बीकानेर के सरकारी समाचार
बीकानेर के सरकारी समाचार


- शनिवार को आएंगे केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल
बीकानेर, 22 मई। केंद्रीय कानून मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल शनिवार को प्रातः 7.20 बजे बीकानेर पहुंचेंगे। श्री मेघवाल प्रातः10 बजे रेलवे ऑफिसर्स क्लब में आयोजित रोजगार मेले में शामिल होंगे। इसके पश्चात वे दोपहर 12:30 बजे श्री बीकानेर कच्ची आड़त व्यापार संघ के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण करेंगे।
श्री मेघवाल दोपहर 2 बजे देशनोक में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान में भाग लेंगे। वे सायं 6 बजे श्रीगंगानगर रोड़ स्थित बीछवाल उद्योग संघ भवन में नई कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। इसके पश्चात वे विभिन्न बैठकों और कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।
====
बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय में इंजीनियरिंग प्रथम वर्ष प्रवेश प्रक्रिया-2026 प्रारम्भ


बीकानेर, 22 मई, बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय में एवं बीटीयू से संबद्ध इंजीनियरिंग महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालय विभागों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु बी.ई. एवं बी.टेक. प्रथम वर्ष में प्रवेश प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी गई है। जनसंपर्क अधिकारी विक्रम राठौड़ ने बताया कि प्रवेश तकनीकी शिक्षा विभाग राजस्थान सरकार द्वारा सेंटर फॉर इलेक्ट्रॉनिक गवर्नेंस, जयपुर द्वारा आयोजित सेंट्रलाइज्ड ऐडमिशन प्रोसेस के तहत राजस्थान इंजीनियरिंग एडमिशन प्रोसेस (REAP-2026) के माध्यम से किए जाए रहे है। बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय द्वारा बी.ई. एवं बी.टेक. प्रथम वर्ष के अंतर्गत इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी स्ट्रीम के अंतर्गत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड डाटा साइंस कुल स्वीकृत सीट 60, सिरेमिक इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी कुल स्वीकृत सीट 30, सिविल इंजीनियरिंग कुल स्वीकृत सीट 90, कम्पूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग कुल स्वीकृत सीट 120, कम्पूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (साइबर सिक्योरिटी) कुल स्वीकृत सीट 30, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग कुल स्वीकृत सीट 60, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग कुल स्वीकृत सीट 30, मैकेनिकल इंजीनियरिंग कुल स्वीकृत सीट 60, पॉवर सिस्टम कुल स्वीकृत सीट 18, जियोटेक्निकल इंजीनियरिंग कुल स्वीकृत सीट 18, मशीन डिजाइन कुल स्वीकृत सीट 18, डाटा साइंस कुल स्वीकृत सीट 18, मटेरियल साइंस एंड इंजीनियरिंग कुल स्वीकृत सीट 18, डिजिटल कम्युनिकेशन कुल स्वीकृत सीट 18 सहित कुल 8 ब्रांचो में 480 सीटो पर प्रवेश लिए जाएंगे।


कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग ने कहा कि राजस्थान के तकनीकी शिक्षा क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय प्रदेश के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण इंजीनियरिंग शिक्षा उपलब्ध कराने हेतु बी.ई. एवं बी.टेक. प्रवेश प्रक्रिया-2026 के माध्यम से इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों के प्रवेश के अवसर प्रदान कर रहा है। विश्वविद्यालय राज्य के तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं रोजगारोन्मुखी शिक्षण प्रणाली को सुदृढ़ बनाने में निरंतर कार्यरत है।
