बीकानेर के सरकारी समाचार
बीकानेर के सरकारी समाचार


- मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के 14 अगस्त को मेघासर दौरे की तैयारियों की समीक्षा
- सीईओ जिला परिषद श्रीमती शैलजा पांडे ने अधिकारियों के साथ बैठक कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
बीकानेर, 11 अगस्त। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के 14 अगस्त को मेघासर में प्रस्तावित मूर्ति अनावरण एवं जनसभा कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में मंगलवार को जिला परिषद में मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद श्रीमती शैलजा पांडे ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की।


बैठक में कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी , श्याम पंचारिया, अतिरिक्त जिला कलेक्टर उम्मेद सिंह रतनू, उपखंड अधिकारी बीकानेर आईएएस सुश्री महिमा कसाना, प्रादेशिक परिवहन अधिकारी अनिल पंड्या, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध, महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक डॉ. नरेंद्र शेखावत सहित पीएचईडी, पुलिस, नगरीय निकाय, शिक्षा एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


सीईओ जिला परिषद श्रीमती शैलजा पांडे ने कार्यक्रम में आने वाले आमजन की सुविधा एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विभागवार तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने गर्मी को देखते हुए कार्यक्रम स्थल एवं आसपास पीने के पानी की पर्याप्त एवं पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर हवा, मोबाइल टॉयलेट, पार्किंग, साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।
कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने भी कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली तथा आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक इंतजाम समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए की जा रही तैयारियों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात, पेयजल, चिकित्सा, स्वच्छता, पार्किंग एवं अन्य जनसुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
===
गंगा राजकीय संग्रहालय में निकली तिरंगा यात्रा, राष्ट्रप्रेम का दिया संदेश
बीकानेर, 11 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गंगा राजकीय संग्रहालय में देशभक्ति से ओत-प्रोत तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा के दौरान तिरंगा हाथों में लेकर राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का संदेश दिया गया।
तिरंगा यात्रा का नेतृत्व संग्रहालय अध्यक्ष राकेश शर्मा, संग्रहालय प्रबंधन तथा गणमान्य नागरिकों ने किया। यात्रा का मुख्य उद्देश्य आमजन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना रहा। इस दौरान उपस्थित लोगों ने तिरंगे के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए स्वतंत्रता दिवस के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।
यह आयोजन राष्ट्रव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का हिस्सा है। अभियान के माध्यम से देशवासियों को अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर तिरंगा सम्मानपूर्वक फहराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। तिरंगा यात्रा के दौरान लोगों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और गरिमा को बनाए रखने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में संग्रहालय के कर्मचारी शंकर दत्त, हर्ष मनोहर सहित अन्य कर्मचारी एवं सुरक्षाकर्मी मौजूद रहे। आयोजन के दौरान देशभक्ति का माहौल नजर आया और उपस्थित लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
===
- पीसीपीएनडीटी अधिनियम पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित
- कन्या भ्रूण हत्या एवं लिंग चयन जैसी सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम के लिए विद्यार्थियों को किया जागरूक
