बीकानेर के सरकारी समाचार

बीकानेर के सरकारी समाचार
shreecreates
quicjZaps 15 sept 2025
bothra school , gangashahar
  • नवाचार- बीकानेर जिला परिषद में हेल्पलाइन शुरू

बीकानेर, 15 अप्रैल। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग से संबंधित योजनाओं की जानकारी, प्रस्ताव और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला परिषद में हेल्पलाइन सेवा शुरू की गई है। इस संबंध में मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे द्वारा कार्यालय आदेश जारी किया गया है। आदेश के अनुसार आमजन अब विभागीय योजनाओं से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने, समस्याओं के समाधान तथा शिकायत दर्ज कराने के लिए हेल्पलाइन नंबर 0151-2226016 पर कार्यालय समय में संपर्क कर सकेंगे।
हेल्पलाइन के प्रभावी संचालन के लिए दो कार्मिकों की ड्यूटी तत्काल प्रभाव से लगाई गई है। इनमें श्री निर्मल स्वामी (कनिष्ठ सहायक) तथा श्री आशीष राजवंशी (डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर) शामिल हैं। दोनों कार्मिकों को निर्देशित किया गया है कि वे हेल्पलाइन पर प्राप्त सभी प्रस्ताव, जानकारी और शिकायतों का विधिवत रजिस्टर में संधारण करें तथा समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।
जारी आदेश में यह भी कहा गया है कि संबंधित अधिकारी हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त प्रकरणों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आमजन को राहत पहुंचाएं। इसके साथ ही विकास अधिकारियों एवं पंचायत समिति स्तर के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इस हेल्पलाइन का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
जिला परिषद प्रशासन का मानना है कि इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं की जानकारी और शिकायत निवारण प्रक्रिया अधिक सुलभ और पारदर्शी बनेगी। वहीं, नियुक्त कार्मिकों को प्रतिदिन की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं, जिससे कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जा सके।
===

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl
  • नगर स्थापना दिवस: ‘हमारा नगर-हमारी जिम्मेदारी’ विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन शनिवार को

बीकानेर, 15 अप्रैल। जिला प्रशासन और राव बीकाजी संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में बीकानेर के 539वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम संयोजक राजेन्द्र जोशी ने बताया कि यह संगोष्ठी शनिवार (18 अप्रैल) को आयोजित की जाएगी। इस वर्ष संगोष्ठी का मुख्य विषय ‘हमारा नगर-हमारी जिम्मेदारी’ रखा गया है, जिसमें शहर के विकास, विरासत के संरक्षण और नागरिक कर्त्तव्यों पर चर्चा की जाएगी। होटल लक्ष्मी निवास में आयोजित होने वाली गोष्ठी में शहर के प्रबुद्ध जन, प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ शिरकत करेंगे। आयोजन समिति ने सभी संबंधित नागरिकों और प्रबुद्ध जनों से समय पर पहुँचकर गोष्ठी को सफल बनाने का आग्रह किया है।
=======

pop ronak
  • चाइनीज मांझे के बहिष्कार को लेकर संभागीय आयुक्त ने किया बैनर का विमोचन
  • विभिन्न सामाजिक संगठनों ने जन जागरूकता अभियान किया तेज

बीकानेर, 15 अप्रैल।टीम नेशन फर्स्ट फाउंडेशन एवं मित्र एकता सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में चाइनीज मांझे के बहिष्कार एवं इसके उपयोग पर रोक लगाने के उद्देश्य से बुधवार को संभागीय आयुक्त कार्यालय में बैनर का विमोचन किया गया। इस अवसर पर संभागीय आयुक्त श्री विश्राम मीणा ने बैनर जारी कर अभियान की शुरुआत की।