राजस्थान इंजीनियरिंग एडमिशन प्रोसेस द्वारा निर्धारित योग्यता के अनुसार राजस्थान राज्य एवं राजस्थान राज्य से बाहर के आवेदक विद्यार्थी जो बी.ई. एवं बी.टेक. पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने का इच्छुक है, रीप द्वारा निर्धारित योग्यता विषय फिजिक्स/मैथमेटिक्स/केमिस्ट्री/कंप्यूटरसाइंस/इलेक्ट्रॉनिक्स/इन्फॉर्मेशनटेक्नोलॉजी/बायोलॉजी/इन्फॉर्मेटिक्सप्रैक्टिस/ बायोटेक्नोलॉजी/टेक्निकल वोकेशनल सब्जेक्ट/एग्रीकल्चर/इंजीनियरिंग ग्राफिक्स/बिजनेस स्टडीज/एंटरप्रेन्योरशिप, एग्रीकल्चर स्ट्रीम (एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग के लिए) एआईसीटीई द्वारा निर्धारित सब्जेक्ट्स का कॉम्बिनेशन) के साथ 10+2 एग्जाम पास हो और ऊपर दिए गए सब्जेक्ट्स को मिलाकर कम से कम 45% मार्क्स (रिजर्व्ड कैटेगरी के कैंडिडेट्स के मामले में 40% मार्क्स) मिले हों या उसी या उससे जुड़े सेक्टर में डी.वोक स्ट्रीम (NCrF लेवल 4) में पास विद्यार्थी अंतिम दिनांक 10 जून तक ऑनलाइन आवेदन पंजीयन शुल्क राशि 885 सहित रीप के वेबसाईट www.reaprajasthan.co.in पर विजिट कर आवेदन कर सकता है। कार्यालय रीप द्वारा एप्लीकेशन और रजिस्ट्रेशन शुरू होने की तारीख 13 मई, एप्लीकेशन और रजिस्ट्रेशन फीस जमा करने की आखिरी तारीख 10 जून, एप्लीकेशन और रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 12 जून निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को राज्य सरकार के नियमानुसार आरक्षण का लाभ भी प्रदान किया जाएगा।
बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों से बीटेक पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने एवं समय पर प्रवेश लेने की अपील की है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर अवसरों और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए विद्यार्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन एवं काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी करें। बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय द्वारा प्रवेश प्रक्रिया के सुगम संचालन हेतु एडमिशन सेल का भी गठन किया गया है।
विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे प्रवेश संबंधी नवीनतम जानकारी, पात्रता, काउंसलिंग कार्यक्रम एवं आवश्यक दस्तावेजों हेतु विश्वविद्यालय में व्यक्तिगत रूप से एडमिशन सेल में प्राचार्य डॉ परबंत डॉ सतीश कुमार महला चीफ प्रॉक्टर मोबाईल 9413389775, इंजी संदीप कुमार भाकर वाइस प्रॉक्टर मोबाईल 9983430002 से भी सम्पर्क कर सकते है और विस्तृत जानकारी के लिए रीप की आधिकारिक वेबसाइट www.reaprajasthan.co.in पर विजिट कर आवेदन कर सकते है और बीटीयू की वेबसाइट www.btu.ac.in पर भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
इस सम्बन्ध में कुलगुरु प्रो.अखिल रंजन गर्ग ने प्रवेश प्रक्रिया के सुचारु एवं पारदर्शी आयोजन को लेकर एडमिशन सेल को निर्देश दिए कि प्रवेश प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से संचालित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक योग्य विद्यार्थियों को उत्कृष्ट इंजीनियरिंग शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल सके। साथ ही उन्होंने निर्देश प्रदान किए हेल्पडेस्क के माध्यम से विद्यार्थियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रवेश प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की नियमित मॉनिटरिंग भी की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि या विलंब की स्थिति उत्पन्न न हो। इसके अतिरिक्त प्रचार-प्रसार के माध्यम से अधिकाधिक विद्यार्थियों तक जानकारी पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
नोट : उक्त विज्ञप्ति में किसी भी प्रकार कि विसंगति के लिए कार्यालय रीप-2026 द्वारा जारी दिशा-निर्देश ही मान्य होंगे।
======
अनियमितताएं पाए जाने पर एक मेडिकल स्टोर का अनुज्ञापत्र निलंबित
बीकानेर, 22 मई। जांच के दौरान विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर एक मेडिकल स्टोर का अनुज्ञापत्र निलम्बित किया गया है।
अनुज्ञापन प्राधिकारी एवं सहायक औषधि नियंत्रक देवेंद्र कुमार केदावत ने बताया कि गोदारा बास, लालमदेसर मगरा स्थित फर्म मै. श्री श्याम मेडिकल स्टोर का अनुज्ञापत्र 5 से 15 जून तक 15 दिनों (दोनो दिवस शामिल) के लिए निलंबित किया गया है।
======
कला—संस्कृति मर्मज्ञ डॉ. राजेश कुमार व्यास ने किया है संपादन
राज्यपाल श्री बागडे ने भारतीय ज्ञान परम्परा के आलोक मे हुई पहल को सराहा
‘पंचम वेद—नाट्यशास्त्र पर एकाग्र’ ग्रंथ का लोकार्पण
जयपुर, 22 मई। राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने शुक्रवार को लोकभवन में उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र, पटियाला द्वारा प्रकाशित पुस्तक ‘नाट्यशास्त्र : पंचम वेद पर एकाग्र’ का लोकार्पण किया। साहित्य अकादेमी के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित कला मर्मज्ञ डॉ. राजेश कुमार व्यास के संपादन में प्रकाशित इस ग्रंथ में देश के मर्मज्ञ विद्वानों ने भारतीय ज्ञान परम्परा के आलोक में नाट्यशास्त्र के विविध आयामों पर लेखन किया है। इस अवसर पर राज्यपाल के प्रमुख विशेषाधिकारी श्री राजकुमार सागर भी उपस्थित रहे।
श्री बागडे ने भारतीय ज्ञान परम्परा पर की गई इस पहल की सराहना करते हुए संपादक, लेखक डॉ. राजेश कुमार व्यास को बधाई देते हुए उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान परम्परा के आलोक में यह महत्वपूर्ण प्रकाशन है। इससे पाठकों को नाट्यशास्त्र ग्रंथ को समझने की नई और मौलिक दृष्टि मिल सकेगी। उन्होंने भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र के निदेशक फुरकान खान द्वारा ग्रंथ प्रकाशन के लिए की गई पहल की भी सराहना की।
क्यों है ग्रंथ महत्वपूर्ण
नाट्यशास्त्र को अप्रैल 2025 में यूनेस्को के प्रतिष्ठित ‘मेमोरी ऑफ द वर्ल्ड’ रजिस्टर में शामिल किया था। इसे पंचम वेद कहा गया है। इसमें 37 अध्याय है। नाट्य में रस, संगीत, नृत्य आदि के साथ ही कलाओं से जुड़े महत्वपूर्ण आख्यान और सूत्र इसमें हैं। अभिनव गुप्त ने नाट्यशास्त्र की टीका लिखी थी। इसमें ऋग्वेद से पाठ्य, सामवेद से गीत, यजुर्वेद से अभिनय और अथर्ववेद से रस को ग्रहण कर रचा गया है। यह भारत की कालजयी क्लासिक है। संस्कृत से इसके अनुवाद तो प्रकाशित हुए हैं परन्तु इससे जुड़े विषयों पर बहुत अधिक चिंतन—मनन नहीं हुआ है। डॉ. राजेश कुमार व्यास ने नाट्यशास्त्र के मर्मज्ञ विद्वानों से इसमें आग्रह कर मौलिक दृष्टि से लिखवाया है। स्वयं उन्होंने इसकी भूमिका में लिखा है, ‘अभिनव गुप्त की नाट्यशास्त्र टीका भारतीय कलाओं को समझने की महत्व्पूर्ण दृष्टि देती है। नाट्यशास्त्र भारतीय कलाओं का आधार—ग्रंथ है। प्रदर्शन कलाओं, रंगमंच, अभिनय, रस, भाव, वेशभूषा और संगीत पर यह विश्वकोषीय ग्रंथ है। भारतीय कलाओं की आंतरिक दृष्टि को इससे समझा जा सकता है।’
ग्रंथ में सम्मिलित विशेषज्ञ
