधीर भारद्वाज ने कहा कि यह कार्यशाला विद्यार्थियों को उद्योग जगत की वास्तविक आवश्यकताओं से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी।
बीकानेर डिविजनल मेंटर श्री दीपेश रामावत ने बताया कि तकनीकी सत्रों में श्री रणवीर सिंह (सेमीकंडक्टर, चिप टेक्नोलॉजी) तथा श्री रवि स्वामी (पॉवर बीआई) शामिल रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों को उभरती प्रौद्योगिकियों की गहन जानकारी दी। कार्यक्रम में बीटीयू के संगणक विज्ञान एवं अभियांत्रिकी तथा साइबर सिक्योरिटी विभाग के लगभग 150 विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कुलगुरु ने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाकर अपने तकनीकी दृष्टिकोण को व्यापक बनाएं और उद्योग-प्रेरित करियर अवसरों के लिए स्वयं को तैयार करें। इस अवसर पर महाविद्यालय से डॉ. गायत्री शर्मा, श्रीमती गगनदीप कौर, श्री राकेश कुमार, श्री संदीप भाखर, श्री जयवीर सहित अनेक प्रतिभागी सम्मिलित हुए।
====
मुख्यमंत्री कोरोना सहायता योजना अंतर्गत पेंशनर्स व बच्चों का होगा वार्षिक सत्यापन
बीकानेर, 18 अगस्त। मुख्यमंत्री कोरोना सहायता योजना के अंतर्गत लाभान्वित पेंशनर्स एवं बच्चों का वार्षिक सत्यापन किया जाएगा।
योजना के तहत अनाथ बच्चों, विधवा महिलाओं एवं उनके बच्चों को नियमित पेंशन भुगतान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिवर्ष जुलाई माह में सत्यापन आवश्यक है।लाभार्थी ई-मित्र कियोस्क के माध्यम से भी अपना वार्षिक सत्यापन करवा सकते हैं। सत्यापन हेतु लाभार्थियों को अपना जनआधार कार्ड एवं योजना से जुड़े 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों का वर्ष 2026-27 का अध्ययन प्रमाण पत्र (विद्यालय/आंगनबाड़ी द्वारा जारी) प्रस्तुत करना होगा। प्रमाण पत्र में विद्यालय का नाम, पता, कक्षा, प्रधानाचार्य का नाम एवं मोबाइल नंबर अंकित होना आवश्यक है। सत्यापन प्रक्रिया ओटीपी या बायोमेट्रिक के माध्यम से पूरी की जाएगी।
इसके अतिरिक्त लाभार्थी संबंधित ब्लॉक के सामाजिक सुरक्षा अधिकारी (पंचायत समिति) कार्यालयों-बीकानेर, श्रीडूंगरगढ़, नोखा, कोलायत, खाजूवाला एवं लूणकरणसर तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के जिला बीकानेर और संयुक्त निदेशक कार्यालय रानी बाजार में भी उपस्थित होकर सत्यापन करवा सकते हैं।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक एल. डी. पंवार ने बताया कि वर्ष 2026-27 में सत्यापन पूर्ण होने पर ही लाभार्थियों को नियमित रूप से पेंशन का भुगतान किया जाएगा। वर्तमान में योजना के तहत 437 विधवा महिलाओं, उनके 256 बच्चों एवं 3 अनाथ बच्चों को लाभान्वित किया जा रहा है।
====
खाद्य सुरक्षा योजनांतर्गत जिले को अक्टूबर माह के लिए 61786 क्विंटल गेहूं आवंटित
बीकानेर, 18 अगस्त। खाद्य सुरक्षा योजनांतर्गत जिले को अक्टूबर माह के लिए गेहूं आवंटित किया गया है। जिला रसद अधिकारी नरेश शर्मा ने बताया कि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा जिले को खाद्य सुरक्षा योजनान्तर्गत अन्त्योदय, बीपीएल, स्टेट बीपीएल तथा पीएचएच (अन्य) श्रेणी के राशन कार्ड धारक लाभार्थियों को निःशुल्क पात्रता अनुसार अक्टूबर माह के लिए 61786 क्विंटल गेहूं का आवंटन किया गया है। गेहूं का वितरण अन्त्योदय, बीपीएल, स्टेट बीपीएल एवं पीएचएच (अन्य) श्रेणी के राशन कार्ड धारकों को निशुल्क किया जावेगा। डीएसओ ने सभी संबंधित खाद्यान्न परिवहनकर्ता को निर्देश दिये है कि पर्याप्त संख्या में ट्रकों की उपलब्धता करवाते हुए उक्त योजना से भारतीय खाद्य निगम के कार्य दिवसों में निर्धारित वैधता अवधि के दौरान शत-प्रतिशत गेहूं का उठाव सुनिश्चित करें।
=======
अनियमितताएं पाए जाने 2 मेडिकल स्टोर्स के अनुज्ञापत्र निरस्त
