बीकानेर के सरकारी समाचार

बीकानेर के सरकारी समाचार
STBA 5 JUNE 2026
quicjZaps 15 sept 2025
  • नगरीय निकाय आम चुनाव-2026: जिला निर्वाचन अधिकारी श्री निशान्त जैन ने राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज का किया अवलोकन
  • स्ट्रांग रूम, मतदान दलों की रवानगी और वापसी सहित मतगणता की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

बीकानेर, 21 अगस्त। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री निशान्त जैन ने नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के संदर्भ में राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में स्थापित होने वाले स्ट्रांग रूम, मतदान दलों की रवानगी की वापसी तथा मतगणना के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं की तैयारियों की प्रारंभिक समीक्षा की।

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

जिला निर्वाचन अधिकारी ने शुक्रवार को सभी संबंधित अधिकारी के साथ कॉलेज परिसर का अवलोकन किया और कहा कि नगरीय निकाय आम चुनाव के संबंध में राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में होने वाली समस्त व्यवस्थाओं को सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ समय रहते पूर्ण कर लें। प्रत्येक कार्य की समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।

pop ronak

श्री जैन ने बताया कि मतदान से पूर्व मतदान दलों की रवानगी तथा वापसी पॉलिटेक्निक कॉलेज से होगी। वहीं मतगणना भी यहीं की जाएगी। इसके मद्देनजर सभी संबंधित प्रकोष्ठों द्वारा समस्त व्यवस्थाएं समय रहते कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि मतदान दलों रवानगी के दौरान टेंट, बैठक, पार्किंग, माइक सहित समस्त व्यवस्थाओं के बारे में जाना।मतदान के पश्चात ईएवीएम को सुरक्षित रखने के लिए स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को कार्यों की प्रगति से नियमित अवगत करवाने के लिए निर्देशित भी किया। इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय के विभिन्न कक्षों, हॉल और मैदान का अवलोकन किया।

इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री उम्मेद सिंह रतनू, बीडीए सचिव श्री हेमेन्द्र नागर सहित पीडब्ल्यूडी और अन्य विभागों के अधिकारी साथ रहे।
=====

  • बीकानेर शहर के जल उपभोक्ता अब फोनपे ऐप से घर बैठे जमा कर सकेंगे पानी का बिल
  • ऑनलाइन भुगतान की सुविधा से उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत, विभागीय कार्यालय या ई-मित्र केंद्र जाने की नहीं होगी आवश्यकता

बीकानेर, 21 अगस्त। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, नगर वृत्त बीकानेर द्वारा शहर के समस्त जल उपभोक्ताओं के लिए पानी के बिल का ऑनलाइन भुगतान करने की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। इसके तहत उपभोक्ता अब फोनपे (PhonePe) ऐप के माध्यम से घर बैठे किसी भी समय अपने पानी के बिल की बकाया राशि का ऑनलाइन भुगतान कर सकेंगे।

अधीक्षण अभियंता श्री जे.के. चारण ने बताया कि जानकारी के अभाव में अनेक उपभोक्ता इस सुविधा का पर्याप्त लाभ नहीं ले पा रहे हैं और उन्हें अभी भी जलदाय विभाग के कार्यालय अथवा ई-मित्र केंद्र पर जाकर बिल की राशि जमा करवानी पड़ती है। विभाग ने सभी जल उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे डिजिटल सुविधा का अधिकाधिक उपयोग करें।

फोनपे के माध्यम से पानी का बिल जमा करने की प्रक्रिया

चारण ने बताया कि जल शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करने के लिए उपभोक्ता को फोनपे ऐप पर निम्न प्रक्रिया अपनानी होगी—
1. अपने मोबाइल फोन में PhonePe ऐप खोलें।
2. Recharge & Bills अथवा संबंधित Bill Payments विकल्प में जाकर Water (जल शुल्क) विकल्प का चयन करें।
3. मांगे जाने पर संबंधित विभाग के बिलर का चयन करें।
4. अपने पानी के बिल पर अंकित उपभोक्ता आईडी (Consumer ID) को निर्धारित स्थान पर दर्ज करें।
5. उपभोक्ता आईडी दर्ज करते ही संबंधित उपभोक्ता के खाते में दर्ज बकाया जल शुल्क की राशि ऑनलाइन प्रदर्शित होगी।
6. प्रदर्शित राशि का सत्यापन करने के पश्चात ऑनलाइन भुगतान किया जा सकेगा।
7. भुगतान पूर्ण होने के पश्चात प्राप्त Payment Confirmation/Receipt का स्क्रीनशॉट अथवा रसीद सुरक्षित रखी जा सकती है, ताकि भविष्य में आवश्यकता होने पर भुगतान का प्रमाण उपलब्ध रहे।