बीकानेर, 11 अगस्त। कन्या भ्रूण हत्या एवं लिंग चयन जैसी सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम तथा पूर्व गर्भाधान और प्रसव पूर्व निदान तकनीक (लिंग चयन प्रतिषेध) अधिनियम, 1994 (PCPNDT Act) के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से राजकीय विधि महाविद्यालय में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला के मुख्य वक्ता सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश महेश कुमार शर्मा ने पीसीपीएनडीटी अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने लिंग चयन एवं भ्रूण के लिंग की पहचान पर कानूनी प्रतिबंध, पंजीकृत केंद्रों के दायित्व तथा अधिनियम के उल्लंघन पर निर्धारित दंडात्मक प्रावधानों के बारे में विद्यार्थियों को अवगत कराया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. भगवान राम विश्नोई ने कहा कि बेटी और बेटे के बीच किसी भी प्रकार का भेदभाव समाज के समग्र विकास में बाधक है। कन्या भ्रूण हत्या केवल कानूनी अपराध ही नहीं, बल्कि गंभीर सामाजिक एवं नैतिक समस्या भी है। उन्होंने कहा कि समाज में बालिकाओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने तथा उनके समान अधिकार एवं सम्मान सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
नशा मुक्ति की दिलाई शपथ
नई किरण नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत मुख्य वक्ता महेश कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिवार और पूरे समाज के लिए घातक है। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई।
छात्राओं को आत्मरक्षा के प्रति किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान रानी लक्ष्मीबाई प्रशिक्षण केंद्र में छात्राओं को आत्मरक्षा के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। छात्राओं को विषम परिस्थितियों में आत्मविश्वास के साथ अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आत्मरक्षा कौशल सीखने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय की प्रोफेसर डॉ. कुमुद जैन ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ समाज में बेटियों के प्रति सम्मान एवं समानता की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय की सहायक आचार्य एवं नोडल अधिकारी डॉ. रेखा आचार्य ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
=====
पूगल में आयोजित हुई जनसुनवाई, विधायक ने सुनी 352 परिवेदनाएं
बीकानेर, 11 अगस्त। खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने मंगलवार को पूगल पंचायत समिति सभागार में जनसुनवाई की।
उपखंड अधिकारी पुगल दिव्या विश्नोई, विकास अधिकारी विनेश कुमार, तहसीलदार दुलाराम बाजिया, ब्लाक शिक्षा अधिकारी मुकेश भारती, कृषि अधिकारी तीर्थ सिंह, आईजीएनपी के अभियंता दीपांकर शर्मा, अनिल कैथल, जलदाय विभाग के अभियंता मुकेश पुरी, पीडब्ल्यूडी के अभियंता राकेश आर्य सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान विधायक के समक्ष ग्रामीणों ने पानी, बिजली, सड़क, स्कूल और स्वास्थ्य केंद्र में स्टाफ की नियुक्ति, अतिक्रमण हटाने, रास्ता खोलने सहित विभिन्न समस्याएं रखी। जिनके समाधान के लिए विधायक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने हर घर तिरंगा अभियान के बारे में बताया और कहा कि राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन बीकानेर में होना, यह हम सभी के लिए गर्व का विषय है। इसमें अधिक से अधिक लोग भागीदारी निभाएं।
इस दौरान सिध्दार्थ सिंह, डूंगर राम सेन, देवीलाल मेघवाल, सवाई सिंह तंवर, व्यापार मण्डल अध्यक्ष राजाराम सहू, राकेश सहोत्रा, काशी शर्मा, मण्डी के पूर्व चैयरमेन इस्माइल खा, राकेश सारण, यूनुस खान, हाकम खान, करीम खान, मोहम्मद अली, खलील खान, मुकन सिंह, गुलशेर, सतपाल गोदारा, गोपीराम नायक, ईशरराम मेघवाल, शब्बीर आदि मौजूद रहे। जनसुनवाई के दौरान 352 परिवेदनाएं प्राप्त हुई।
=====
फसल बीमा पोर्टल पर अब एग्रीस्टैक आईडी की अनिवार्यता में बटाईदार किसानों एवं ऑफलाईन भूमि अभिलेख वाले किसानों को शिथिलता प्रदत्त
बीकानेर, 11 अगस्त। संयुक्त निदेशक कृषि मदनलाल ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनान्तर्गत खरीफ 2026 में किसानों द्वारा बोयी गयी फसलों का बीमा बैंक व सीएससी के माध्यम से अंतिम तिथि 16 अगस्त 2026 तक किया जा रहा है। एग्रीस्टैक आईडी की अनिवार्यता के कारण जिन किसानों की भूमि अपना खाता पर ऑनलाईन नहीं होने के कारण एग्रीस्टैक आईडी नहीं बनी थी उन गांवों यथा जैतपुर, बखूसर, करनाणा ताल, सूई व शेरपुरा आदि गांवों के किसानों को फसल बीमा करवाने में परेशानी आ रही थी। उद्यान विभाग के सहायक निदेशक मुकेश गहलोत ने बताया कि इसके लिए फसल बीमा पोर्टल पर अब एग्रीस्टैक आईडी की अनिवार्यता बटाईदार किसानों एवं ऑफलाईन भूमि अभिलेख वाले किसानों को शिथिलता प्रदान की गयी है। समस्त बैंक अपने बैंक से ऋणी किसानों की फसलों का बीमा उनके खेतों में बोयी गयी फसल का संबंधित किसानों से शपथ पत्र प्राप्त कर फसल बीमा करना निर्धारित समयावधि में सुनिश्चित करें जिससे प्रतिकूल परिस्थितियों में किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ प्राप्त हो सके।
====
खाद्य मंत्री ने कालू में की जनसुनवाई, सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
