CM भजनलाल शर्मा बीकानेर में Gen-Z से करेंगे सीधा संवाद, 2047 के भारत पर युवा पूछ सकेंगे सवाल
CM भजनलाल शर्मा बीकानेर में Gen-Z से करेंगे सीधा संवाद, 2047 के भारत पर युवा पूछ सकेंगे सवाल


- 15 अगस्त को राज्य स्तरीय समारोह के बाद रविंद्र रंगमंच पर आयोजित होगा विशेष कार्यक्रम; माध्यमिक शिक्षा के अतिरिक्त निदेशक शैलेंद्र देवड़ा बने नोडल अधिकारी
बीकानेर, 11 अगस्त । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बीकानेर आ रहे राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शहर के युवाओं (Gen-Z) के साथ सीधे संवाद करेंगे। 15 अगस्त को डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य आयोजन के पश्चात रविंद्र रंगमंच पर इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।


इस संवाद कार्यक्रम में 15 से 20 वर्ष की आयु वर्ग के स्कूल एवं कॉलेज के विद्यार्थी भाग लेंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वर्ष 2047 के ‘विकसित भारत’ को लेकर युवाओं के सपनों, विचारों और उम्मीदों को जानना है। यह आयोजन एकतरफा भाषण के बजाय सवाल-जवाब और दोतरफा संवाद पर केंद्रित रहेगा, जिसमें विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री के समक्ष अपने सुझाव रखने और उनसे सीधे प्रश्न पूछने का अवसर मिलेगा।


सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी होंगे शामिल
कार्यक्रम में सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों के स्कूलों तथा महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को जोड़ा जाएगा। प्रयास किया जा रहा है कि विभिन्न क्षेत्रों और शैक्षणिक पृष्ठभूमि से आने वाले युवाओं को समान प्रतिनिधित्व और संवाद का अवसर प्राप्त हो सके।
शिक्षा विभाग को सौंपी गई जिम्मेदारी
कार्यक्रम के सफल और सुचारु संचालन हेतु माध्यमिक शिक्षा के अतिरिक्त निदेशक शैलेंद्र देवड़ा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने और कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने की गतिविधियां तेजी से पूरी की जा रही हैं।

