रोटरी भवन में 1 व 2 सितंबर को लगेगा स्वचालित कृत्रिम हाथ प्रत्यारोपण शिविर
रोटरी भवन में 1 व 2 सितंबर को लगेगा स्वचालित कृत्रिम हाथ प्रत्यारोपण शिविर


दिव्यांगजनों को मिलेगा नया जीवन


बीकानेर, 21 अगस्त । रोटरी क्लब बीकानेर, आचार्य नानेश नेत्र चिकित्सालय एवं इनाली फाउंडेशन (पुणे) के संयुक्त तत्वावधान में दिव्यांगजनों की सहायता हेतु दो दिवसीय निःशुल्क ‘स्वचालित कृत्रिम हाथ प्रत्यारोपण शिविर’ का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर आगामी 1 और 2 सितंबर 2026 को सादुल गंज स्थित रोटरी भवन में आयोजित होगा।


आधुनिक तकनीक से आत्मनिर्भर बनेंगे लाभार्थी
रोटरी क्लब के अध्यक्ष रोटे. प्रवीण गुप्ता एवं शिविर संयोजक रोटे. आर. पी. बालेचा ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य हादसों या अन्य कारणों से अपना हाथ गंवा चुके व्यक्तियों को आधुनिक तकनीक से निर्मित ऑटोमेटिक कृत्रिम हाथ उपलब्ध कराना है। इन कृत्रिम हाथों की मदद से लाभार्थी बिना किसी की सहायता के अपने दैनिक कार्यों को सहजता से कर सकेंगे।
विशेषज्ञों की टीम करेगी परीक्षण
शिविर के दौरान इनाली फाउंडेशन के विशेषज्ञ डॉक्टरों व तकनीशियन की टीम लाभार्थियों का शारीरिक परीक्षण करेगी और नाप लेकर आवश्यकतानुसार कृत्रिम हाथ लगाएगी। साथ ही लाभार्थियों व उनके परिजनों को कृत्रिम हाथ के सही उपयोग और देखभाल का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। रोटरी क्लब पदाधिकारियों ने बीकानेर एवं आसपास के क्षेत्र के जरूरतमंदों से इस शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।
