

गंगाशहर (बीकानेर), 23 नवम्बर । युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमण जी की सुशिष्या एवं सेवा केंद्र व्यवस्थापिका साध्वी श्री त्रिशला कुमारी जी के पावन सान्निध्य में आज जैन विद्या परीक्षा 2026 का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस परीक्षा में कुल लगभग 96 परीक्षार्थियों ने सहभागिता की, जिनमें 23 परीक्षार्थी भाग 5 से 7 के थे, जबकि 10 परीक्षार्थियों ने तेरापंथ भवन में उपस्थित होकर भाग 8 एवं 9 की परीक्षा दी।


आयोजकों के अनुसार, इस परीक्षा के पाठ्यक्रम का अध्ययन करने से परीक्षार्थी जैन दर्शन, तत्वज्ञान और तेरापंथ दर्शन के विद्वान बन सकते हैं। जैन विद्या परीक्षा के भाग 9 की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले परीक्षार्थियों को आचार्य श्री महाश्रमण जी के सान्निध्य में प्रशस्ति पत्र एवं डिग्री प्रदान की जाती है।



परीक्षा केंद्र पर निरीक्षक के रूप में जैन तेरापंथ सभा गंगाशहर के अध्यक्ष नवरत्न बोथरा और मंत्री जतन संचेती ने अपना दायित्व निभाया। इसके साथ ही प्रदीप ललवानी और जितेन्द्र रांका ने भी परीक्षा के सुचारु संचालन में अपना महत्वपूर्ण समय व सहयोग दिया।
जैन विद्या परीक्षा, गंगाशहर के सह संयोजक रजनीश गोलछा ने परीक्षा को सुव्यवस्थित और सफल बनाने में श्रीमती बिंदु छाजेड़, श्रीमती सरिता आंचलिया, श्रीमती बुलबुल बुच्चा, श्रीमती मोहिनी देवी चोपड़ा और सोनिका के प्रति आभार जताया। वहीं, श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा गंगाशहर के अध्यक्ष नवरतन बोथरा ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी कार्यकर्ताओं, परीक्षार्थियों एवं अन्य सहयोगियों का हार्दिक धन्यवाद किया।

