

फडणवीस सरकार में 2 डिप्टी CM समेत 42 मंत्री, इनमें 1 मुस्लिम, 4 महिलाएं; 1 सीट खाली


मुम्बई , 15 दिसम्बर। महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव रिजल्ट के 23वें दिन रविवार को नागपुर में मंत्रिमंडल विस्तार हुआ। फडणवीस सरकार में 33 कैबिनेट और 6 राज्य मंत्रियों ने शपथ ली। CM और 2 डिप्टी CM समेत यह संख्या 42 हो गई। कैबिनेट में कुल 43 मंत्री शपथ ले सकते हैं। एक सीट खाली रखी गई है।



फडणवीस सरकार में 19 भाजपा, 11 शिवसेना और 9 NCP कोटे से मंत्री शामिल किए गए हैं। इनमें 4 महिलाओं (3 भाजपा, 1 NCP) और 1 मुस्लिम (NCP) को जगह मिली है। कैबिनेट में सबसे युवा मंत्री NCP की अदिति तटकरे (36 साल) और सबसे उम्रदराज मंत्री भाजपा के गणेश नाइक (74 साल) हैं।
भाजपा के पंकज भोयर (PhD) सबसे ज्यादा पढ़े-लिखे मंत्री हैं। शिवसेना के भारत गोगावले सबसे कम पढ़े-लिखे (8वीं पास) मंत्री हैं। कैबिनेट में 30-40 साल के 2, 40-50 साल के 12, 50-60 साल के 12 और 60 साल से ज्यादा उम्र के 13 मंत्री शामिल किए गए हैं।
मंत्रिमंडल विस्तार के बाद CM और डिप्टी CM की प्रेस कॉन्फ्रेंस
CM देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मंत्रियों का परफॉर्मेंस ऑडिट किया जाएगा। जिनका परफॉर्मेंस अच्छा नहीं होगा। उनके बारे में पुनर्विचार करेंगे।
डिप्टी CM अजित पवार ने बताया कि मंत्रियों को दो से तीन दिन में पोर्टफोलियो दे दिए जाएंगे।
डिप्टी CM एकनाथ शिंदे ने कहा कि मैंने और फडणवीस ने कहा था कि हम मिलकर 200 सीट लाएंगे। दादा (अजित पवार) के आने से बोनस मिला। मैं फडणवीस के पीछे मजबूती से खड़ा रहूंगा।
अब शपथ लेने वाले 33 कैबिनेट मंत्रियों के बारे में पढ़िए…
बीजेपी–
चंद्रशेखर बावनकुले, राधाकृष्ण विखे पाटील, चंद्रकांत पाटील, गिरीश महाजन, गणेश नाईक, मंगलप्रभात लोढा, जयकुमार गोरे, पंकजा मुंडे, अतुल सवे, अशोक उईके, आशीष शेलार, जयकुमार रावल, संजय सावकारे, नितेश राणे, आकाश फुंडकर, माधुरी मिसाल, पंकज भोयर (राज्यमंत्री), मेघना बोर्डीकर (राज्यमंत्री), शिवेंद्रसिंह राजे भोसले (राज्यमंत्री)
शिवसेना–
गुलाबराव पाटील, दादा भुसे, संजय राठोड, उदय सामंत, शंभूराज देसाई, संजय शिरसाट, प्रताप सरनाईक, भरत गोगावले, प्रकाश आबिटकर, आशीष जैस्वाल (राज्यमंत्री), योगेश कदम (राज्यमंत्री)
एनसीपी–
हसन मुश्रीफ, धनंजय मुंडे, दत्तात्रय भरणे, आदिती तटकरे, माणिकराव कोकाटे, नरहरी झिरवल, मकरंद जाधव, बाबासाहेब पाटील, इद्रनील नाईक (राज्यमंत्री)
महाराष्ट्र में 20 नवंबर को हुए विधानसभा चुनाव में ‘महायुति’ ने 288 सीट में से 230 सीट जीतकर सत्ता बरकरार रखी है। बीजेपी 132 सीट के साथ सबसे बड़ी पार्टी रही, जबकि शिंदे नीत शिवसेना ने 57 और अजित पवार नीत एनसीपी ने 41 सीटों पर जीत हासिल की। वहीँ, कांग्रेस, शिवसेना (UBT) और एनसीपी (एसपी) के एमवीए का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और एमवीए महज 46 सीट ही जीत सकी। यहां तक की कोई विपक्ष के नेता का पद पाने के लिए जरुरी 10 फीसदी सीट भी नहीं जीत सका।