नकोदेसर, रावासर और कालू में विकास कार्यों का लोकार्पण
बीकानेर, 12 अगस्त। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने मंगलवार को कालू ग्राम पंचायत में जनसुनवाई की। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखी। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित और प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।
इस दौरान श्री गोदारा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और जनसुनवाई के माध्यम से प्रशासन तथा जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित किया जा रहा है।
मंत्री गोदारा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार की डबल इंजन व्यवस्था का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की जवाबदेही तभी सार्थक है, जब आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो और लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।
कालू में आयोजित जनसुनवाई के दौरान पेयजल, विद्युत, सड़क, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, चिकित्सा, शिक्षा, सिंचाई तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े 55 मामलों को ग्रामीणों ने मंत्री के समक्ष रखा। मंत्री श्री गोदारा ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से एक-एक प्रकरण की जानकारी ली और अनेक मामलों का मौके पर ही निस्तारण करवाया। शेष प्रकरणों के लिए संबंधित विभागों को निर्धारित समयावधि में कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इससे पहले मंत्री गोदारा ने नकोदेसर में लगभग 70 लाख रुपये की लागत से निर्मित सीवर लाइन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से गांव में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी तथा गंदे पानी की निकासी की समस्या का स्थायी समाधान होगा। इससे ग्रामीणों को स्वच्छ वातावरण मिलेगा और विभिन्न बीमारियों की आशंका भी कम होगी।
गोदारा ने रावासर में 55 लाख रुपये की लागत से निर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उप स्वास्थ्य केंद्र भवन के शुरू होने से स्थानीय लोगों को प्राथमिक उपचार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं तथा नियमित स्वास्थ्य परामर्श अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकेगा।
उन्होंने कालू में लगभग 4 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित अटल प्रगति पथ का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि सड़क विकास किसी भी क्षेत्र की प्रगति का आधार होता है। इस मार्ग के निर्माण से ग्रामीणों की आवागमन सुविधा बेहतर होगी, कृषि उपज के परिवहन में आसानी आएगी तथा क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
मंत्री गोदारा ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास को केंद्र में रखकर कार्य कर रही है। सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में निरंतर निवेश किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को शहरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल विकास कार्यों का निर्माण करना नहीं, बल्कि आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाना है। इस दौरान जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आमजन मौजूद रहे।
===
खाद्य मंत्री श्री सुमित गोदारा बुधवार को करेंगे करोड़ों रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास
बीकानेर, 11 अगस्त। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र में 12 अगस्त (बुधवार) को विभिन्न विकास कार्यों के शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे।
श्री गोदारा बुधवार को प्रातः सुबह 11 बजे सुरनाणा में ग्राम पंचायत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण व कुजटी से सुरनाणा तथा सुरनाणा से लूणकरणसर तक सी.आर.आई.एफ. सड़क का शिलान्यास का करेंगे।
दोपहर 2.30 बजे चक 247 में नाथवाना से चक 247-1 एलकेडी तक 261.60 लाख रूपये से निर्मित 14 किलोमीटर लंबी सड़क के लोकार्पण करेंगे।
सायं 4 बजे 13 एलकेडी में 11 एलकेडी, 13 एलकेडी एवं 14 एलकेडी में 4 करोड़ 61 लाख रुपये से निर्मित खालों के शिलान्यास कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद वे शाम 5 बजे लूणकरणसर में 10 लाख रुपये से विधायक कोटे में निर्मित वाटर वर्क्स की चारदीवारी का लोकार्पण करेंगे।
सायं 6 बजे लूणकरणसर के शहीद भगत सिंह स्टेडियम में बैडमिंटन एवं टेनिस कोर्ट, भ्रमण पथ, खेल मैदान निर्माण व अन्य कार्यों के लिए 1 करोड़ 75 लाख रुपए की राशि के कार्यों का शिलान्यास करेंगे।