  • बिल प्राप्त नहीं होने पर भी ऑनलाइन देख सकेंगे बकाया राशि

अधीक्षण अभियंता चारण ने बताया कि प्रत्येक जल उपभोक्ता का पानी का बिल सामान्यतः द्विमासिक (दो माह में एक बार) जारी किया जाता है। कई बार किसी कारणवश उपभोक्ता को बिल समय पर प्राप्त नहीं हो पाता अथवा बिल की भौतिक प्रति नहीं मिलती। ऐसी स्थिति में भी संबंधित उपभोक्ता के खाते में दर्ज बकाया राशि ऑनलाइन उपलब्ध रहती है। उपभोक्ता अपनी उपभोक्ता आईडी के माध्यम से फोनपे पर बकाया राशि देख सकता है तथा निर्धारित राशि का ऑनलाइन भुगतान कर सकता है।

इस सुविधा से उपभोक्ताओं को विभागीय कार्यालय अथवा ई-मित्र केंद्र पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे समय, श्रम एवं अनावश्यक आवागमन से बचाव होगा। साथ ही डिजिटल भुगतान को बढ़ावा मिलने से जल शुल्क संग्रहण व्यवस्था भी अधिक सुगम, पारदर्शी एवं प्रभावी बनेगी।

अधीक्षण अभियंता श्री जे. के. चारण ने बीकानेर शहर के समस्त जल उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस डिजिटल सुविधा का अधिकाधिक उपयोग करें तथा अपने जल बिल का भुगतान निर्धारित समय पर ऑनलाइन करें। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य जल उपभोक्ताओं को सरल, सुगम, पारदर्शी एवं नागरिक-केंद्रित सेवाएं उपलब्ध करवाना है और ऑनलाइन भुगतान की सुविधा इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
======

  • डिजिटल युग में कंप्यूटर साक्षरता का महत्व समझाया
  • उदासर के राजकीय विद्यालय में विद्यार्थियों ने सीखे साइबर सुरक्षा के गुर

बीकानेर, 21 अगस्त। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए गांव उदासर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में ‘डिजिटल युग में कंप्यूटर साक्षरता का महत्व’ विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और डिजिटल तकनीक के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

मुख्य वक्ता राजकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय के डॉ. विशाल गौड़ ने विद्यार्थियों को वर्तमान डिजिटल युग में कंप्यूटर साक्षरता एवं डिजिटल कौशल की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि तकनीक का ज्ञान आज शिक्षा, रोजगार और दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुका है, ऐसे में विद्यार्थियों के लिए डिजिटल रूप से दक्ष होने के साथ-साथ साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना भी आवश्यक है।इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत गोद लिए गए गांव के प्रभारी डॉ. गौतम कुमार मेघवंशी द्वारा अतिथियों एवं विद्यार्थियों के आत्मीय स्वागत के साथ हुई।

विद्यार्थियों ने पूछे साइबर सुरक्षा से जुड़े सवाल

जिज्ञासा समाधान सत्र में विद्यार्थियों ने वर्तमान समय में सामने आ रहे साइबर अपराधों और डिजिटल धोखाधड़ी से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे। डॉ. गौड़ ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए साइबर ठगी से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए।

उन्होंने विशेष रूप से समझाया कि कोई भी सरकारी एजेंसी वीडियो कॉल के माध्यम से किसी व्यक्ति को गिरफ्तार नहीं करती। इस प्रकार के फर्जी वीडियो कॉल या धमकी भरे कॉल से डरने के बजाय इसकी सूचना संबंधित परिजनों एवं अधिकारियों को देने की सलाह दी गई।

उन्होंने साइबर फ्रॉड एवं वित्तीय धोखाधड़ी से बचने के लिए अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी (OTP) किसी के साथ साझा नहीं करने तथा संदिग्ध कॉल एवं संदेशों से सावधान रहने की जानकारी दी। सोशल मीडिया पर साइबर स्टॉकिंग, ऑनलाइन पीछा किए जाने अथवा किसी प्रकार से परेशान किए जाने की स्थिति में तत्काल माता-पिता या शिक्षकों को जानकारी देने तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के लिए भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री बजरंग लाल भादू ने विद्यार्थियों को कार्यक्रम में प्राप्त महत्वपूर्ण जानकारियों को अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता आज प्रत्येक व्यक्ति के लिए आवश्यक है।

कार्यक्रम का संचालन गोदित ग्राम की सह प्रभारी डॉ. संतोष कंवर शेखावत ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों, विषय विशेषज्ञ एवं विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को कंप्यूटर साक्षरता के साथ-साथ सुरक्षित डिजिटल व्यवहार, साइबर अपराधों से बचाव और जिम्मेदार सोशल मीडिया उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।
======

  • आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
  • यूनिसेफ प्रतिनिधि डॉ. आदित्य अग्निहोत्री ने गुड़ा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का किया दौरा, लाभार्थियों से लिया फीडबैक

बीकानेर, 21अगस्त। आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना (AAGY) के अंतर्गत यूनिसेफ के डॉ. आदित्य अग्निहोत्री ने गुड़ा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण स्तर पर संचालित स्वास्थ्य गतिविधियों की जानकारी ली तथा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने को लेकर संबंधित कार्मिकों एवं ग्रामीण जनप्रतिनिधियों से चर्चा की।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष), गुड़ा के प्रभारी डॉ. इरशाद रफीक ने बताया कि दौरे के दौरान डॉ. अग्निहोत्री ने आरोग्य मित्र एवं आरोग्य सखी के साथ बैठक कर आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना के तहत संचालित विभिन्न स्वास्थ्य गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने आरोग्य मित्र एवं आरोग्य सखी को बीपी मापने की मशीन एवं आईडी कार्ड वितरित किए तथा ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच एवं प्रभावशीलता बढ़ाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

  • पंचायत की सक्रिय भागीदारी पर दिया जोर

डॉ. अग्निहोत्री ने आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना के सफल क्रियान्वयन में पंचायत की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर ग्राम सरपंच से भी चर्चा की। उन्होंने योजना के निर्धारित स्वास्थ्य संकेतकों की पूर्ति, समुदाय की सक्रिय सहभागिता तथा ग्रामीणों तक स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

इस अवसर पर डॉ. आदित्य अग्निहोत्री एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष), गुड़ा के प्रभारी डॉ. इरशाद रफीक सहित समस्त स्टाफ के बीच योजना से जुड़ी गतिविधियों को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने पर विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही आरोग्य मित्र एवं आरोग्य सखी की भूमिका को मजबूत करने तथा ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के विभिन्न उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

दौरे के दौरान डॉ. आदित्य अग्निहोत्री ने लाभार्थियों के अनुभवों को गंभीरता से सुना और कहा कि ग्रामीणों से प्राप्त फीडबैक स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं जनोपयोगी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार एवं समुदाय की भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।

डॉ. अग्निहोत्री का यह दौरा आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, सामुदायिक सहभागिता तथा ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण रहा।

इस अवसर पर कंपाउंडर दिलीप गुर्जर, योग प्रशिक्षक जसवंत सिंह, ग्राम विकास अधिकारी अनिल कड़ेला, एएनएम कविता चौधरी, सीएचओ नलिमा ज्यानी, अध्यापक राजाराम सोनी, जेठाराम, दशरथ सिंह, मांझी खां, मनफूल गर्ग, कालू सिंह सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।

================

विश्व उद्यमिता दिवस पर राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में उद्यमिता एवं स्वरोजगार कार्यशाला आयोजित

विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को ‘जॉब सीकर’ के बजाय ‘जॉब क्रिएटर’ बनने के लिए किया प्रेरित

बीकानेर, 21 अगस्त। विश्व उद्यमिता दिवस के अवसर पर राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय शुक्रवार को में एक दिवसीय ‘उद्यमिता एवं स्वरोजगार कार्यशाला’ का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को व्यवसाय शुरू करने की प्रक्रिया, बाजार विश्लेषण, वित्त प्रबंधन, डिजिटल माध्यमों के उपयोग तथा उद्यमिता एवं स्वरोजगार के लिए उपलब्ध सरकारी सुविधाओं एवं योजनाओं की जानकारी प्रदान करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य के. के. सुथार, जिला उद्योग केंद्र महाप्रबंधक श्रीमती मंजू नैण गोदारा एवं आमंत्रित विशेषज्ञों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। प्राचार्य श्री के. के. सुथार ने स्वागत उद्बोधन में विश्व उद्यमिता दिवस की उपादेयता तथा वर्तमान परिप्रेक्ष्य में स्वरोजगार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यक्रम में पधारे सभी विशेषज्ञों एवं अतिथियों का स्वागत किया।

महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र श्रीमती मंजू नैण गोदारा ने राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा उद्यमियों के लिए संचालित विभिन्न लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर उनकी शंकाओं का समाधान किया। संयुक्त निदेशक, जिला उद्योग केंद्र श्रीमती दिव्या शर्मा ने उद्यमशीलता के क्षेत्र में डिजिटल माध्यमों के बढ़ते प्रयोग एवं उनकी उपयोगिता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।

संयुक्त निदेशक, एनआईईएलआईटी (NIELIT) कपिल नयाल ने विद्यार्थियों के कौशल विकास के लिए विभिन्न उपयोगी कोर्स एवं नए व्यावसायिक आइडिया पर विस्तार से चर्चा की। वहीं जिला इनक्यूबेशन केंद्र के डोमेन एक्सपर्ट विपुल कुमार ने स्टार्टअप सेटअप करने की पूरी प्रक्रिया समझाई। उन्होंने राजस्थान सरकार द्वारा स्टार्टअप्स को दी जाने वाली सुविधाओं तथा iStart के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं, जैसे ‘राजस्थान स्टार्टअप हंट’ एवं ‘आइडियाथॉन’ के बारे में भी जानकारी दी।

कार्यक्रम समन्वयक एवं सहायक निदेशक (ट्रेनिंग) प्रशांत जोशी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए आह्वान किया कि युवा केवल नौकरी तलाशने वाले ‘जॉब सीकर’ बनने के बजाय ‘जॉब क्रिएटर’ बनने की दिशा में कदम बढ़ाएं। उन्होंने विद्यार्थियों को सफल उद्यमी बनने के लिए नवाचार, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यशाला में संस्थान के संकाय सदस्यों मेजर एस. एल. राठी, प्रवक्ता (इलेक्ट्रॉनिक्स) प्रशांत जोशी, प्रवक्ता (मैकेनिकल) प्रमोद नाथ जस्ता, प्रवक्ता (विद्युत) विक्रम कुशारी, प्रवक्ता (सिविल) नंदू स्वामी एवं प्रवक्ता (फिजिक्स) माहिपाल सिंह सहित विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। संपूर्ण कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावी संचालन श्रीमती कमलप्रीत कौर द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के अंत में असिस्टेंट ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट अधिकारी श्री कपिल जांगिड़ ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग के लिए सभी अतिथियों, वक्ताओं, संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
——-
दिनेश चंद्र सक्सेना एवं किशन व्यास आजाद स्मृति व्याख्यानमाला एवं श्रद्धांजलि सभा आयोजित

दिवंगत अधिकारियों का स्मरण उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि : जोशी

बीकानेर, 21 अगस्त। पब्लिक रिलेशंस एंड एलाइड सर्विसेज एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (प्रसार) की ओर से जनसंपर्क सेवा के वरिष्ठ अधिकारियों दिनेश चंद्र सक्सेना एवं किशन व्यास आजाद की स्मृति में व्याख्यानमाला एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।

सूचना केंद्र सभागार में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकार राजेंद्र जोशी ने कहा कि दोनों दिवंगत अधिकारियों ने सही मायनों में जनसंपर्क को जिया। उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन करने के साथ जनसंपर्क के क्षेत्र में कई नए आयाम स्थापित किए। उनकी स्मृति में आयोजन करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी के पूर्व सचिव पृथ्वीराज रतनू ने कहा कि दिनेश चंद्र सक्सेना ने जनता और सरकार के बीच सेतु का कार्य किया। युवा पीढ़ी को उनके आदर्शों का अनुसरण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क के क्षेत्र में बीकानेर का सदैव प्रभुत्व रहा है।

जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक एवं प्रसार के अध्यक्ष डॉ. हरि शंकर आचार्य ने कहा कि जनसंपर्क सेवा के क्षेत्र में अपना समूचा जीवन समर्पित करने वाले अधिकारियों का स्मरण करना हमारा दायित्व है। उन्होंने प्रसार की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।

जनसंपर्क अधिकारी सुरेश बिश्नोई ने कहा कि प्रसार की यह परंपरा दूसरों के लिए नजीर है। दिवंगत अधिकारियों का स्मरण करना एक अच्छी परंपरा है। वरिष्ठ पत्रकार भवानी जोशी ने कहा कि दिनेश चंद्र सक्सेना और किशन व्यास आजाद ने सदैव पत्रकारों के साथ बेहतर समन्वय रखा। पत्रकार विक्रम जागरवाल ने कहा कि दोनों विभूतियों की स्मृतियां सदैव हमारे मन-मस्तिष्क में रहेंगी। युवा पत्रकार रवि पुगलिया ने कहा कि दोनों अधिकारियों ने सदैव युवा पत्रकारों को आगे बढ़ाने का कार्य किया।

