

बीकानेर, 26 नवम्बर । जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पहला हादसा पांचू थाना क्षेत्र में मुंझासर और जयसिंहदेसर के बीच हुआ, जहां देशनोक ओरण परिक्रमा के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की कार अचानक सड़क पर आई गाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। इस दुर्घटना में दो लोगों की जान चली गई और तीन लोग घायल हो गए।


पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ ने बताया कि मुंझासर निवासी आवड़दान, भगवानदान, भरतदान, विश्वजीतदान और हीरालाल नायक कार से देशनोक ओरण परिक्रमा के लिए रवाना हुए थे। रास्ते में अचानक गाय सामने आने से चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि आवड़दान, भगवानदान और हीरालाल कार में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला गया, जबकि भरतदान और विश्वजीतदान को मामूली चोटें आईं। राहगीरों ने घायलों को पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने आवड़दान और भगवानदान को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचित किया है।



दूसरा हादसा जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में जयपुर-श्रीगंगानगर बाइपास सर्किल के पास स्थित पराठा होटल के नजदीक हुआ। यहां सड़क पार कर रहे एक पैदल राहगीर को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पीबीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है तथा मृतक की शिनाख्त और अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है।

