मकान की खिड़की तोड़कर लाखों के जेवरात और नगदी पार
मकान की खिड़की तोड़कर लाखों के जेवरात और नगदी पार



- लोसल और रोहलसाबसर में भी साइबर ठगी के मामले दर्ज
सीकर, 13 अगस्त । सीकर जिले में अपराध के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। एक तरफ जहां बंद कमरे की खिड़की तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली गई, वहीं दूसरी तरफ दो लोग साइबर फ्रॉड का शिकार हो गए। पुलिस ने सभी मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


जाचास गांव में चोरों का धावा: 25-30 लाख के जेवरात और ढाई लाख नकदी चोरी
सदर थाना क्षेत्र के जाचास गांव में कल्याणमल शर्मा के मकान में चोरी की बड़ी वारदात अंजाम दी गई। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, सुबह जब परिजन जागे तो उनके कमरे का दरवाजा बाहर से बंद (ताला लगा) था। शोर मचाने और जांच करने पर पता चला कि मकान के पिछले हिस्से की खिड़की टूटी हुई थी।


चोर कमरे में रखे लगभग 25 से 30 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण तथा 2.50 लाख रुपये की नकद राशि समेटकर फरार हो गए। वारदात के समय परिवार के सदस्य दूसरे कमरों और आंगन में सो रहे थे। सदर थाना पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी है।
लोसल और रोहलसाबसर में साइबर ठगी के शिकार हुए ग्रामीण
जिले में साइबर अपराधियों का जाल भी लगातार पांव पसार रहा है। साइबर पुलिस थाने में लोसल निवासी मुकेश कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि धोखे से उनके बैंक खाते से 2.30 लाख रुपये निकाल लिए गए।
वहीं, दूसरा मामला रोहलसाबसर गांव से सामने आया, जहां मुबारिक खान नाम के व्यक्ति के साथ 1 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी हुई। साइबर थाना पुलिस दोनों शिकायतों के आधार पर ट्रांजैक्शन ट्रेल खंगालने में लगी है।

