घर में पति-पत्नी की संदिग्ध मौत, टेबल पर रखे मिले 1 लाख रुपए और अंतिम संस्कार के लिए लिखा नोट
घर में पति-पत्नी की संदिग्ध मौत, टेबल पर रखे मिले 1 लाख रुपए और अंतिम संस्कार के लिए लिखा नोट

कोलकाता, 04 अक्टूबर । दक्षिण कोलकाता के पंचसायर (नयाबाद) इलाके में रविवार को बंद घर के भीतर से एक वृद्ध दंपती के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस को मौके से एक लाख रुपए नकद और एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें रुपए का उपयोग उनके अंतिम संस्कार में करने की बात लिखी गई है।


दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई पुलिस


पंचसायर थाना पुलिस को रविवार को सूचना मिली कि नयाबाद के ‘नव मालंच’ स्थित एक मकान में अप्रिय घटना घटी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मकान का दरवाजा भीतर से बंद होने के कारण स्थानीय लोगों की मौजूदगी में उसे तोड़ा गया। अंदर प्रवेश करने पर मकान मालिक असित आश (66) और उनकी पत्नी मंदिरा आश (64) अचेत अवस्था में मिले। पुलिस दोनों को तत्काल एनआरएस (NRS) मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले गई, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कमरे से मिला 1 लाख कैश और मार्मिक सुसाइड नोट
जांच के दौरान पुलिस को कमरे में एक हस्तलिखित नोट और टेबल पर रखे 1 लाख रुपए नकद मिले। सुसाइड नोट में लिखा था कि इस राशि का उपयोग उनके अंतिम संस्कार के लिए किया जाए और उनकी मौत के लिए किसी अन्य व्यक्ति को जिम्मेदार न ठहराया जाए।
इकलौते बेटे की मौत के बाद अवसाद में था दंपती
पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार असित ने संभवतः पहले अपनी बीमार पत्नी की हत्या की और फिर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। पड़ोसियों ने बताया कि कुछ समय पूर्व दंपती के इकलौते बेटे की किडनी फेल होने के कारण मौत हो गई थी, जिसके बाद से दोनों गहरे मानसिक अवसाद (डिप्रेशन) में चल रहे थे। उनका किसी से अधिक मेलजोल नहीं था और हाल ही में दोनों का स्वास्थ्य भी लगातार गिर रहा था।
पुलिस पड़ोसियों एवं रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