इस मौके पर संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा ने कहा कि चाइनीज मांझे के उपयोग पर प्रतिबंध के आदेश जिला कलेक्टर के द्वारा पूर्व में ही जारी किए जा चुके हैं। यह मांझा मानव जीवन एवं पक्षियों के लिए अत्यंत खतरनाक है। उन्होंने अपील की कि सभी नागरिक प्रशासन के आदेशों की पालना करें तथा इस संदेश को आमजन तक पहुंचाने में सहयोग दें। उन्होंने बीकानेर स्थापना दिवस एवं अक्षय तृतीया पर्व को सुरक्षित एवं खुशहाल तरीके से मनाने की भी शुभकामनाएं दीं।
मित्र एकता सेवा समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री एनडी क़ादरी ने बताया कि संस्था द्वारा शहर के विभिन्न सर्किलों पर जागरूकता पोस्टर एवं बैनर लगाए जा रहे हैं, ताकि आमजन को चाइनीज मांझे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया जा सके। उन्होंने बताया कि यह अभियान समाजहित में निरंतर चलाया जाएगा।
कोटगेट व्यापार मंडल अध्यक्ष श्री विजय कोचर ने कहा कि प्रशासन इस बार चाइनीज मांझे के खिलाफ पूरी तरह मुस्तैद है। इसके बावजूद सामाजिक संगठनों द्वारा भी जागरूकता अभियान निरंतर जारी रखा जाएगा, ताकि पूर्णतः प्रतिबंध सुनिश्चित किया जा सके।
मित्र एकता सेवा समिति के संरक्षक श्री सुनील दत्त नागल ने कहा कि प्रशासन की सख्ती के चलते इस बार प्रतिबंध प्रभावी रूप से लागू होगा और आमजन सुरक्षित वातावरण में आखातीज का पर्व मना सकेंगे।
कार्यक्रम में टीम नेशन फर्स्ट फाउंडेशन के संस्थापक दिलीप गुप्ता, पंकज कंसल, प्रकाश सामसुखा, मित्र एकता सेवा समिति के सचिव सैयद अख्तर, रामकिशोर यादव, शाकिर हुसैन सहित मुस्कान खत्री, गायत्री गिरी एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
============

  • जिला कलेक्टर एवं बीकानेर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष ने बीडीए का किया औचक निरीक्षण
  • आमजन से जुड़े कार्य प्राथमिकता से करने के दिए निर्देश

बीकानेर, 15 अप्रैल। जिला कलेक्टर एवं बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) अध्यक्ष श्री निशांत जैन ने बुधवार को बीडीए कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भवन परिसर का अवलोकन करते हुए अधिकारियों से व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक लिया। परिवादियों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानी और निस्तारण के लिए अधिकरियों को निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि पत्रावलियों का ऑनलाइन प्रेषण एवं निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा अनावश्यक पेंडेंसी बिल्कुल नहीं रहे। साथ ही नागरिक सेवा केंद्र के लिए प्रभारी नियुक्त कर लोक सेवाओं की अदायगी में जवाबदेही तय करने के निर्देश भी दिए। इसके लिए सिंगल विंडो व्यवस्था को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए निर्देशित किया।

उन्होंने बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए बीडीए द्वारा करवाए जा रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की स्थिति जानी और स्पष्ट निर्देश दिए कि गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर बीडीए आयुक्त सिद्धार्थ पलनीचामी, सचिव कुलराज मीणा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
==========

  • जिला कलेक्टर ने राजकीय नेत्रहीन छात्रावासित विद्यालय का किया औचक निरीक्षण

बीकानेर, 15 मार्च। जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन ने बुधवार को पटेल नगर स्थित राजकीय नेत्रहीन छात्रावासित विद्यालय का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की समस्त व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और विभिन्न कक्षाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों से संवाद कर शैक्षणिक एवं आवासीय व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
जिला कलेक्टर ने विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, साफ-सफाई, कक्षाओं की व्यवस्था, आवासीय एवं भोजन की स्थिति का अवलोकन किया। संस्था प्रधान को आधारभूत आवश्यकताओं से जुड़े प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मुहैया करवाएं।
इस दौरान पर नगर निगम आयुक्त श्री सिद्धार्थ पलनीचामी, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी श्री किशन दान चारण सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
==========

  • मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-शहरी वार्ड अभियान की मुख्य सचिव ने की समीक्षा
  • 15 मई तक मास्टर प्लान तैयार करें- मुख्य सचिव
  • ”क्यूआर फीडबैक और जीआईएस मैपिंग से आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करें”

बीकानेर, 15 अप्रैल। मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा की पहल पर संचालित मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-शहरी वार्ड अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विभागों एवं जिला कलेक्टर्स को सभी गतिविधियों को समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों एवं शहरी वार्डों के लिए डायनामिक मास्टर प्लान तैयार कर 15 मई तक पोर्टल पर अपलोड किए जाएं तथा नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से हर स्तर पर जवाबदेही और आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
मुख्य सचिव बुधवार को सचिवालय से आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अभियान की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने जिला कलेक्टर्स से संवाद कर उनके सुझाव, समस्याओं एवं अनुभवों की जानकारी ली और संबंधित विभागों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिला कलेक्टर्स को ग्राम सभा में अनिवार्य रूप से भाग लेने तथा जमीनी स्तर पर गतिविधियों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने सभी जिला कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी को निर्देश दिए कि ग्राम सभा एवं वार्ड सभा के माध्यम से सुझाव संकलन, डेटा एंट्री, GIS मैपिंग और मास्टर प्लान तैयार करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। साथ ही, 20 अप्रैल तक फोकस ग्रुप डिस्कशन, 25 अप्रैल तक ड्राफ्ट मास्टर प्लान तथा 15 मई तक अंतिम मास्टर प्लान तैयार कर पोर्टल पर अपलोड सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी विभाग को आमजन की भागीदारी बढ़ाने के लिए QR कोड आधारित फीडबैक प्रणाली विकसित करने तथा नवगठित ग्राम पंचायतों में ग्राम सेवकों की आईडी मैपिंग शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि अभियान का क्रियान्वयन सुचारू रूप से हो सके।
बैठक में प्रमुख शासन सचिव आयोजना श्री भवानी सिंह देथा ने बताया कि अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रत्येक जिले में पंचायती राज एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की संयुक्त टीमें गठित की गई हैं तथा जिला एवं ब्लॉक स्तर पर हेल्पडेस्क स्थापित किए गए हैं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नियमित प्रशिक्षण एवं डाउट क्लियरिंग सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के लिए विकसित वेब पोर्टल के माध्यम से डेटा एंट्री, मॉनिटरिंग, GIS आधारित मैपिंग तथा मास्टर प्लान अपलोड की सुविधा उपलब्ध है, जबकि मोबाइल एप से जियो-टैग्ड फोटो अपलोड की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत ग्राम पंचायत एवं शहरी वार्ड टूलकिट को 11 प्रमुख सेक्शनों- प्रशासनिक, कृषि एवं आजीविका, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, औद्योगिक विकास, आधारभूत संरचना, जल प्रबंधन, पर्यावरण, पर्यटन एवं सुशासन में विभाजित किया गया है, जिससे डिजिटल बेसलाइन तैयार की जा रही है। इसके आधार पर वर्ष 2030, 2035 एवं 2047 तक की आवश्यकताओं का आकलन कर योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-शहरी वार्ड अभियान 19 मार्च से प्रारंभ होकर 15 मई तक संचालित रहेगा। इसके अंतर्गत राज्य के 766 स्थानीय निकायों के 24,648 ग्राम पंचायतों एवं शहरी वार्डों को शामिल किया गया है, जिनमें से लगभग 90 प्रतिशत इकाइयों की SSO आईडी मैपिंग पूर्ण हो चुकी है तथा पोर्टल पर डेटा एंट्री की प्रक्रिया निरंतर प्रगति पर है।
बैठक में शासन सचिव स्वायत्त शासन विभाग श्री रवि जैन, शासन सचिव एवं आयुक्त पंचायतीराज डॉ. जोगा राम सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि सभी जिला कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। बीकानेर में जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन, नगर निगम कमिश्नर श्री सिद्धार्थ पालानिचामी ,सीईओ जिला परिषद सुश्री शैलजा पांडेय वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए जुड़े।
================