बीकानेर, 18 अगस्त। जांच के दौरान विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर 2 मेडिकल स्टोर्स के अनुज्ञापत्र निरस्त किए गए हैं।
अनुज्ञापन प्राधिकारी एवं सहायक औषधि नियंत्रक देवेंद्र कुमार केदावत ने बताया कि ऐसी औषधी जिनका नशे के रुप में दुरुपयोग होता है, के क्रय विक्रय भंडारण में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर हनुमान मंदिर के पास पूगल रोड बंगलानगर स्थित लक्ष्मी मेडिकल एंड जनरल स्टोर एवं पूगल रोड बंगलानगर स्थित कृष्णा मेडिकल एंड जनरल स्टोर के अनुज्ञापत्र औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 नियमावली 1945 के नियम 66(1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए तुरंत प्रभाव से निरस्त किए गए हैं।
=====
रोहिड़ा संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने के लिए ‘‘सेल्फी विद रोहिड़ा’’ अभियान का शुभारंभ
बीकानेर, 18 अगस्त। राज्य सरकार की ‘पंच गौरव’ योजना के तहत रोहिड़ा को बीकानेर जिले की ‘एक जिला-एक वनस्पति प्रजाति’ के रूप में चयनित किया गया है। मरुस्थलीय परिस्थितियों में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाला रोहिड़ा राजस्थान का राजकीय पुष्प भी है। इसके संरक्षण, संवर्धन और आमजन में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वन विभाग द्वारा विभिन्न नवाचार किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ‘सेल्फी विद रोहिड़ा’ अभियान का शुभारंभ किया गया है।
उप वन संरक्षक जी. वेंकटेश ने बताया कि अभियान के तहत जिले का कोई भी नागरिक ऐसे रोहिड़ा वृक्ष के साथ सेल्फी लेकर इसमें भाग ले सकता है, जो विशेषताओं से युक्त हो। इनमें पुराने एवं ऐतिहासिक महत्व वाले वृक्ष अथवा प्राकृतिक रूप से विशिष्ट आकार-प्रकार और पहचान वाले रोहिड़ा वृक्ष शामिल किए गए हैं। प्रतिभागी सेल्फी के साथ निर्धारित जानकारी को दिए गए क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन अपलोड कर सकेंगे। इससे जिले में मौजूद महत्वपूर्ण एवं विशिष्ट रोहिड़ा वृक्षों की पहचान के साथ-साथ उनके संरक्षण के लिए डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल सेल्फी प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से ‘रोहिड़ा को जानें, रोहिड़ा को पहचानें और रोहिड़ा को बचाएं’ की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। विशेष रूप से युवाओं, विद्यार्थियों, पर्यावरण प्रेमियों, प्रकृति फोटोग्राफरों, ग्रामीणों और सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं को अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। प्रतिभागियों द्वारा साझा की गई तस्वीरों एवं जानकारी के आधार पर जिले के विशिष्ट रोहिड़ा वृक्षों को चिन्हित कर उनके संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में आगामी कार्ययोजना तैयार की जा सकेगी।
उन्होंने बताया कि वन विभाग सोशल मीडिया के माध्यम से भी अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करेगा। प्रतिभागी अपनी सेल्फी साझा करते समय #SelfieWithRohida, #RohidaBikaner और #PanchGaurav जैसे हैशटैग का उपयोग कर अभियान को जन-अभियान का स्वरूप देने में सहयोग कर सकेंगे। अभियान के दौरान प्राप्त प्रविष्टियों में से सर्वश्रेष्ठ पांच प्रतिभागियों को जिला स्तरीय वन महोत्सव के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि रोहिड़ा मरुस्थलीय पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण घटक है तथा स्थानीय परिस्थितियों में इसकी उपयोगिता और जैव-विविधता की दृष्टि से विशेष महत्ता है। अभियान के माध्यम से नई पीढ़ी को जिले की इस विशिष्ट वनस्पति प्रजाति से जोड़ने तथा रोहिड़ा को बीकानेर की पर्यावरणीय पहचान और गौरव के रूप में स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने जिलेवासियों से अधिकाधिक संख्या में अभियान में भाग लेकर रोहिड़ा संरक्षण के इस जन-अभियान को सफल बनाने की अपील की है।
