

- नया वर्ष देता है अध्यात्म जागृति की प्रेरणा
दक्षिण मुंबई, 10 नवम्बर । महाप्रज्ञ पब्लिक स्कूल, कालबादेवी में श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा दक्षिण मुंबई के तत्वावधान में तथा शासनश्री साध्वीश्री कंचनप्रभाजी एवं शासनश्री साध्वीश्री मंजुरेखाजी आदि ठाणा-5 के पावन सान्निध्य में अभिनव नव वर्ष का आयोजन अत्यंत भक्ति भाव और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।


विशाल जनमेदिनी को संबोधित करते हुए साध्वीश्री कंचनप्रभाजी ने कहा कि नया वर्ष सभी के लिए अध्यात्ममय होना चाहिए। संकल्पबद्ध साधना के साथ तप, त्याग, संस्कार और स्वाध्याय के साथ संयम के प्रति जागरूकता बनी रहनी चाहिए। उन्होंने जैन दर्शन के सूत्र ‘धम्मो सुद्धस्स चिट्ठइ’ का उल्लेख करते हुए बताया कि शुद्ध और सरल आत्मा में ही धर्म का वास होता है।



इस अवसर पर साध्वीश्री मंजुरेखाजी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि नए वर्ष का सच्चा उपहार अध्यात्म प्रवण संस्कार है। जीवन में अनुकूल और प्रतिकूल परिस्थितियां आत्म-परिष्कार का माध्यम बनती हैं। जहां करुणा और दया का भाव होता है, वहां जीवन सदैव जगमगाता रहता है। उन्होंने सामायिक, मौन और विवेक के माध्यम से सच्ची खुशी प्राप्त करने की प्रेरणा दी। साध्वीश्री ने गुरु और शिष्य तथा माता-पिता के सम्मान की महत्ता पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का शुभारंभ साध्वीश्री उदितप्रभाजी, साध्वीश्री चिन्मयप्रभाजी एवं साध्वीश्री चेलनाश्रीजी द्वारा प्रस्तुत सुमधुर गीत से हुआ। पूरे कार्यक्रम का कुशल संयोजन साध्वीश्री मंजुरेखाजी ने किया। इस गरिमामयी समारोह में आचार्य महाप्रज्ञ विद्यानिधि फाउंडेशन, तेरापंथी सभा, तेयुप, महिला मंडल तथा विभिन्न क्षेत्रों की सभा-संस्थाओं के पदाधिकारियों सहित दक्षिण मुंबई के बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रहे। यह जानकारी सभा मीडिया प्रभारी नितेश धाकड़ एवं तेयुप उपाध्यक्ष दर्शन डागलिया ने दी।