पुस्तक में बैंकॉक एवं कोलंबिया विश्वविद्यालय, न्यूयॉर्क में संस्कृत के अतिथि आचार्य और राष्ट्रीय संस्कृत संस्थान में कुलपति रहे डा. राधावल्लभ त्रिपाठी, राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के पूर्व अध्यक्ष और सुप्रसिद्ध नाटककार, कवि, आलोचक डॉ. अर्जुन देव चारण, नाट्यशास्त्र के विद्वान, नाट्य निदेशक पीयाल भट्टाचार्य, पद्मश्री, कथक गुरु पुरु दाधीच, वरिष्ठ पत्रकार, सिनेमा—मर्मज्ञ ज्ञानेश उपाध्याय, कला मर्मज्ञ नर्मदा प्रसाद उपाध्यायसंगीत नाटक अकादमी के उप सचिव सुमन कुमार, लेखक तेजस्वरूप त्रिवेदी, लोक संस्कृति मर्मज्ञ राजेन्द्र रंजन चतुर्वेदी और श्याम सुंदर दुबे, विख्यात अभिनेता, नाट्य निर्देशक कनु पटेल, कथक गुरु प्रेरणा श्रीमाली, संगीतज्ञ सुनीरा कासलीवाल, कला समीक्षक शशिप्रभा तिवारी, संस्कृति और शास्त्र मीमांसा से जुड़े के.के. पाठक आदि ने नाट्यशास्त्र को अपनी मौलिक दृष्टि से व्याख्यायित किया है। पुस्तक में हजारी प्रसाद द्विवेदी और नामवर सिंह के दो दुर्लभ लेख भी हैं। नए ढंग से देखे जाने और समझे जाने का दृष्टिकोण पाठक पा सकेंगे।”
ग्रंथ संपादक
ग्रंथ संपादक डॉ. राजेश कुमार व्यास देश के जाने—माने संस्कृतिकर्मी, कलाविद् और नाट्यशास्त्र के देश के मर्मज्ञ विद्वान हैं। उनकी साहित्य की विभिन्न विधाओं में अब तक 27 मौलिक पुस्तकें प्रकाशित हैं। इस समय वह लोकभवन में राज्यपाल के अतिरिक्त निदेशक (पीआर) पद पर कार्यरत हैं। साहित्य अकादेमी के अलावा उन्हें भारत सरकार का प्रतिष्ठित राहुल सांकृत्यायन अवार्ड, मध्यप्रदेश सरकार का अखिल भारतीय रामचन्द्र शुक्ल आलोचना पुरस्कार, राजस्थानी भाषा अकादेमी का सूर्यमल मिसण शिखर सम्मान आदि बहुत से सम्मानों से सम्मानित किया गया है। दूरदर्शन के लिए उन्होंने ‘डेजर्ट कॉलिंग’ धारावाहिक का भी लेखन किया है।
======
केन्द्रीय गृह मंत्री का प्रस्तावित दौराः जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक ने ली तैयारियो की बैठक
बीकानेर, 22 मई। केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह की बीकानेर जिले की 25 और 26 मई की दो दिवसीय प्रस्तावित यात्रा के मद्देनजर जिला कलक्टर निशान्त जैन और पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने शुक्रवार को विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली तथा पूर्व तैयारियों की समीक्षा की।
जिला कलक्टर ने कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री के साथ वरिष्ठ अधिकारियों का बीकानेर दौरा भी प्रस्तावित है। इसके मद्देनजर सभी विभागों के अधिकारी पूर्ण जिम्मेदारी और गंभीरता से कार्य करें। उन्होंने दो दिवसीय दौरे के तहत मिनट-टू-मिनट कार्यक्रमों के अनुसार तैयारियों की समीक्षा की तथा बताया कि प्रत्येक कार्य के लिए अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारियां दी गई हैं। प्रत्येक अधिकारी समय रहते सभी तैयारियां कर लें।
जिला कलक्टर ने प्रस्तावित रूट, सुरक्षा, साफ-सफाई, आवास, भोजन, पेयजल, वाहन, हैलीपेड, प्रचार-प्रसार, प्रवेश पत्र सहित विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए नियोजित अधिकारियों से अब तक की तैयारियांे का फीडबैक लिया तथा प्रत्येक कार्य के लिए समय सीमा निर्धारित करते हुए कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के लिए यह दौरा अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय रखें। किसी प्रकार की परेशानी होने पर अविलम्ब उच्चाधिकारियों को सूचित करें।
जिला कलक्टर ने विशिष्टजनों के साथ नियुक्त होने वाले लाइजिंग आॅफिसर्स की बैठक ली तथा कहा कि संबंधित अधिकारी से पूर्ण समन्वय रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) श्री उम्मेद सिंह रतनू को समूची व्यवस्था के लिए आॅवरआॅल प्रभारी नियुक्त किया गया है। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
=====
