बीकानेर के सरकारी समाचार
बीकानेर के सरकारी समाचार


- जिला कलेक्टर ने रायसर में ग्राम रथ अभियान का किया निरीक्षण, संध्या चौपाल में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
- रायसर के प्रगतिशील किसान और पशुपालन निभाएं ‘ग्राम’ में भागीदारी : जिला कलेक्टर
बीकानेर, 10 मई। जिला कलेक्टर श्री निशान्त जैन ने रविवार को ग्राम पंचायत रायसर में ग्राम रथ अभियान का निरीक्षण किया तथा यहां आयोजित संध्या चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी।


इस दौरान उन्होंने कहा कि ग्राम रथ अभियान राज्य सरकार का अत्यंत महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य अंतिम छोर के व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचा कर उन्हें इनका लाभ दिलाना है।अभियान के तहत ग्राम रथ प्रत्येक ग्राम पंचायत तक पहुंच रहे हैं, इनमें अधिक से अधिक लोग भागीदारी निभाएं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा जयपुर में 23 से 25 मई तक ग्लोबल राजस्थान एग्रोटेक मीट (ग्राम) का आयोजन किया जा रहा है। रायसर के इच्छुक प्रगतिशील किसान भी इसमें भाग ले सकते हैं। इसके लिए सभी व्यवस्थाएं राज्य सरकार द्वारा की जाएगी।


