भव्य डोम और यज्ञशाला बनकर तैयार, 2 जून को प्रसिद्ध भजन गायक संत प्रकाश दास महाराज की होगी ‘गौ भक्ति संध्या’
भव्य डोम और यज्ञशाला बनकर तैयार, 2 जून को प्रसिद्ध भजन गायक संत प्रकाश दास महाराज की होगी 'गौ भक्ति संध्या


बीकानेर, 29 मई। बीकानेर के निकटवर्ती गांव केसरदेसर जाटान में आगामी 31 मई से शुरू होने जा रहे भव्य धार्मिक अनुष्ठान ‘श्री गौ नंदी कृपा कथा, सुरभि यज्ञ एवं भक्ति संगीत महोत्सव’ की तैयारियां अब अपने अंतिम और परवान दौर में हैं। गौशाला में आयोजित होने वाले इस सात दिवसीय महाआयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में भारी उत्साह है और गौ सम्मान आह्वान अभियान को प्रचंड वेग देने के लिए ग्रामीण व आयोजक दिन-रात जुटे हुए हैं।


देशभर से उमड़ रहे श्रद्धालु, ‘धेनु कृपा’ निवासों में ठहरने की व्यवस्था
संत राजेन्द्र दास जी महाराज और दत शरणानंद जी महाराज के पावन आशीर्वाद व प्रेरणा से आयोजित हो रहे इस अनुष्ठान में शामिल होने के लिए देश के विभिन्न महानगरों जैसे सूरत, मुंबई, कोलकाता, अहमदाबाद, हैदराबाद, दिल्ली और कटक आदि स्थानों से श्रद्धालुओं और प्रवासियों का आगमन शुरू हो चुका है। बाहर से पधारने वाले संतों, महात्माओं और अतिथियों के ठहरने, भोजन व अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए गांव के ही ’धेनु कृपा’ भवन सहित विभिन्न घरों में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।


मुख्य आयोजक चांडक परिवार ने साझा किया कार्यक्रम का शेड्यूल
आयोजन के मुख्य सूत्रधार ’श्रीमती मणकादेवी एवं गोपी किशन चांडक परिवार’ के जुगल चांडक ने तैयारियों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि ख्याति प्राप्त संतों और वेदपाठी ब्राह्मणों के सान्निध्य में 31 मई से 6 जून 2026 तक विश्व कल्याण और गौ समृद्धि की कामना के साथ वैदिक मंत्रोच्चारण किया जाएगा।
धार्मिक कार्यक्रमों का समय इस प्रकार रहेगा
भव्य कलश यात्रा: 31 मई को सुबह ठाकुरजी के मंदिर से गाजे-बाजे के साथ कलश यात्रा रवाना होकर आयोजन स्थल (गौशाला) पहुंचेगी, जिससे कथा की शुरुआत होगी।
सुरभि यज्ञ: प्रतिदिन सुबह 6:00 बजे से 9:00 बजे तक।
श्री गौ नंदी कृपा कथा: प्रतिदिन दोपहर 1:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक।
विशाल डोम टेंट और आधुनिक सुविधाएं तैयार
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गौशाला परिसर में बुनियादी ढांचे को अंतिम रूप दे दिया गया है। अनुष्ठान के लिए विशेष रूप से 24×24 वर्ग फीट की भव्य यज्ञशाला का निर्माण किया गया है। इसके साथ ही, भीषण गर्मी को देखते हुए 84×150 वर्ग फीट का एक विशाल जर्मन डोम टेंट लगाया गया है, जिसमें हजारों श्रद्धालु एक साथ बैठकर कथा श्रवण कर सकेंगे। इस डोम में आधुनिक लाइट, माइक सिस्टम और ठंडी हवा (कूलर/पंखे) के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। साथ ही पेयजल, चाय-नाश्ता और दूर-दराज से आने वाले लोगों के लिए भोजन प्रसादी की निरंतर व्यवस्था रहेगी।
2 जून को सजेगी ‘गौ भक्ति संध्या’, श्रद्धालुओं के लिए बसें उपलब्ध
इस धार्मिक महोत्सव के तहत आगामी 2 जून को रात्रि 9:00 बजे से एक विशेष ‘गौ भक्ति संध्या’ (भजन कार्यक्रम) का आयोजन किया जाएगा। इसमें टोंक-निवाई के सुप्रसिद्ध भजन गायक और गोऋषि पूज्य संत प्रकाश दास जी महाराज अपनी मधुर आवाज में भजनों की प्रस्तुतियां देंगे।
आयोजक समिति ने बताया कि बीकानेर शहर सहित आस-पास के कस्बों से आने वाले श्रद्धालुओं को लाने-ले जाने के लिए विशेष बसों की व्यवस्था की गई है। यह बसें बीकानेर, सींथल, नोखा, देशनोक और नापासर से नियमित अंतराल पर केसरदेसर जाटान के लिए संचालित होंगी।