कृषि अधिकारियों की मासिक तकनीकी व खण्डीय समीक्षा बैठक वर्चुअल आयोजित
आने वाले समय में फार्मर आईडी से मिलेगा उर्वरक किसान फार्मर आईडी बनवाये-जोशी
खरीफ सीजन की तैयारियों और हरियालो राजस्थान अभियान के सफल क्रियान्वयन पर हुई चर्चा
बीकानेर, 22 मई। स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के निदेशक अनुसंधान कार्यालय सभागार में शुक्रवार को अतिरिक्त निदेशक कृषि (विस्तार) त्रिलोक कुमार जोशी की अध्यक्षता में कृषि विभाग की मासिक तकनीकी कार्यशाला एवं खण्डीय समीक्षा बैठक हाइब्रिड मोड में आयोजित की गई। बैठक में बीकानेर जोन-1सी जैसलमेर व चुरू के अधिकारियों ने ऑनलाइन एवं बीकानेर मुख्यालय के अधिकारियों ने ऑफलाइन भाग लिया।
बैठक में खरीफ मौसम की तैयारियों, बीज एवं उर्वरक वितरण, हरियालो राजस्थान, वन्दे गंगा, विभागीय योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत समीक्षा की गई। तकनीकी सत्र में कृषि वैज्ञानिकों ने खरीफ फसलों बाजरा, मूंग, उड़द एवं तिलहन फसलों की उन्नत खेती, बीजोपचार, पोषण प्रबंधन तथा कीट नियंत्रण विषयों पर पावर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी। क्षेत्रीय अनुसंधान निदेशक डॉ. एस. आर. यादव की अध्यक्षता में आयोजित तकनीकी सत्र में वैज्ञानिकों डॉ. भंवर देवी सिंह नाथावत, डॉ. एच.एल. देशवाल, डॉ. राजेंद्र राठौड़ एवं डॉ. पी.एस. शेखावत ने कृषि एवं उद्यानिकी तकनीकों पर विस्तार से चर्चा की। कृषि विभाग बीकानेर की प्रगति रिपोर्ट सुरेन्द्र मारू, जैसलमेर की प्रदीप चौधरी, चूरू की मोतीलाल सैनी ने प्रस्तुत की।
उद्यान विभाग की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट पावर पाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से सहायक निदेशक उद्यान मुकेश गहलोत ने प्रस्तुत किया।
अतिरिक्त निदेशक जोशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फार्मर आईडी निर्माण कार्य को प्राथमिकता देते हुए अधिकाधिक किसानों को इससे जोड़ा जाए तथा किसानों को फार्मर आईडी बनाने हेतु प्रोत्साहित किया जाए आने वाले समय में फार्मर आईडी से किसानों को उर्वरक मिलेगा।
उन्होंने उर्वरकों का वितरण निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने हेतु निर्देश दिए। जैविक उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा देने के साथ जैविक व प्राकृतिक खेती पर जोर देने हेतु निर्देश दिए। डीएपी के विकल्प के रूप में एसएसपी व यूरिया तथा अन्य उर्वरक के उपयोग को बढ़ावा दिया जावें।
पेस्टीसाइड, उर्वरक एवं बीज नमूनों की गुणवत्ता जांच के लिए लक्ष्य अनुसार सैंपलिंग करने और नॉन-स्टैंडर्ड नमूने मिलने पर संबंधित फर्मों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई एवं कोर्ट केस दर्ज कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में “हरियालो राजस्थान” अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए श्री जोशी ने कहा कि कृषि एवं उद्यानिकी विभाग को 58 हजार पौधरोपण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसे शत-प्रतिशत पूरा करने के लिए सभी अधिकारी सक्रियता से कार्य करें। उन्होंने पौधरोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण और नियमित मॉनिटरिंग पर भी जोर दिया।
बैठक में उपनिदेशक उद्यान अनुसंधान एटीसी प्रेमाराम, उपनिदेशक कृषि जयदीप दोगने, पी डी आत्मा बी.एल. डाबला, कृषि विभागीय अधिकारी राजेश गोदारा, कविता गुप्ता, संगीता मेहता, विनोद सहित विभागीय अधिकारी एवं खण्ड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का वर्चुअल संचालन सहायक निदेशक सुभाष बिश्नोई एवं कृषि अधिकारी रमेश भांभू ने किया।
=====