रायसर अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान, यहां पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं
जिला कलेक्टर ने कहा कि रायसर, पर्यटन विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। राज्य सरकार द्वारा बजट घोषणा में यहां नाइट टूरिज्म के विकास के लिए बजट स्वीकृत किया गया है। उन्होंने बताया कि रविवार को ही उन्होंने सभी अधिकारियों के साथ रायसर का अवलोकन किया और यहां पर्यटन विकास की संभावनाओं के मद्देनजर किए जाने वाले कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने सनसेट प्वाइंट, पार्किंग, हाईमास्क लाइट और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने संबधित संभावनाएं देखी।
जनसुनवाई में आए विभिन्न परिवाद
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने कुल 14 प्रकरण प्रस्तुत किए। इनमें अटल गौरव पथ बनाने, ग्राम पंचायत में साफ-सफाई की प्रभावी व्यवस्था करने, जमाबंदी में नाम संशोधन, आंधी-तूफान के कारण क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर और विद्युत पोल को दुरुस्त करने जैसे प्रकरण सम्मिलित थे। जिला कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को इस संबंध में समयबद्ध कार्यवाही के लिए निर्देशित किया।
स्कूली बच्चों ने कहा – ग्राम पंचायत में बने पार्क, स्कूल में हो विज्ञान संकाय
संध्या चौपाल के दौरान 11वीं कक्षा में पढ़ने वाले मोहित ने ग्राम पंचायत में उद्यान विकसित करने तथा गांव में रोड लाइटें लगाने की आवश्यकता जताई। जिला कलेक्टर ने बताया कि जिला परिषद द्वारा इस सम्बन्ध में आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। वहीं महिपाल सिंह ने ग्राम पंचायत के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विज्ञान संकाय प्रारंभ करने की आवश्यकता जताई। महिपाल ने कहा कि यह संकाय प्रारंभ होने से बच्चों को विज्ञान संकाय की पढ़ाई करने गांव से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। जिला कलेक्टर ने कहा कि इसका परीक्षण करवाकर आवश्यक कार्यवाही करवाई जाएगी।
जनगणना प्रक्रिया की दी जानकारी, मंगला पशु बीमा के लिए सर्वे करवाने के दिए निर्देश
जिला कलेक्टर ने पशुपालन विभाग के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी को निर्देश दिए कि मंगला पशु बीमा के लाभ से कोई भी पशुपालक वंचित नहीं रहे, इसके मद्देनजर विभाग द्वारा आवश्यक सर्वे करवाया जाए तथा पात्रता के अनुसार सभी पशुपालकों के पशुओं का बीमा करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने जनगणना-2027 के दोनों चरणों की जानकारी दी और कहा कि 15 मई तक सभी स्वगणना करें तथा 16 मई से 14 जून तक घर-घर आने वाले प्रगणक को सभी सूचनाएं सही सही बताएं। इस दौरान स्वास्थ्य से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी तथा लू-तापघात से बचाव के उपाय भी बताए गए।
चौपाल में जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे, श्री श्याम पंचारिया, श्री ओम सारस्वत, तहसीलदार श्री नीतीश कांत, विकास अधिकारी श्रीमती साजिया तबस्सुम, श्री दिलीप सिंह आडसर, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक श्री मदन लाल, उद्यानिकी के सहायक निदेशक श्री मुकेश गहलोत, पर्यटन अधिकारी श्री पवन शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
========
- सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ का राज्य स्तरीय आयोजन सोमवार को
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमामय मौजूदगी में सोमनाथ से होगा मुख्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण, जयपुर के श्री झारखंड महादेव मंदिर सहित प्रदेश के 41 जिलों के प्रमुख शिवालयों में होंगे विशेष आयोजन
- कला, साहित्य, संस्कृति विभाग तथा देवस्थान विभाग की ओर से की गई आवश्यक तैयारियां
- बीकानेर के शिखरबंद महादेव मंदिर में होगा आयोजन
बीकानेर, 10 मई। सोमनाथ मंदिर पर हुए प्रथम आक्रमण के 1000 वर्ष तथा मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कला एवं संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार सोमवार को देशव्यापी स्तर पर ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ मनाया जाएगा।
देवस्थान विभाग के आयुक्त श्री लक्ष्मी नारायण मंत्री ने बताया कि सोमवार प्रातः सोमनाथ मंदिर, गुजरात में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित हो रहे राष्ट्रीय कार्यक्रम ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ का सीधा प्रसारण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के कला एवं संस्कृति मंत्रालय एवं राज्य सरकार के कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग तथा देवस्थान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जयपुर के श्री झारखंड महादेव मंदिर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश के 41 जिलों के प्रमुख शिवालयों में भी विशेष आयोजन होंगे।
यह रहेगा कार्यक्रम
जयपुर के श्री झारखंड महादेव मंदिर में सोमवार प्रातः सांस्कृतिक प्रस्तुति का आयोजन होगा जिसमें शिव स्तुति एवं भजन गायन से कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के आगमन पर उनका स्वागत किया जाएगा। मुख्यमंत्री राज्यस्तरीय कार्यक्रम में श्रद्धालुओं को संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान कलश यात्रा निकाली जाएगी। भगवान शिव के विशेष दर्शन, शृंगार एवं पूजा-अर्चना की जाएगी। कार्यक्रम पश्चात सामूहिक महाआरती एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
शिखरबंद महादेव मंदिर में होगा सीधा प्रसारण
देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त गौरव सोनी के बताया कि राज्य के 41 शिव मंदिरों में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व आयोजित किया जाएगा। इसी क्रम में बीकानेर के राजकीय प्रत्यक्ष प्रभार मंदिर शिखरबंद महादेव मंदिर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का आयोजन किया जाएगा। इसमें जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे। परिसर में एलइडी स्क्रीन के माध्यम से सोमनाथ पर्व का लाइव प्रसारण किया जाएगा। इससे जुड़ी समस्त व्यवस्थाएं देवस्थान विभाग, नगर निगम एवं सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के माध्यम से की जा रही है। सोनी ने बताया कि कार्यक्रम समय प्रातः 8 बजे से शुरू होगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियां कर ली गई हैं।
उन्होंने बताया कि इस दौरान शंकर भगवान की महाआरती, रुद्राभिषेक, प्रसाद वितरण, फूलों की रंगोली और सजीव झांकी प्रस्तुत की जाएगी। इसके साथ सोमनाथ स्वाभिमान पुस्तिका का प्रदर्शन और वितरण किया जाएगा।


