श्री जैन गर्ल्स कॉलेज में धूमधाम से मनाया गया राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस, ‘मैं और मेरा समाज’ पर हुई गोष्ठी
श्री जैन गर्ल्स कॉलेज में धूमधाम से मनाया गया राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस, 'मैं और मेरा समाज' पर हुई गोष्ठी




बीकानेर, 24 सितंबर। राष्ट्र सेवा और सामाजिक सरोकारों की भावना को युवाओं में विकसित करने के उद्देश्य से श्री जैन गर्ल्स कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) स्थापना दिवस के अवसर पर “मैं और मेरा समाज” विषय पर लघु संवाद गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ताशु एवं टीम द्वारा प्रस्तुत रासेयो के लक्ष्य गीत से हुआ, जिसके बाद रासेयो प्रभारी विशाल सोलंकी ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।


महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संध्या सक्सेना ने अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना भारतीय संस्कृति के मूलभूत सेवा भाव को युवाओं के जीवन से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं में समाज व राष्ट्र के प्रति समर्पण, जिम्मेदारी और सेवा की भावना विकसित करना है।


संकाय सदस्य डॉ. राजेंद्र जोशी ने कहा कि रासेयो युवाओं को समाज एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने तथा भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करने वाला एक महत्वपूर्ण मंच है। वहीं, संकाय सदस्य निर्मला सांखला ने सेवा को भारतीय संस्कृति का मूल तत्व बताते हुए इसे जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
गोष्ठी के दौरान छात्राओं रौनक, संध्या एवं ऐश्वर्या ने महिला शिक्षा, साइबर सुरक्षा, मतदान जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छता जैसे समसामयिक विषयों पर अपने विचार साझा किए। वहीं, स्वयंसेविका प्रीति ने पर्यावरण एवं स्वच्छता पर आधारित पोस्टर प्रस्तुत किया।
रासेयो प्रभारी डॉ. पल्लवी चौहान ने राष्ट्रीय सेवा योजना की स्थापना (24 सितम्बर 1969) से लेकर वर्तमान तक की यात्रा, इसके उद्देश्यों तथा समाजोपयोगी कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला और स्वयंसेविकाओं को स्वच्छता संकल्प की शपथ दिलाई। अंत में उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. तोषनीवाल, डॉ. धनपत जैन, डॉ. नवेंदु खत्री, अरुणा त्यागी एवं अरुण सक्सेना सहित महाविद्यालय के संकाय सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्वयंसेविकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का सफल संचालन विशाल सोलंकी ने किया। गोष्ठी के पश्चात स्वयंसेविकाओं ने महाविद्यालय परिसर में श्रमदान करते हुए पौधों की देखभाल और स्वच्छता कार्य किया।
#Thar Express News, #NSS Day, #Jain Girls College, #Bikaner News, #Youth Power, #National Service Scheme , #Bikaner Education, #NSS, #Social Service, #Bikaner,
