कचरा नहीं उठने पर भड़के भाजपा पार्षद, जमीन पर पटका सिर और फाड़े कपड़े

कचरा नहीं उठने पर भड़के भाजपा पार्षद, जमीन पर पटका सिर और फाड़े कपड़े
quicjZaps 15 sept 2025

बीकानेर, 06 अक्टूबर । बीकानेर नगर निगम में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी और हाईवोल्टेज ड्रामे की स्थिति बन गई, जब शहर में बिगड़ी सफाई व्यवस्था और घरों से कचरा नहीं उठने से नाराज वार्ड संख्या 37 से भाजपा पार्षद श्याम सिंह हाडला ने नगर निगम कमिश्नर सिद्धार्थ पलानीचामी के सामने अपना आपा खो दिया। पार्षद ने कमिश्नर को खरी-खोटी सुनाते हुए अचानक अपना सिर जमीन पर मारना शुरू कर दिया और अपनी शर्ट फाड़ डाली। मामला बिगड़ता देख मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने पार्षद को चेंबर से बाहर निकाला।

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

हूपर नहीं आने से नाराज थे पार्षद

pop ronak

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर के विभिन्न वार्डों में कचरा उठाने वाली गाड़ियां (हूपर) नियमित रूप से नहीं आ रही हैं। हूपर चालकों को फोन करने पर भी वे पार्षदों और आमजन से सीधे मुंह बात नहीं करते, जिसके कारण स्थानीय निवासियों के आक्रोश का सामना पार्षदों को करना पड़ रहा था। इसी समस्या को लेकर पार्षद श्याम सिंह हाडला दोपहर करीब 1 बजे कमिश्नर पलानीचामी से उनके चेंबर में मुलाकात करने पहुंचे थे। बातचीत के दौरान संतोषजनक जवाब न मिलने पर पार्षद इतने आक्रोशित हो गए कि उन्होंने पहले निगम हॉल में अपने कपड़े फाड़े और फिर कमिश्नर चेंबर में जमीन पर सिर दे मारा। बाद में सदर सीआई प्रदीप चारण ने बीच-बचाव कर उन्हें बाहर निकाला।

अधिकारियों की लापरवाही और टेंडर प्रक्रिया पर उठाए सवाल

घटना के बाद पार्षद श्याम सिंह हाडला ने अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नगर निगम प्रशासन ने पुराने कचरा टेंडर को समय से पहले समाप्त कर दिया और नया टेंडर भी सही ढंग से नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारियों की मिलीभगत और लापरवाही के कारण शहर के मोहल्लों में कचरा गाड़ियां नहीं पहुंच रही हैं। हाडला ने कहा कि जब जनता का दबाव पार्षदों पर बनता है और मुख्यमंत्री की मंशा के विपरीत अधिकारी लापरवाही बरतते हैं, तो जनप्रतिनिधियों के पास अधिकारियों के सामने सिर फोड़ने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचता।