बीकानेर की निगम और पालिकाओं के लिए नामांकन आज से शुरू
बीकानेर की निगम और पालिकाओं के लिए नामांकन आज से शुरू


- कलेक्ट्रेट परिसर में पांच जगह होंगे नॉमिनेशन, पहला पर्चा वार्ड 28 से महिला का, 9 सितंबर को मतदान
बीकानेर, 27 अगस्त। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है , जो 31 अगस्त तक चलेगी। पहले दिन वार्ड संख्या 28 से पुष्पा देवी सेठिया ने कांग्रेस से नामांकन दाखिल किया है। हालांकि अब तक कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं की है। नामांकन बी डी ए कार्यालय में सहायक आयुक्त कुनाल राहर को सौंपा गया।


नामांकन पत्रों की संवीक्षा 1 सितंबर को होगी। नाम निर्देशन पत्रों की वापसी 3 सितंबर को अपराह्न 3 बजे तक होगी। चुनाव चिन्हों का आवंटन 4 सितंबर को होगा।


नामांकन पत्र प्रातः 10.30 से दोपहर 3 तीन बजे तक प्राप्त किए जाएंगे।
कलेक्टरी परिसर में रहेगा मेला
नामांकन दाखिल करने वालों का बीकानेर के कलेक्टरी परिसर में ही मेला लगेगा। प्रशासन ने अलग अलग वार्डों के लिए अलग अलग जगह व्यवस्था की है, लेकिन ऐसे सभी ऑफिस कलेक्टरी परिसर में ही है। इससे एक जगह भीड़ होने के बजाय पूरे परिसर में अलग अलग जगह भीड़ होगी।
बीकानेर निगम के लिए ये व्यवस्था
नगर निगम बीकानेर के वार्ड संख्या 1 से 20 के लिए नाम निर्देशन पत्र अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) कार्यालय, वार्ड 21 से 35 के लिए बीकानेर विकास प्राधिकरण के नए भवन, वार्ड 36 से 50 के लिए बीकानेर विकास प्राधिकरण के पुराने भवन, वार्ड 51 से 65 के लिए तहसील कार्यालय तथा वार्ड 66 से 80 के लिए सहायक कलेक्टर (शहर) कार्यालय में प्रस्तुत किए जा सकेंगे।
नगर पालिका नोखा
वार्ड 1 से 25 के लिए उपखण्ड मजिस्ट्रेट कार्यालय नोखा और वार्ड 26 से 45 के लिए तहसील कार्यालय नोखा में नाम निर्देशन प्रक्रिया संपादित की जाएगी।
नगर पालिका श्रीडूंगरगढ़ में वार्ड 1 से 20 के लिए उपखण्ड मजिस्ट्रेट कार्यालय श्रीडूंगरगढ़ और 21 से 40 तक के लिए नाम निर्देशन प्रक्रिया तहसील कार्यालय में संपादित की जाएगी।
नगर पालिका लूणकरणसर
वार्ड 1 से 20 तक के लिए उपखण्ड मजिस्ट्रेट कार्यालय और 21 से 35 तक के वार्डों की नाम निर्देशन प्रक्रिया तहसील कार्यालय लूणकरणसर में संपादित की जाएगा।
नगर पालिका देशनोक
वार्ड 1 से 25 के लिए नाम निर्देशन प्रक्रिया कार्यालय नगर पालिका देशनोक में होगी।
नगर पालिका नापासर
वार्ड 1 से 25 के लिए नाम निर्देशन प्रक्रिया नगर पालिका कार्यालय नापासर परिसर में होगी।
नगर पालिका खाजूवाला
वार्ड 1 से 20 के लिए नाम निर्देशन प्रक्रिया उपखण्ड कार्यालय में संपादित की जाएगी।
31 अगस्त तक जमा होंगे, दो दिन छुट्टी
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नाम निर्देशन पत्र 27 अगस्त से 31 अगस्त तक प्राप्त किये जाएंगे। इस दौरान 28 अगस्त को रक्षा बंधन और 30 अगस्त को रविवार का अवकाश होगा।
9 को निगम, 11 को पालिका मतदान
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जिले में दो चरणों में मतदान होंगे। पहले चरण में बीकानेर नगर निगम में 9 सितंबर और दूसरे चरण में नोखा, श्रीडूंगरगढ़, देशनोक, नापासर, खाजूवाला और लूणकरणसर नगर पालिका में 11 सितंबर को प्रातः 7 से सायं 6 बजे तक मतदान होंगे। इसके लिए जिले के 656 मतदान केंद्रों तथा 31 सहायक मतदान केंद्रों का निर्धारण किया गया है।
