शिवबाड़ी के गंगेश्वर पार्श्वनाथ जिनालय में वार्षिक ध्वजा उत्सव आयोजित
शिवबाड़ी के गंगेश्वर पार्श्वनाथ जिनालय में वार्षिक ध्वजा उत्सव आयोजित


- 22 अगस्त को निकलेगी परमात्मा की सवारी व भरेगा मेला
बीकानेर, 20 अगस्त । शिवबाड़ी स्थित गंगेश्वर पार्श्वनाथ जिनालय में श्री सुगनजी महाराज का उपासरा ट्रस्ट के तत्वावधान एवं सकल श्री संघ के सहयोग से गुरुवार को वार्षिक ध्वजा उत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और भक्ति गीतों के बीच मंदिर की ध्वजा बदली गई।


साध्वी श्री मुक्तांजनाश्रीजी आदि ठाणा-5 के सान्निध्य तथा मनोज भाई हरण के नेतृत्व में 18 अभिषेक, 17 भेदी पूजा एवं स्वधर्मी भक्ति का आयोजन हुआ। इस वार्षिक ध्वजा, पूजा एवं स्वधर्मी भक्ति का लाभ श्रीमती विजय देवी, शेखर चंद व किशन दुगड़ परिवार तथा दिल्ली के हरजीत सिंह-रश्मि जैन परिवार ने लिया। साध्वीवृंद ने श्री चिंतामणि जैन मंदिर प्रन्यास के अध्यक्ष हरीश नाहटा के निवास पर भक्तामर एवं दादा गुरु इकतीसा के सामूहिक पाठ में भी सान्निध्य प्रदान किया।


22 अगस्त को परमात्मा का वरघोड़ा और स्वधर्मी भक्ति
बीकानेर में पहली बार चातुर्मास कर रहीं साध्वी श्री सुरंजनाश्रीजी म.सा. की शिष्या साध्वी मुक्तांजनाश्रीजी, सुरक्षाजनाश्री, सौम्यजनांश्री, चिलेहांजनाश्री एवं चितक्खरांजनाश्री का तीन दिवसीय प्रवास शिवबाड़ी में रहेगा। शनिवार, 22 अगस्त को सुबह 10 बजे परमात्मा की विशेष पूजा, दोपहर 12:15 बजे परमात्मा की भव्य सवारी (वरघोड़ा) निकाली जाएगी, जिसके बाद स्वधर्मी भक्ति का आयोजन होगा।
लालेश्वर महादेव मंदिर में होगा स्वर्ण आभूषणों से श्रृंगार
शिवबाड़ी के अधिष्ठाता स्वामी विमर्शानंद गिरि महाराज के सान्निध्य में 22 अगस्त को ही लालेश्वर महादेव मंदिर का वार्षिक मेला भरेगा। स्वामीजी ने बताया कि इस अवसर पर लालेश्वर महादेव का स्वर्ण, हीरे व मोतियों से जड़े आभूषणों से अलौकिक श्रृंगार किया जाएगा। मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु पार्किंग, भीड़ नियंत्रण एवं जूता स्टैंड के विशेष प्रबंध किए गए हैं।