प्रीति आचार्य ने किशन व्यास आजाद तथा चंचरी सक्सेना ने दिनेश चंद्र सक्सेना के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंग साझा किए। कार्यक्रम का संचालन गोपाल जोशी ने किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने दिनेश चंद्र सक्सेना एवं किशन व्यास आजाद को पुष्पांजलि अर्पित की। प्रियांशु आचार्य ने आभार व्यक्त किया। समारोह में पूर्व पुस्तकालयाध्यक्ष राजेंद्र भार्गव, शिव कुमार सोनी, प्रशासनिक अधिकारी विक्रम सिंह, सहायक प्रशासनिक अधिकारी बृजेंद्र सिंह, फिरोज खान, उमा पुरोहित, निष्का, आनंद सिंह बिदावत, राकेश डुकिया, पत्रकार जयसिंह चौहान, यतेंद्र चड्ढा, हेमराज बिजारणियासहित अनेक लोग मौजूद रहे।
=====

अनियमितता पाए जाने पर मरुधरा कॉलेज पक्का भादवा परीक्षा केंद्र निरस्त

बीकानेर, 21 अगस्त। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित की जा रही वर्तमान परीक्षाओं के दौरान हनुमानगढ़ जिले में स्थापित मरुधरा कॉलेज, पक्का भादवा परीक्षा केंद्र पर 20 अगस्त 2026 को आयोजित परीक्षा में उड़न दस्ते के निरीक्षण के दौरान अनियमितता पाए जाने पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए परीक्षा केंद्र निरस्त कर दिया है।

परीक्षा नियंत्रक राजाराम चोयल ने बताया कि विश्वविद्यालय स्तर पर गठित उड़न दस्ता समिति द्वारा परीक्षा केंद्र पर पाए गए साक्ष्यों एवं उपलब्ध सबूतों के आधार पर कुलगुरु प्रोफेसर अखिल रंजन गर्ग को विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। रिपोर्ट पर तत्काल निर्णय लेते हुए कुलगुरु ने परीक्षा नियंत्रक प्रोफेसर राजाराम चोयल को संबंधित परीक्षा केंद्र निरस्त करने के आदेश प्रदान किए।

कुलगुरु के आदेशों की पालना में परीक्षा नियंत्रक द्वारा आदेश जारी कर मरुधरा कॉलेज, पक्का भादवा परीक्षा केंद्र को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। इस परीक्षा केंद्र पर पंजीकृत परीक्षार्थियों को निकटतम परीक्षा केंद्र राजकीय कन्या महाविद्यालय, हनुमानगढ़ में स्थानांतरित किया गया है, ताकि उनकी परीक्षाएं सुचारू रूप से आयोजित हो सकें।

कुलगुरु प्रोफेसर अखिल रंजन गर्ग ने सभी परीक्षा केंद्राधीक्षकों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी परीक्षा केंद्र पर अनियमितता पाए जाने पर तत्काल निर्णय लेते हुए संबंधित केंद्र के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्राधीक्षकों को निर्देशित किया कि परीक्षा आयोजन से संबंधित समस्त व्यवस्थाएं विश्वविद्यालय के नियमों एवं निर्धारित मापदंडों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।
=====
राजकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में ईएलसी क्लब के तहत कार्यक्रम आयोजित

बीकानेर, 21 अगस्त। मतदान के महत्त्व से परिचित कराने के लिए शुक्रवार को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के साक्षरता क्लब के तत्वावधान में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में ईएलसी प्रभारी मेजर एस. एल. राठी एवं राजकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. के. के. सुथार ने छात्र-छात्राओं को निष्पक्ष और जागरूक मतदाता बनने की शपथ दिलवाई।

मेजर राठी ने ईएलसी क्लब द्वारा भविष्य में आयोजित होने वाली गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पर प्रकाश डाला। प्रवक्ता प्रशांत जोशी एवं कमलप्रीत कौर ने कहा कि प्रत्येक मतदाता निर्भीक होकर, अपने मताधिकार का उपयोग करे। इस दौरान नगरीय निकाय चुनाव से संबंधित महत्वपूर्ण तिथियों की जानकारी दी गई।