पिता की हार्टअटैक से मौत के बाद सदमे में बेटी ने किया सुसाइड
पिता की हार्टअटैक से मौत के बाद सदमे में बेटी ने किया सुसाइड



- खेत के तालाब में लगाई छलांग, दोनों का एक साथ हुआ अंतिम संस्कार
बीकानेर, 16 जून। बीकानेर के बज्जू थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ पिता की अचानक मौत का सदमा एक बेटी बर्दाश्त नहीं कर सकी और उसने भी मौत को गले लगा लिया। पिता के शव को घर पहुंचते देख बदहवास हुई बेटी ने खेत में बने पोंड (तालाब) की तरफ दौड़ लगा दी और उसमें छलांग लगा दी। परिजनों और ग्रामीणों ने उसे तुरंत पानी से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। यह मर्मस्पर्शी घटना बज्जू थाना क्षेत्र के चक 3 बीजीएएम (ए) में मंगलवार सुबह करीब 11 बजे घटित हुई।


निर्माणाधीन मकान में अचेत मिले थे पिता, डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
मृतक के भतीजे पवन गोदारा ने बताया कि उनके चाचा पतराम गोदारा (45) सोमवार शाम को बज्जू कस्बे में स्थित अपने एक निर्माणाधीन मकान पर गए थे और रात को वहीं रुक गए थे। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे परिजनों को सूचना मिली कि पतराम मकान के भीतर अचेत अवस्था में पड़े हैं। इस पर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्हें आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल लेकर गए, जहाँ चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने प्राथमिक तौर पर पतराम की मौत का कारण साइलेंट हार्ट अटैक होना बताया।


पिता का शव आंगन में देखते ही तालाब की ओर दौड़ी ऋतु
भतीजे पवन के अनुसार, चाचा पतराम की असामयिक मृत्यु की खबर सुनते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया। सुबह करीब 11 बजे जब कानूनी प्रक्रियाओं के बाद पिता का शव घर के आंगन में लाया गया, तो उनकी 22 वर्षीय पुत्री ऋतु गोदारा पिता के शव को देखकर अपने आंसुओं और गहरे सदमे को नियंत्रित नहीं कर सकी।
बदहवास होकर लगाई दौड़: पिता के वियोग में ऋतु अचानक बदहवास होकर घर के पास ही स्थित खेत के तालाब (वॉटर पोंड) की तरफ भागी।
ग्रामीणों का प्रयास रहा असफल: ऋतु को तालाब की तरफ भागता देख वहां मौजूद परिजन और ग्रामीण अनहोनी की आशंका में पीछे दौड़े, लेकिन जब तक लोग उसे रोक पाते, उसने तालाब के गहरे पानी में छलांग लगा दी। ग्रामीणों ने भारी मशक्कत के बाद ऋतु को पानी से बाहर निकाला और तुरंत बज्जू के सरकारी हॉस्पिटल लेकर भागे, परंतु वहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।
गाँव में पसरा मातम, एक ही चिता पर पंचतत्व में विलीन हुए पिता-पुत्री: ऋतु गोदारा अभी कॉलेज की छात्रा थी और ग्रेजुएशन फर्स्ट ईयर में पढ़ाई कर रही थी। इस दोहरे वज्रपात से पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया है और हर आंख नम है। बज्जू उप जिला अस्पताल में दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिए। शाम को गमगीन माहौल में पिता पतराम गोदारा और पुत्री ऋतु गोदारा का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया, जिसने भी इस दृश्य को देखा उसकी रूह कांप उठी।


