बीकानेर में धार्मिक और सामाजिक चेतना की बयार: एक तरफ 135 युवाओं ने लिया वैदिक रुद्राभिषेक का प्रशिक्षण

बीकानेर में धार्मिक और सामाजिक चेतना की बयार: एक तरफ 135 युवाओं ने लिया वैदिक रुद्राभिषेक का प्रशिक्षण
shreecreates
quicjZaps 15 sept 2025
STBA 5 JUNE 2026
  • दूसरी तरफ बाल श्रम के खिलाफ शुरू हुआ ‘उमंग-7’ का महाअभियान

बीकानेर, 13 जून। पं. बाबू लाल शास्त्री ज्योतिष बोध संस्थान के तत्वावधान में रघुनाथसर मंदिर परिसर में आयोजित एक माह लंबे नि:शुल्क धार्मिक प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को भव्य समापन हुआ। शिविर में प्रशिक्षुओं को रुद्राष्टाध्यायी (रुद्री) पाठ, शिव पूजा विधि, शिव महिम्न स्तोत्र, शिव तांडव स्तोत्र और रुद्राष्टकम् का गहन अध्ययन कराया गया।

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

शिविर संयोजक व ज्योतिर्विद पं. राजेन्द्र किराड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि 11 मई से 12 जून 2026 तक चले इस विशेष समर कैंप में 135 प्रबुद्ध प्रशिक्षुओं ने हिस्सा लेकर वैदिक ज्ञान अर्जित किया। समापन के पावन अवसर पर मंदिर में सामूहिक रुद्राभिषेक का अनुष्ठान किया गया, जिसे पं. मुरलीधर पुरोहित, पं. संतोष व्यास और मदनगोपाल व्यास ने विधि-विधान से संपन्न करवाया।

pop ronak

संस्कारवान युवा पीढ़ी के लिए गुरुकुलों की महत्ता पर जोर
समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए ऋषिकेश से पधारे दण्डी स्वामी शिवेन्द्राश्रम महाराज ने वर्तमान दौर में युवा पीढ़ी को अपनी सनातन संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने के लिए वैदिक शिक्षा की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आज के समय में समाज को अनुशासित और संस्कारवान बनाने के लिए गुरुकुल पद्धति को पुनर्जीवित करने की महती आवश्यकता है। विशिष्ट वक्ता पं. जुगलकिशोर ओझा ने ब्राह्मण समाज के लिए नित्य त्रिकाल संध्या और गायत्री उपासना को परम आवश्यक कर्तव्य बताया।

शिव पूजा विधि पुस्तक का विमोचन व अभिनंदन
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित बीकानेर के क्षेत्रीय विधायक जेठानन्द व्यास ने संस्थान के इस प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना की और कहा कि ऐसे शिविर युवा पीढ़ी को जड़ों से जोड़ने का काम करते हैं। प्रख्यात समाजसेवी देवकिशन चाँडक ने ब्राह्मण समाज को शिक्षा और संस्कारों का संवाहक बताते हुए भविष्य में ऐसे आयोजनों में तन-मन-धन से सहयोग की घोषणा की।

इस अवसर पर मुख्य प्रशिक्षक प्रह्लाद व्यास का साफा व शॉल ओढ़ाकर विशेष अभिनंदन किया गया। साथ ही, स्व. पुष्पा देवी की पावन स्मृति में पं. राजेन्द्र किराड़ द्वारा लिखित नवीन पुस्तक ‘शिव पूज्याविधि’ का गरिमामयी विमोचन भी संपन्न हुआ। कार्यक्रम की सफलता में देवकीनन्दन, सेठी किराडू, भानू व्यास, शिवम् पुरोहित, हिमांशु किराड़ और जुगल किशोर पुरोहित ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई।

बीकानेर को बाल श्रम से मुक्त करने का संकल्प; ‘उमंग-7’ अभियान के तहत पोस्टर विमोचन, ढाबों-दुकानों पर चस्पा किए नियम

बीकानेर, 13 जून। बाल अधिकारों के संरक्षण और सुरक्षित बचपन की दिशा में कार्यरत प्रमुख स्वैच्छिक संगठन ‘राजस्थान महिला कल्याण मण्डल’ ने जून माह को बाल श्रम के खिलाफ ‘एक्शन मंथ’ के रूप में मनाते हुए उमंग-7 अभियान के तहत एक व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के उपलक्ष्य में संगठन ने किशोर न्याय बोर्ड (JJB) व बाल कल्याण समिति (CWS) के साथ मिलकर बाल श्रम उन्मूलन से संबंधित विशेष पोस्टरों का विमोचन किया।

दुकानदारों को दी कानून की जानकारी, हेल्पलाइन नंबर जारी
पोस्टर विमोचन के पश्चात विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों, दुकानों और ढाबों पर पोस्टर चस्पा कर दुकानदारों को बाल श्रम (निषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 के कड़े प्रावधानों के बारे में विस्तार से समझाया गया। आमजन और व्यापारियों से अपील की गई कि वे किसी भी बच्चे को मजदूरी पर न रखें।

इसके साथ ही, समाज में बाल मजदूरी या बच्चों के शोषण को रोकने के लिए खुफिया सूचना तंत्र को मजबूत करते हुए जे.आर.सी हेल्पलाइन नंबर 18001027222 और चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 को व्यापक स्तर पर प्रचारित किया गया, ताकि बाल श्रम की सूचना तत्काल कानून प्रवर्तन एजेंसियों तक पहुंच सके।

ट्रैफिकिंग और पुनर्वास पर रहेगा विशेष ध्यान
राजस्थान महिला कल्याण मण्डल के जिला समन्वयक अमित कुमार ने प्रशासनिक और पुलिस तंत्र को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि बच्चों का असली स्थान फैक्ट्रियों या ढाबों में नहीं बल्कि स्कूलों में है। उन्होंने रेखांकित किया कि बाल दुर्व्यापार (चाइल्ड ट्रैफिकिंग) ही बाल मजदूरी की मुख्य जड़ है। ‘जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन’ के राष्ट्रव्यापी नेटवर्क की साझा निगरानी प्रणाली का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि सभी सहयोगी संगठन आपस में सूचनाएं साझा कर बच्चों को मुक्त कराने और उनके समुचित पुनर्वास व शिक्षा को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन के साथ मिलकर मुस्तैदी से काम करते रहेंगे।

इस महत्वपूर्ण विमोचन कार्यक्रम के दौरान किशोर न्याय बोर्ड के अरविंद सेंगर व राजेश कुमार, बाल कल्याण समिति के सदस्य जनमेजय व्यास, सुनीता, हाजरा बानो, कमल तथा राजस्थान महिला कल्याण मण्डल से बाबूलाल व पिंकी जनागल सहित कई बाल अधिकार कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

sesumo school
sjps