जिला स्तरीय जनसुनवाई गुरुवार को कलेक्ट्रेट में

बीकानेर, 15 अप्रैल। जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन 16 अप्रैल को प्रातः 11 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक के बाद किया जाएगा। लोक सेवाएं, प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग के सहायक निदेशक ने यह जानकारी दी।
===========

पेयजल आपूर्ति के संबंध में संभाग स्तरीय बैठक 22 को

बीकानेर,15 अप्रैल। संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा की अध्यक्षता में 22 अप्रैल को सायं 4 बजे संभागीय आयुक्त सभागार में पेयजल आपूर्ति के संबंध में बैठक आयोजित की जाएगी। इस दौरान आगामी ग्रीष्मऋतु में प्रस्तावित नहरबंदी के दौरान पेयजल की सुचारू आपूर्ति बनाए रखने की कार्ययोजना एवं तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। बैठक में संभाग के चारों जिलों के जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, आईजीएनपी और जलदाय विभाग के अधिकारी मौजूद रहेंगे।
=========

जनगणना 2027 हेतु नगर निगम के फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण आरंभ

बीकानेर, 15 अप्रैल। जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकान गणना के सफल संचालन के उद्देश्य से बीकानेर नगर निगम के फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण बुधवार को राजस्थान यूनिवर्सिटी ऑफ वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज ( राजूवास) के फैकल्टी हाउस में प्रारंभ हुआ।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर डॉ. विपिन सैनी एवं डॉ. वाई. बी. माथुर के साथ जयपुर से आए मास्टर ट्रेनर्स श्री नीरज यादव एवं श्री हरि सिंह बिजारनिया द्वारा फील्ड ट्रेनर्स को विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

नगर निगम उपायुक्त श्री यशपाल आहूजा ने बताया कि प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में प्रतिभागियों को जनगणना के महत्व, उद्देश्य एवं पूर्व में आयोजित जनगणनाओं के अनुभवों के बारे में पॉवर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से जानकारी दी गई।

श्री आहूजा ने बताया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत स्व-गणना का कार्य 1 मई से 15 मई 2026 तक तथा फील्ड कार्य 16 मई से 14 जून 2026 तक किया जाएगा। इस चरण में मकानों की सूची तैयार करने के साथ-साथ आवासीय स्थिति से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी एकत्रित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनर्स को डिजिटल एप्लिकेशन, डेटा संग्रहण की प्रक्रिया, प्रपत्रों के सही उपयोग तथा आमजन से संवाद स्थापित करने के तरीकों के बारे में भी प्रशिक्षित किया गया ताकि वे अपने-अपने क्षेत्र में जनगणना कार्य को प्रभावी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपादित कर सकें।

निगम उपायुक्त ने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स आगामी दिनों में गणनाकारों को प्रशिक्षण देंगे, जिससे जनगणना 2027 का कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके तथा अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित की जा सके।

प्रशिक्षकों ने बताया कि जनगणना के आंकड़े देश की विकास योजनाओं की आधारशिला होते हैं, जिनके आधार पर शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी नीतियां बनाई जाती हैं।उल्लेखनीय है कि भारत में जनगणना का आयोजन प्रत्येक दस वर्ष में किया जाता है, जिसकी शुरुआत वर्ष 1872 में हुई थी, जबकि नियमित जनगणना की परंपरा 1881 से प्रारंभ मानी जाती है। यह विश्व की सबसे बड़ी प्रशासनिक एवं सांख्यिकीय कवायदों में से एक है, जिसमें देश के प्रत्येक व्यक्ति एवं मकान का विस्तृत विवरण संकलित किया जाता है।
===========