शाकद्वीपीय ब्राह्मण समाज की बैठक में हुए कई अहम निर्णय
शाकद्वीपीय ब्राह्मण समाज की बैठक में हुए कई अहम निर्णय


- शिक्षा, जनगणना और राजनीतिक भागीदारी पर हुआ मंथन
बीकानेर, 03 अगस्त । शाकद्वीपीय ब्राह्मण समाज बीकानेर की मासिक बैठक तथा राजस्थान प्रांतीय शाकद्वीपीय ब्राह्मण महासभा की संयुक्त बैठक रविवार को नत्थूसर गेट स्थित सेवगों की बगेची में आयोजित की गई। इस बैठक में शिक्षा, सामाजिक जनगणना, राजनीतिक सहभागिता, रोजगार के अवसर और आगामी प्रतिभा सम्मान समारोह सहित विभिन्न ज्वलंत विषयों पर विस्तार से मंथन किया गया।


बैठक की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ समाजसेवी जेठमल शर्मा ने कहा कि समाज के युवा शिक्षा के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सरकारी सेवाओं में चयनित हो रहे हैं, जो संपूर्ण समाज के लिए गौरव की बात है। उन्होंने शिक्षित और अनुभवी वरिष्ठजनों से विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने का आह्वान किया।


राजनीतिक सहभागिता और जनगणना पर जोर
महासभा के महासचिव राजेश शर्मा ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए युवाओं की राजनीति में सक्रिय भागीदारी समय की मांग है। वहीं, बीकानेर संभाग अध्यक्ष एडवोकेट दिलीप सेवग ने बताया कि समाज की बीकानेर स्तरीय जनगणना का कार्य गठित समिति द्वारा शीघ्र पूरा किया जाएगा, जिससे भविष्य की योजनाओं के लिए सटीक आंकड़े उपलब्ध हो सकेंगे।
वरिष्ठ सदस्य आरके शर्मा ने युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाएं तलाशने पर जोर दिया, जबकि सामाजिक कार्यकर्ता नितिन वत्सस ने विवाह संबंधी व्यावहारिक समस्याओं के समाधान हेतु गोत्र प्रणाली और फलियों पर पुनर्विचार का प्रस्ताव रखा।
प्रतिभा सम्मान और सहयोग की घोषणा
बैठक के दौरान महासभा के शिक्षा प्रकोष्ठ के राजेंद्र शर्मा ने आगामी प्रतिभा सम्मान समारोह को लेकर युवाओं के उत्साह को सराहा। इस अवसर पर वरिष्ठ सदस्य बनवारीलाल पांडे ने शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने हेतु महासभा को 10,000 रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा की।
कार्यक्रम का कुशल संचालन हरीश भोजक ने किया, जबकि गणेश शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। बैठक में विकास शर्मा, चंद्र शर्मा और निलेश शर्मा सहित समाज के अनेक प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।