===========
बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास ने किया एक करोड़ 11 लाख रुपए से अधिक के सड़क विकास कार्यों का शिलान्यास
बीकानेर, 18 अगस्त। बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास ने मंगलवार को बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में एक करोड़ 11 लाख रुपए से अधिक की लागत से होने वाले विभिन्न सड़क, सीसी सड़क एवं ब्लॉक निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इन विकास कार्यों से शहरी क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों में आवागमन की सुविधा बेहतर होने के साथ ही आमजन को आधारभूत सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
विधायक ने खजांची पट्टे से रूपचंद मोहनलालजी की दुकान तक सड़क निर्माण, कोचरों के चौक से कोचरों की पिछली गुवाड़ तक, कोचरों के चौक से भैरुणरतन स्कूल की तरफ गुजरों के मोहल्ले तक, कोचरों के चौक से ढूढीवाली होते हुए मैन जेल रोड तक, हनुमानजी मंदिर से होटल भंवर निवास तक सड़क निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इसके साथ ही वार्ड संख्या 79 में कुम्हारों का मोहल्ला स्थित हनुमान मंदिर सहित अन्य क्षेत्रों में सीसी एवं ब्लॉक निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि डबल इंजन सरकार के माध्यम से प्रदेश में विकास को नई गति मिली है। शहरों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सड़क, बिजली, पानी, नाली और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य प्राथमिकता के साथ करवाए जा रहे हैं। बीकानेर पश्चिम क्षेत्र में भी आवश्यकता के अनुसार चरणबद्ध रूप से विकास कार्य स्वीकृत करवाकर धरातल पर उतारे जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अच्छी सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारभूत आवश्यकता हैं। सड़क निर्माण से आवागमन सुगम होने के साथ व्यापार, रोजगार और आमजन की दैनिक गतिविधियों को भी गति मिलती है। उन्होंने कहा कि पानी और बिजली से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के साथ ही सड़क तंत्र को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करते हुए बीकानेर पश्चिम को बेहतर और सुविधायुक्त विधानसभा क्षेत्र बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने विकास कार्यों के शिलान्यास पर विधायक का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान अधिशाषी अभियंता कमल खत्री, सहायक अभियंता सरस्वती रंगा, किशन चौधरी, रमजान अब्बासी, विशाल गोलछा, रामचन्द्र सोनी, लोकेश महेकार, सुनील जोशी, सुरेन्द्र कोचर, महेन्द्र बरडिया, हनुमान चावडा, अजय खजांची, गिरिराज भादाणी, विजयचंद कोचर, प्रफुल्ल नाहटा, संजय कोचर, नरेन्द्र सोलंकी, जुगल खडगावत, मुकेश नायक, मधुसूदन शर्मा, धु्रव सोनी, विमला रामावत, चन्द्रप्रकाश नाहटा, संजय आचार्य, अनादि पारीक, अनिरूद्ध आचार्य, ओम प्रकाश कुमावत, राजू कोचर, परिजात कोचर जिया उल हक आदि मौजूद रहे।
=======
बुधवार को नापासर और लूणकरणसर के दौरे पर रहेंगे खाद्य मंत्री गोदारा
बीकानेर, 18 अगस्त। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा बुधवार को लूणकरणसर और नापासर क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे।
गोदारा प्रातः 10:30 बजे नापासर में भैरूंजी मंदिर से मुख्य बाजार होते हुए चुंगी चौकी तक सीसी सड़क निर्माण का लोकार्पण करेंगे। 1.2 किलोमीटर लंबी सड़क पर 2 करोड़ 98 लाख रुपए हुए हैं। दोपहर 2 बजे लूणकरणसर नगर पालिका के प्राइवेट बस स्टैंड में 27 लाख रुपए की लागत से तैयार हाई मास्क लाइटें क्षेत्र को समर्पित करेंगे।

