

चेन्नई, 10 नवम्बर । लाडनूं नागरिक परिषद, चेन्नई द्वारा आयोजित दस दिवसीय ‘गुरुदर्शन यात्रा-2026’ (25 अक्टूबर से 3 नवंबर 2026) अत्यंत उत्साह, श्रद्धा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस यात्रा में कुल 87 श्रद्धालुओं ने भाग लिया, जिसका कुशल संयोजन उमेद सिंह बोकरिया एवं विजय बैद द्वारा किया गया। यात्रा को सफल बनाने में प्रकाश फुलफगर, किशोर दुगड़, विकास भंसाली तथा प्रदीप बोकडिया का विशेष सहयोग रहा।


चेन्नई से प्रारंभ हुई इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने सिरियारी, कांटालिया के दर्शन किए। इसके पश्चात लाडनूं में चार दिवसीय प्रवास के दौरान श्रद्धालुओं को आचार्यश्री, युवाचार्य श्री एवं साध्वी प्रमुखा के पावन सान्निध्य में आध्यात्मिक लाभ प्राप्त हुआ।



इस अवसर पर लाडनूं नागरिक परिषद के तत्वावधान में जैन विश्व भारती संस्थान (JVBI) के ऑडिटोरियम में एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘द्रौपदी’ एकल अभिनय (Mono Act) का आयोजन किया गया। बेंगलुरु की सुप्रसिद्ध कलाकार श्रीमती अंजना चांडक द्वारा प्रस्तुत इस प्रभावशाली एकल अभिनय की दर्शकों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। यह कार्यक्रम श्रीमती एवं श्री उमेद बोकडिया द्वारा प्रायोजित था।
समारोह में जैन विश्व भारती संस्थान के कुलपति बचराज दुगड़ की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन संयोजक रमेश खटेड ने किया। स्वागत उद्बोधन परिषद के अध्यक्ष बसंत नाहटा ने दिया तथा अंत में सचिव प्रकाश फुलफगर ने सभी सहयोगियों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त किया। इस सफल आयोजन ने समाज में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक चेतना और संगठनात्मक एकता को और अधिक सुदृढ़ किया है।

